WAVES BANNER 2025
सूचना और प्रसारण मंत्रालय

मुकेश अंबानी ने विश्व दृश्य-श्रव्य मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स 2025) में भारत के नेतृत्व में वैश्विक मनोरंजन क्रांति को लेकर अपना दृष्टिकोण साझा किया


विश्व दृश्य-श्रव्य मनोरंजन शिखर सम्मेलन विश्व को उभरते नए भारत की ओर से आशा का संदेश देगा : मुकेश अंबानी

मीडिया और मनोरंजन सिर्फ भारत की सॉफ्ट पावर नहीं है ब्लकि वास्तविक ताकत है : अंबानी

 Posted On: 01 MAY 2025 8:32PM |   Location: PIB Delhi

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक श्री मुकेश अंबानी ने आज मुंबई में शुरू हुए अग्रणी वैश्विक मीडिया और मनोरंजन शिखर सम्मेलन वेव्स 2025 में अपने भाषण के दौरान कहा कि भारत सिर्फ एक राष्ट्र नहीं है, यह कहानियों की सभ्यता है, जहां कहानी सुनाना जीवन का हिस्सा है।

प्रसिद्ध अमेरिकी लेखक मार्क ट्वेन को उद्धृत करते हुए श्री अंबानी ने भारत के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि भारत मानव जाति की उत्पत्ति, मानव भाषा की जन्मभूमि, इतिहास की जननी, पौराणिक कथाओं (दंतकथा) की दादी और परंपराओं की परदादी है। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कि कहानी सुनाना भारतीय जीवन के ताने-बाने में गहराई से समाया हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारे कालातीत महाकाव्यों से लेकर पौराणिक कथाओं तक कहानी सुनाना हमारी विरासत रही है। उन्होंने कहा कि कंटेंट ही किंग है और अच्छी कहानियां हमेशा बिकती हैं। यह शाश्वत सिद्धांत वैश्विक मनोरंजन की नींव है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/muTOKX.jpg

इस अवसर पर अंबानी ने ‘भारत से अगली वैश्विक मनोरंजन क्रांति का निर्माण’ विषय पर उत्साहपूर्ण और दूरदर्शी भाषण दिया। अंबानी ने एक ऐसे भविष्य की कल्पना की, जहां भारत विश्व के मनोरंजन उद्योग का केंद्र बन जाएगा। उन्होंने इस परिवर्तन की प्रेरणा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की साहसिक दूरदृष्टि को श्रेय दिया और वेव्स शिखर सम्मेलन को इस दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। अंबानी ने वैश्विक संस्कृति और रचनात्मकता में देश के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित करते हुए कहा कि लोग कहते हैं कि मीडिया और मनोरंजन भारत की सॉफ्ट पावर है जबकि मैं इसे देश की वास्तविक शक्ति समझता हूं।

उन्होंने रचनात्मक परिदृश्य को नया आकार देने वाले दो महत्वपूर्ण बदलावों भू-अर्थशास्त्र और प्रौद्योगिकी की पहचान की। जैसे-जैसे वैश्विक दक्षिण की आर्थिक शक्ति, जिसमें विश्व की 85% जनसंख्या निवास करती है, बढ़ती जा रही है, वैसे-वैसे विषय-वस्तु निर्माण और उपभोग में इसकी भूमिका भी बढ़ती जा रही है। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियां मनोरंजन मूल्य श्रृंखला के हर चरण में, सामग्री निर्माण से लेकर वितरण तक, क्रांतिकारी बदलाव ला रही हैं। एआई कल्पना और कार्यान्वयन के बीच की सीमाओं को खत्म कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज मनोरंजन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जो कर रही है, वह एक सदी पहले मूक कैमरे द्वारा सिनेमा के लिए किए गए कार्य से लाख गुना अधिक परिवर्तनकारी है।
भारत की अद्वितीय शक्तियों पर प्रकाश डालते हुए अंबानी ने कहा कि देश मनोरंजन क्रांति का नेतृत्व करने के लिए तैयार है, जिसे तीन स्तंभों सम्मोहक विषय-वस्तु, गतिशील जनसांख्यिकी और तकनीकी नेतृत्व से बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत की डिजिटल क्रांति आकांक्षा, महत्वाकांक्षा और परिवर्तन की कहानी है।

अपने भाषण का समापन करते हुए अंबानी ने आशावाद का संदेश दिया और कहा कि एक ध्रुवीकृत और अनिश्चित दुनिया में लोग खुशी, जुड़ाव और प्रेरणा चाहते हैं। भारत मनोरंजन की इस वैश्विक प्रबल आकांक्षा को पूरा करेगा। आइए विश्व दृश्य-श्रव्य मनोरंजन शिखर सम्मेलन को विश्व के लिए उभरते नए भारत की ओर से आशा का संदेश बनने दें।

****

एमजी/केसी/आरकेजे


Release ID: (Release ID: 2126020)   |   Visitor Counter: 134