सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav g20-india-2023

भारत में एनीमे एवं मंगा संस्कृति और क्रिएटर इकोनॉमी को व्‍यापक प्रोत्साहन


सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और मीडिया एंड एंटरटेनमेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने ‘वेव्स एनीमे और मंगा प्रतियोगिता’ शुरू की

प्रतियोगिताएं विद्यार्थि‍यों एवं प्रोफेशनलों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देंगी और भारतीय प्रतिभाओं को वैश्विक मंच पर आगे बढ़ाएंगी: श्री संजय जाजू, सचिव, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय

Posted On: 24 SEP 2024 5:36PM by PIB Delhi

भारत में एनीमे और मंगा संस्कृति को बढ़ावा देने की ऐतिहासिक पहल करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मीडिया एंड एंटरटेनमेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एमईएआई) के सहयोग से आधिकारिक तौर पर वेव्स एनीमे और मंगा प्रतियोगिता (डब्ल्यूएएम!) लॉन्च की है। यह अभिनव प्रतियोगिता दरअसल क्रिएट इन इंडिया चैलेंजका हिस्सा है जिसका उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देना और भारतीय दर्शकों के बीच जापानी मंगा एवं एनीमे में बढ़ती रुचि का लाभ उठाना है।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, रेलवे और इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने 22 अगस्त, 2024 को नई दिल्ली में क्रिएट इन इंडिया चैलेंज- सीजन वन का अनावरण किया। यह चैलेंज आगामी वेव्‍स शिखर सम्मेलन के लिए एक अग्रदूत के रूप में है, जो 78वें स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन के दौरान व्यक्त किए गए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘भारत में डिजाइन, दुनिया के लिए डिजाइनके दृष्टिकोण के अनुरूप है।

डब्ल्यूएएम के बारे में!

डब्ल्यूएएम! भारतीय रचनाकारों (क्रिएटरों) को लोकप्रिय जापानी कला शैलियों के ऐसे स्थानीय संस्करण तैयार करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करती है जो घरेलू और विदेशी दोनों ही दर्शकों की जरूरतों को पूरा करे। वैश्विक स्‍तर पर अपनी विशिष्‍ट पहचान बनाने के लिए पर्याप्त विपणन सहायता और अवसर प्रदान करते हुए इस प्रतियोगिता का उद्देश्य मंगा और एनीमे में रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए एक मजबूत प्‍लेटफॉर्म स्थापित करना है।  

डब्ल्यूएएम ! में तीन श्रेणियां हैं जिनमें से प्रत्येक श्रेणी रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए एक अनूठा प्‍लेटफॉर्म सुलभ कराती है:

  1. भागीदारी खंड
    1. मंगा (जापानी शैली की कॉमिक्स) - छात्र और प्रोफेशनल श्रेणी के लिए व्यक्तिगत भागीदारी
    2. वेबटून (डिजिटल माध्यमों के लिए वर्टिकल कॉमिक्स) - छात्र और प्रोफेशनल श्रेणी के लिए व्यक्तिगत भागीदारी
    3. एनीमे (जापानी शैली का एनीमेशन) - छात्र और प्रोफेशनल श्रेणी के लिए टीम (4 लोगों तक की) भागीदारी
  2. प्रारूप और वितरण - स्क्रिप्ट मौके पर ही उपलब्ध कराई गई। प्रतिभागियों को निम्नलिखित तैयार करना होगा:
    1. मंगा (छात्र, व्यक्तिगत) - 2 पेज मंगा जिसमें कम से कम 4 पैनल हों, स्याही और रंग (भौतिक / डिजिटल)
    2. मंगा (प्रोफेशनल, व्यक्तिगत) - 2 पेज मंगा जिसमें कम से कम 4 पैनल हों, स्याही और रंग (भौतिक/डिजिटल)
    3. वेबटून (छात्र, व्यक्तिगत): स्याही और रंग वाले 7 पैनल
    4. वेबटून (प्रोफेशनल, व्यक्तिगत): स्याही और रंग वाले 10 पैनल
    5. एनीमे (छात्र, टीम) – दी गई स्क्रिप्ट के अनुसार 10 सेकंड का एनीमे
    6. एनीमे (प्रोफेशनल, टीम) – दी गई स्क्रिप्ट के अनुसार 15 सेकंड का एनीमे

प्रतियोगिता की संरचना और कार्यक्रम

प्रतिभागी व्यक्तिगत रूप से या टीमों (4 लोगों तक) के रूप में प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं, जिसमें छात्रों और प्रोफेशनलों के लिए अलग-अलग श्रेणियां हैं। यह कार्यक्रम दो स्तरों पर आयोजित किया जाएगा: ग्यारह शहरों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं और राष्ट्रीय स्तर पर फि‍नाले।

प्रत्येक राज्य स्तरीय कार्यक्रम सुबह 9:00 बजे पंजीकरण के साथ शुरू होता है, उसके बाद सुबह 9:30 बजे स्वागत और ब्रीफिंग सत्र होता है। प्रतियोगिता सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक चलती है, जिसमें एक व्यस्त एक्सपो और जॉब फेयर शामिल है जो प्रतिभागियों को उद्योग अवसरों से जोड़ता है। दिन का समापन शाम 6:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक रैप-अप और उत्सव के साथ होता है जिसमें कॉस्प्ले प्रतियोगिताएं, संगीत आयोजन, वॉयस एक्टिंग सत्र और रोमांचक उपहार जैसी गतिविधियां शामिल होती हैं।

डब्ल्यूएएम! के लिए मुख्य तिथियां और स्थान

डब्ल्यूएएम! बेंगलुरू: 27 अक्टूबर 2024

डब्ल्यूएएम! चेन्नई: 10 नवंबर, 2024

डब्ल्यूएएम! कोहिमा: 22 नवंबर, 2024

डब्ल्यूएएम! कोलकाता: 24 नवंबर, 2024

डब्ल्यूएएम! भुवनेश्वर: 26 नवंबर, 2024

डब्ल्यूएएम! वाराणसी: 28 नवंबर, 2024

डब्ल्यूएएम! दिल्ली: 30 नवंबर, 2024

डब्ल्यूएएम! मुंबई: 15 दिसंबर, 2024

डब्ल्यूएएम! अहमदाबाद: 17 दिसंबर, 2024

डब्ल्यूएएम! नागपुर: 19 दिसंबर, 2024

डब्ल्यूएएम! हैदराबाद: 21 दिसंबर, 2024

 

 

डब्ल्यूएएम! फि‍नाले 5 से 9 फरवरी, 2025 तक दिल्ली स्थित भारत मंडपम में वेव्‍स शिखर सम्मेलन के तहत होगा। विजेताओं को सूचना और प्रसारण मंत्रालय की ओर से एनीमे जापान और इसी तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए समस्‍त खर्चों का भुगतान की जाने वाली यात्रा करने का अवसर मिलेगा।

वेबटून, एनीमे और मंगा

भारत के साथ-साथ पूरी दुनिया में वेबटून, एनीमे और मंगा की अपार संभावनाओं के बारे में बात करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री संजय जाजू ने कहा, ‘कहानी कहने की अपनी समृद्ध कला, रचनात्मक शैलियों और जीवंत कलात्मकता के साथ डब्ल्यूएएम! में भारतीय प्रतिभाओं को वैश्विक फोरम पर आगे बढ़ाने, नई पीढ़ी को साहसपूर्वक सपने देखने और रचनात्मकता के वैश्विक ताने-बाने से गहराई से जुड़ने की प्रेरणा देने की अपार क्षमता है। इस तरह की रचनात्मक रूप से बुनी गई कहानियों के लिए भारतीय उपभोक्ताओं के बीच भारी मांग को पूरा करने की भी संभावना निहित है जो हमारे रचनात्मक परिदृश्य को बेहतर बनाती है।’ 10 राज्यों में डब्ल्यूएएम! प्रतियोगिता के बारे में बात करते हुए श्री जाजू ने कहा, ‘इससे छात्रों और प्रोफेशनलों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए सटीक मंच प्रदान करके हम उत्कृष्टता को प्रेरित कर सकते हैं और उद्योग के भीतर उभरती प्रतिभाओं की पहचान प्रभावकारी ढंग से कर सकते हैं।’

मीडिया एंड एंटरटेनमेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एमईएआई) के सचिव श्री अंकुर भसीन ने कहा, ‘डब्ल्यूएएम! का शुभारंभ भारत में एनीमे और मंगा की जीवंत संस्कृति को सामने लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रतिभाशाली क्रिएटरों को अपनी-अपनी कृतियों को प्रदर्शित करने और वैश्विक दर्शकों तक पहुंचने के लिए एक मंच प्रदान करके हम न केवल रचनात्मकता को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि 'क्रिएट इन इंडिया' दृष्टिकोण को भी मजबूत कर रहे हैं। यह पहल स्थानीय प्रतिभाओें को बढ़ावा देने और देश में एवीजीसी-एक्सआर और मीडिया सेक्‍टरों के लिए एक उत्‍कृष्‍ट इकोसिस्‍टम का निर्माण करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’

***

एमजी/एआर/वीएस



(Release ID: 2058378) Visitor Counter : 90