सूचना और प्रसारण मंत्रालय
"विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए, एक नई कहानी की पटकथा तैयार करना": वेव्स 2025 मीडिया एवं मनोरंजन में साहस, समानता और दृढ़ता का जश्न मना रहा है
पूर्व जर्मन फुटबॉल खिलाड़ीऔर विश्व चैंपियन, एरियन हिंगस्ट ने वेव्स 2025 में खेलों में समान अवसरों की वकालत की
बियांका बाल्टी ने वेव्स 2025 में असमानता को चुनौती देने और निष्पक्ष प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने में सोशल मीडिया की शक्ति पर प्रकाश डाला
रोना-ली शिमोन ने वेव्स 2025 में महिला आवाज़ों को मजबूत करने और सिनेमा की रूढ़ियों को तोड़ने में मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला
Posted On:
01 MAY 2025 8:45PM
|
Location:
PIB Delhi
आज वेव्स 2025 वैश्विक शिखर सम्मेलन में "विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए, एक नई कहानी की पटकथा तैयार करना" विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की गयी, जिसमें तीन प्रेरक वक्ता शामिल हुईं - प्रसिद्ध इज़राइली अभिनेत्री, रोना-ली शिमोन, जो फ़ौदा जैसे एक्शन से भरपूर नाटकों में अपनी दमदार भूमिकाओं के लिए प्रसिद्ध हैं; विश्व स्तर पर प्रसिद्ध इतालवी मॉडल, बियांका बाल्टी, जिन्होंने कैंसर से संघर्ष किया है (सर्वाइवर); और पूर्व जर्मन फुटबॉल खिलाड़ी और विश्व चैंपियन एरियन हिंगस्ट। इन प्रसिद्ध महिलाओं ने अपने क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल करते हुए व्यक्तिगत या पेशेवर चुनौतियों को पार किया है।

इन चुनौतियों से पीछे हटने के बजाय, उक्त वक्ताओं ने उन्हें आगे बढ़ने और एक नया रास्ता बनाने के अवसर के रूप में इस्तेमाल किया। वेव्स 2025 उन लोगों का जश्न मनाने के बारे में है, जो कठिन अनुभवों को ताकत में बदलते हैं और जिनकी यात्रा दूसरों को प्रेरित करती है। यह एक ऐसा मंच है जो साहस, परिवर्तन और नेतृत्व का सम्मान करता है, खासकर उन लोगों का, जो सामाजिक बाधाओं को पार करते हैं या कठिन परिस्थितियों से ऊपर उठते हैं।
कार्यक्रम के दौरान, एरियन हिंगस्ट ने पुरुष-प्रधान खेल में एक पेशेवर फुटबॉलर के रूप में अपनी यात्रा से जुड़ी बातें साझा की। उन्होंने विश्व चैंपियन बनने के लिए लैंगिक पूर्वाग्रह पर काबू पाने के बारे में बात की और बताया कि कैसे वे अब खेलों में निष्पक्षता और समानता को बढ़ावा देने के लिए अपनी आवाज़ का उपयोग करती हैं। उन्होंने पुरुषों की तुलना में महिला फुटबॉल के लिए मीडिया कवरेज और उचित प्लेटफार्मों की कमी पर प्रकाश डाला और महिला एथलीटों के लिए समान अवसरों और पहचान की आवश्यकता पर जोर दिया।

पैनल चर्चा के हिस्से के रूप में, विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त मॉडल और कैंसर से संघर्ष करने वाली (सर्वाइवर) बियांका बाल्टी ने दृढ़ता और ठीक होने के बाद काम पर वापस लौटने की अपनी शक्तिशाली कहानी साझा की। उन्होंने मॉडलिंग उद्योग में वेतन में लैंगिक अंतर के बारे में बात की और बताया कि महिला मॉडलों को अक्सर उनके पुरुष समकक्षों की तुलना में कम भुगतान किया जाता है और पुरुष अभी भी मीडिया में अधिक प्रभावशाली हैं। बियांका ने इस बात पर जोर दिया कि मीडिया विशेष रूप से सोशल मीडिया की असली ताकत बदलाव लाने की इसकी क्षमता में निहित है। सोशल मीडिया, खासकर महिलाओं के लिए, अनसुनी आवाज़ों को उठाने, असमानता को चुनौती देने और निष्पक्ष प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है।

कार्यक्रम के दौरान, रोना-ली शिमोन ने इस बात पर प्रकाश डाला कि वेव्स कहानीकारों को आख्यान बदलने और लोगों को एक साथ लाने के लिए एक मंच प्रदान करता है। उन्होंने सिनेमा में नए अवसर पैदा करने के लिए महिलाओं के एकजुट होने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं को बहादुर बनने, एक-दूसरे का समर्थन करने और बदलाव के लिए खड़े होने से न डरने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया महिलाओं को अपनी आवाज और कहानियां साझा करने की शक्ति देकर इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्क्रीन पर अपनी मजबूत और गतिशील भूमिकाओं के लिए जानी जाने वाली रोना-ली मनोरंजन उद्योग में रूढ़ियों को निरंतर तोड़ रही हैं। उन्होंने साबित किया है कि ताकत, कार्य और उत्कृष्टता को लैंगिक दृष्टि से परिभाषित नहीं किया जा सकता।

प्रत्येक वक्ता ने व्यक्तिगत या पेशेवर बाधाओं का सामना किया है और उनके द्वारा परिभाषित होने के बजाय, उन्होंने उन क्षणों का उपयोग अपनी कहानी को फिर से लिखने के लिए किया है। वेव्स 2025 का मतलब भी यही है: ऐसे व्यक्तियों का जश्न मनाना, जो न केवल चुनौतियों को पार कर रहे हैं, बल्कि उन्हें बदलाव और प्रेरणा के मंच के रूप में बदल रहे हैं।
****
एमजी/केसी/जेके
Release ID:
(Release ID: 2126003)
| Visitor Counter:
58