वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

श्री पीयूष गोयल ने फ्रांस के विदेश व्यापार, आर्थिक और प्रवासी फ्रांसीसी नागरिक मंत्रालय के विशेष मंत्री श्री ओलीवियर बेख्त से मुलाकात की

Posted On: 12 APR 2023 8:45AM by PIB Delhi

वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण और वस्त्र मंत्री श्री पीयूष गोयल ने फ्रांस के विदेश व्यापार, आर्थिक और प्रवासी फ्रांसीसी नागरिक मंत्रालय के विशेष मंत्री श्री ओलीवियर बेख्त से कल मुलाकात की। श्री बेख्त इस समय भारत के दौरे पर आये हुये हैं।

दोनों मंत्रियों ने अपने-अपने यहां की अर्थव्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की। चर्चा के दौरान श्री बेख्त ने जानकारी दी कि यूरो ज़ोन में फ्रांस की सबसे कम 5.2 प्रतिशत महंगाई दर है, जो यूरोपीय संघ के अन्य देशों की औसत महंगाई दर से आधी है। इसके अलावा फ्रांस में बेरोजगारी दर सात प्रतिशत पर टिकी हुई है और 2022 में सकल घरेलू उत्पाद 2.6 प्रतिशत रहा है। उम्मीद की जाती है कि इस वर्ष इसमें 0.5 से एक प्रतिशत तक की वृद्धि होगी।

श्री गोयल ने बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था स्थिर है। भारत पहले दो अंकों की महंगाई दर का आदी रहा है, लेकिन अब यह दो अंकों से घटकर 6 से 6.5 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विकास, सकल घरेलू उत्पाद का 6.8 प्रतिशत रहा और नाममात्र दरों पर 13 प्रतिशत  की वृद्धि हुई है।

श्री गोयल ने बताया कि व्यापार में वृद्धि हो रही है और अभी बहुत कुछ किया जा सकता है। राफेल की खरीद और हाल में एयरबस के ऑर्डर के आधार पर इस साझेदारी का और मूल्यसंवर्धन हुआ है। श्री बेख्त ने उल्लेख किया कि द्विपक्षीय व्यापार 2021-22 में 15.1 अरब अमेरिकी डॉलर था, जो पिछले दशक में दोगुना हो गया है। इसी तरह फ्रांस से विदेशी प्रत्यक्ष निवेश 10 अरब अमेरिकी डॉलर रहा है। इस तरह फ्रांस, भारत में निवेश करने वाला सबसे बड़ा निवेशक देश है। उन्होंने कहा कि फ्रांसीसी कंपनियां भारत में निवेश करने के लिये बहुत इच्छुक हैं।

भारतीय कंपनियां फ्रांस में निवेश बढ़ा रही हैं और इस समय 300 मिलियन यूरो का निवेश किया गया है। श्री गोयल ने बताया कि भाषा की बाधाओं को तोड़कर व्यापार को और विस्तार दिया जा सकता है।

दोनों मंत्रियों ने भारत – ईयू एफटीए वार्ता से जुड़े प्राथमिक मुद्दों पर चर्चा की, जिसके तहत बाजार सुगमता से जुड़े मामलों पर विचार किया गया। श्री गोयल ने कहा कि भारत अगले 10 वर्षों के दौरान 2000 व्यापारिक हवाई जहाज खरीदना चाहता है। इस तरह स्वदेशी और अंतर्राष्ट्रीय मांग को पूरा करने के लिये भारत में व्यापारिक जहाज बनाने के अपार अवसर हैं।

दोनों मंत्रियों ने विश्व व्यापार संगठन में आपसी हितों के विषयों पर भी चर्चा की।

श्री बेख्त ने भारत में फ्रांसीसी कंपनियों के प्रत्यक्ष निवेश की बात की और कहा कि अवसंरचना, नवीकरणीय ऊर्जा और गतिशीलता में पारस्परिक अवसर हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि कोच्चि, नागपुर और अहमदाबाद में फ्रांस जन परियोजनाओं को समर्थन देता रहा है।

श्री गोयल ने अगस्त 2023 में जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक के दौरान श्री बेख्त को फ्रांसीसी समुदाय के साथ भारत आने का न्योता दिया।

 

*******

एमजी/एमएस/एकेपी


(Release ID: 1915788) Visitor Counter : 338