पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय

श्री सुरेश गोपी ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला

Posted On: 11 JUN 2024 5:16PM by PIB Delhi

केरल के त्रिशूर से सांसद श्री सुरेश गोपी ने आधिकारिक तौर पर पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। श्री गोपी विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावशाली व्यक्ति रहे हैं। वे अपने पूर्ववर्ती श्री रामेश्वर तेली के बाद इस पद पर आसीन हुए हैं।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी ने श्री गोपी का हार्दिक स्वागत किया।

26 जून, 1958 को केरल के अलाप्पुझा में जन्मे श्री गोपी का मनोरंजन उद्योग और सार्वजनिक सेवा दोनों में एक विशिष्ट करियर रहा है। उन्होंने कोल्लम के फातिमा माता नेशनल कॉलेज से जूलॉजी में बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री और अंग्रेजी साहित्य में मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल की है। उनकी व्यापक पृष्ठभूमि में 2016 से 2022 तक राज्यसभा के मनोनीत सदस्य के रूप में कार्य करना शामिल है, जहां उन्हें पर्यावरण के मुद्दों और सामाजिक न्याय पर उनकी वकालत के लिए जाना गया।

राजनीति में गोपी का प्रवेश परोपकार और सामाजिक कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से प्रेरित था। 2024 के भारतीय आम चुनावों में, उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का प्रतिनिधित्व करते हुए त्रिशूर के लिए संसद सदस्य के रूप में चुना गया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री के रूप में उनकी नियुक्ति इस महत्वपूर्ण क्षेत्र की देखरेख करने की उनकी क्षमताओं में सरकार के भरोसे को दर्शाती है।

श्री सुरेश गोपी अपने विविध अनुभवों और सार्वजनिक सेवा के प्रति जुनून को पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में समर्पित करने के लिए तैयार हैं, जिसका लक्ष्य इस क्षेत्र में नवाचार और दक्षता को बढ़ावा देना है।

***

एमजी/एआर/एसकेएस/एसके



(Release ID: 2024304) Visitor Counter : 99