सूचना और प्रसारण मंत्रालय 
                
                
                
                
                
                    
                    
                        प्रसार भारती स्वतंत्रता दिवस 2023 के लाइव कवरेज  के लिए पूरी तरह तैयार 
                    
                    
                        
समारोह को हर कोने से कवर करने के लिए कुल 40 में से 5 रोबोटिक कैमरे और 360-डिग्री के 2 कैमरे लगाए जाएंगे 
15 अगस्त को सुबह 6:15 बजे से सीधा प्रसारण शुरू होगा
                    
                
                
                    Posted On:
                14 AUG 2023 3:39PM by PIB Delhi
                
                
                
                
                
                
                77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर, प्रसार भारती ने लाल किले से समारोह का सीधा प्रसारण करने के लिए व्यापक व्यवस्था की है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 15 अगस्त, 2023 को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले से 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाए जाने में देश का नेतृत्व करेंगे। वे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और ऐतिहासिक स्मारक की प्राचीर से राष्ट्र को परंपरानुसार संबोधित करेंगे।
इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस पर 'आजादी का अमृत महोत्सव' समारोह का समापन होगा, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री ने 12 मार्च, 2021 को अहमदाबाद, गुजरात स्थित साबरमती आश्रम में किया था। इससे एक बार फिर देश नए उत्साह के साथ 'अमृत काल' में प्रवेश करेगा ताकि देश 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के श्री नरेन्द्र मोदी के सपने को साकार कर सके। 77वें स्वतंत्रता दिवस को मनाने के क्रम में कई नई पहलें की गई हैं। पिछले साल की तुलना में इस वर्ष बड़ी संख्या में मेहमानों को आमंत्रित किया गया है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह का दूरदर्शन और आकाशवाणी पर सीधा प्रसारण 14 अगस्त, शाम 7 बजे स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के राष्ट्र के नाम संदेश के साथ शुरू होगा।
जब प्रधानमंत्री श्री मोदी 15 अगस्त को लाल किले पर तिरंगा फहराएंगे, तो स्वतंत्रता दिवस समारोह के इस ऐतिहासिक क्षण के समृद्ध और व्यापक परिप्रेक्ष्य के लिए, दूरदर्शन द्वारा 40 से अधिक कैमरों के साथ सीधा प्रसारण किया जाएगा।
दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाला अनुभव देने के लिए, दूरदर्शन द्वारा 41 कैमरे लगाए गए हैं। इनमें से 36 को लाल किले पर और 5 को राजघाट पर लगाया गया है। इनमें मानव रहित 5 रोबोटिक कैमरे शामिल हैं। इस सेटअप में 360-डिग्री व्यू के 2 कैमरे भी लगाए गए हैं। कार्यक्रम को डायनामिक कैमरा एंगल देने के लिए जिमी जिब्स पर 4 और सिज़र क्रेन पर 1 कैमरा लगाया गया है।
15 अगस्त को प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण करने के लिए एक मजबूत और अनुभवी टीम तैनात की गई है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुबह 6:15 बजे शुरू होगा। तैनात की गई कैमरा टीम में दो महिला कैमरापर्सन शामिल हैं। सीधा प्रसारण दूरदर्शन के सभी नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। इसके साथ ही दूरदर्शन समाचार पर सांकेतिक भाषा अनुवाद के प्रसारण की भी सुविधा होगी। यूट्यूब पर इस समारोह का लाइव स्ट्रीम भी किया जाएगा।
आकाशवाणी के राष्ट्रीय चैनल पूरे समारोह का अंग्रेजी और हिंदी में आंखों देखा हाल बताएंगे। आकाशवाणी से पूरे दिन विभिन्न देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों प्रसारण किया जाएगा।
विभिन्न राज्यों में दूरदर्शन और आकाशवाणी के क्षेत्रीय स्टेशन अपने-अपने राज्यों के स्थानीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का प्रसारण करेंगे।
***
एमजी/एमएस/आरपी/जेके/एचबी/डीके 
                
                
                
                
                
                (Release ID: 1948613)
                Visitor Counter : 956