प्रधानमंत्री कार्यालय
azadi ka amrit mahotsav

जी20 विकास मंत्रियों की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री के वीडियो संदेश का मूल पाठ

प्रविष्टि तिथि: 12 JUN 2023 10:03AM by PIB Delhi

महानुभावों, देवियों और सज्जनों,

मैं लोकतंत्र की जननी के सबसे पुराने जीवित शहर में आप सभी का हार्दिक स्वागत करता हूं। यह जी20 विकास मंत्रियों की बैठक के लिए उपयुक्त स्थान है। काशी सदियों से ज्ञान, चर्चा, बहस, संस्कृति और आध्यात्मिकता का केंद्र रही है। इसमें भारत की विविध विरासत का सार है और यह शहर देश के सभी हिस्सों के लोगों के लिए एक संगम स्थल के रूप में कार्य करता है। मुझे खुशी है कि जी-20 का विकास एजेंडा काशी तक भी पहुंच गया है।

महानुभावों,

ग्लोबल साउथ के लिए विकास एक प्रमुख मुद्दा है। वैश्विक दक्षिण के देश, कोविड महामारी से पैदा हुए व्यवधानों से गंभीर रूप से प्रभावित हुए थे और भू-राजनीतिक तनाव के कारण खाद्यान्न, ईंधन तथा उर्वरक संकट ने इसे और गंभीर बना दिया। ऐसी परिस्थितियों में, आपके द्वारा लिए गए निर्णय समग्र मानवता के लिए बहुत महत्व रखते हैं। मेरा दृढ़ विश्वास है कि यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि सतत विकास लक्ष्य पीछे न छूट जाएँ। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पीछे न छूट जाए। इस समूह के लिए दुनिया को यह मजबूत संदेश देना जरूरी है कि हमारे पास इसे हासिल करने के लिए एक कार्य योजना है।

महानुभावों,

हमारे प्रयास व्यापक, समावेशी, निष्पक्ष और स्थायी होने चाहिए। हमें एसडीजी को पूरा करने के लिए निवेश बढ़ाने चाहिए और कई देशों के सामने आने वाले ऋण जोखिमों को हल करने के लिए समाधान ढूंढने चाहिए। बहुपक्षीय वित्तीय संस्थानों में पात्रता मानदंडों का विस्तार करने के लिए सुधार किया जाना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों के लिए वित्त की आसान उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। भारत में, हमने सौ से अधिक आकांक्षी जिलों में लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के प्रयास किए हैं, जो पहले अल्प-विकसित क्षेत्र थे। हमारा अनुभव बताता है कि वे अब देश में विकास के उत्प्रेरक बनकर उभरे हैं। मैं जी20 विकास मंत्रियों से आग्रह करता हूं कि वे विकास के इस मॉडल का अध्ययन करें। यह प्रासंगिक हो सकता है क्योंकि आप एजेंडा 2030 में तेजी लाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

महानुभावों,

आपके सामने एक महत्वपूर्ण मुद्दा, डेटा के सन्दर्भ में बढ़ता अंतर है। सार्थक नीति-निर्माण, कुशल संसाधन आवंटन और प्रभावी सार्वजनिक सेवा अदायगी के लिए उच्च गुणवत्ता युक्त डेटा महत्वपूर्ण है। डेटा अंतर को पाटने में सहायता करने के लिए प्रौद्योगिकी का लोकतंत्रीकरण एक महत्वपूर्ण उपकरण है। भारत में डिजिटलीकरण ने क्रांतिकारी परिवर्तन ला दिया है। प्रौद्योगिकी का उपयोग; लोगों को सशक्त बनाने, डेटा को सुलभ बनाने और समावेश सुनिश्चित करने के लिए एक उपकरण के रूप में किया जा रहा है। भारत अपने अनुभव को भागीदार देशों के साथ साझा करने का इच्छुक है। मुझे आशा है कि आपकी चर्चा के फलस्वरूप विकासशील देशों में प्रक्रिया के लिए डेटा, विकास के लिए डेटा और सार्वजनिक सेवा अदायगी के लिए डेटा को बढ़ावा देने के प्रति वास्तविक कार्रवाई होगी।

महानुभावों,

भारत में हम नदियों, पेड़ों, पहाड़ों और प्रकृति के सभी तत्वों के प्रति बहुत सम्मान रखते हैं। पारंपरिक भारतीय विचार, पृथ्वी-अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। पिछले साल, संयुक्त राष्ट्र महासचिव के साथ, मैंने मिशन लाइफ – जीवनशैली लॉन्च किया था। मुझे खुशी है कि यह समूह लाइफ पर उच्च-स्तरीय सिद्धांत विकसित करने के लिए काम कर रहा है। यह जलवायु कार्रवाई में एक महत्वपूर्ण योगदान सिद्ध होगा।

महानुभावों,

एसडीजी हासिल करने के लिए लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण महत्वपूर्ण हैं। भारत में हम महिला सशक्तिकरण तक ही सीमित नहीं हैं। हमारा विकास महिलाओं के नेतृत्व से जुड़ा है। महिलाएं विकास का एजेंडा तय कर रही हैं और विकास और परिवर्तन की प्रतिनिधि भी हैं। मैं आपसे महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के लिए एक परिवर्तनकारी कार्य योजना अपनाने का आग्रह करता हूं।

महानुभावों,

काशी की आत्मा भारत की शाश्वत परंपराओं से ऊर्जा प्राप्त करती है। मुझे आशा है कि आप अपना सारा समय बैठक-कक्ष में नहीं बिताएंगे! मैं आपको बाहर जाने, चीज़ों को जानने और काशी की भावना का अनुभव करने के लिए प्रोत्साहित करता हूं। और, मैं ऐसा सिर्फ इसलिए नहीं कह रहा हूं, क्योंकि काशी मेरा निर्वाचन क्षेत्र है! मुझे विश्वास है कि गंगा आरती का अनुभव और सारनाथ की यात्रा आपको वांछित परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी। मैं एजेंडा 2030 को बढ़ावा देने और ग्लोबल साउथ की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आप सभी को विचार-विमर्श में सफल होने की कामना करता हूं। धन्यवाद।

****

एमजी / एमएस / आरपी / जेके / डीए


(रिलीज़ आईडी: 1938798) आगंतुक पटल : 220
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Gujarati , English , Urdu , Marathi , Nepali , Assamese , Manipuri , Bengali , Punjabi , Odia , Tamil , Telugu , Kannada , Malayalam