युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सीडब्ल्यूजी 2022 के चौथे दिन भारत ने एक रजत और दो कांस्य पदक जीते

प्रविष्टि तिथि: 02 AUG 2022 12:02PM by PIB Delhi

मुख्य बिंदु:

  • चौथे दिन सुशीला देवी लिकमाबाम, विजय कुमार यादव और हरजिंदर कौर पदक विजेता बनकर उभरे
  • राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने पदक विजेताओं को उनके इस असाधारण प्रदर्शन के लिए बधाई दी
  • एनएसएनआईएस पटियाला इस राष्ट्रमंडल खेलों में भी चैंपियनों का उद्गम स्थल साबित हुआ है: श्री अनुराग ठाकुर

भारत ने बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेल 2022 के चौथे दिन तीन पदक जीते। महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में जूडो खिलाड़ी सुशीला देवी लिकमाबाम ने रजत पदक, जूडो स्टार विजय कुमार यादव ने पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक और भारोत्तोलक हरजिंदर कौर ने महिलाओं के 71 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता। 3 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदक के साथ भारत की पदक तालिका 9 पर पहुंच गई है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी, केंद्रीय खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर और देश के कोने-कोने से भारतीयों ने इन खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए बहुत बधाई दी है।

अपने एक ट्वीट में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "आपके इस गजब के प्रदर्शन ने अनगिनत प्रशंसकों का दिल जीता है और लाखों लड़कियों को प्रेरित किया है। भारत को आप पर गर्व है।"

राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, 'हरजिंदर कौर को राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन में कांस्य पदक जीतने के लिए बधाई। उन्होंने इस पोडियम तक पहुंचने के लिए अपने जीवन में कई बाधाओं को पार किया है। उनकी कहानी सबको बहुत प्रेरणा देने वाली है। कामना है कि आने वाले वर्षों में आप और अधिक गौरव प्राप्त करें।"

एक अन्य ट्वीट में राष्ट्रपति ने कहा, "विजय कुमार यादव द्वारा अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में प्रेरित करने वाला प्रदर्शन। पुरुषों के 60 किग्रा जूडो में कांस्य पदक जीतने पर आपको बधाई। शुरुआती राउंड्स में आपके दबदबे ने आपकी क्षमताओं का प्रदर्शन किया जिससे आपको पदक मिला। मैं कामना करती हूं कि भविष्य में आपको और कामयाबी मिले।"

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने सुशीला देवी लिकमाबाम, विजय कुमार यादव और हरजिंदर कौर को बधाई दी। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा: "सुशीला देवी लिकमाबाम के शानदार प्रदर्शन से बेहद उत्साहित हूं। रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई। उन्होंने उल्लेखनीय कौशल और दृढ़ता का प्रदर्शन किया है। उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं।"

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, "विजय कुमार यादव ने राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो में कांस्य पदक जीता है और देश को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता भारत में खेलों के भविष्य के लिए शुभ संकेत है। वे आने वाले समय में सफलता की नई ऊंचाइयों को छूते रहें।"

एक अन्य ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा, "हमारे भारोत्तोलन दल ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है। इसे जारी रखते हुए हरजिंदर कौर ने कांस्य पदक जीता। इस विशेष उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई। उन्हें उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।"

खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भी सुशीला देवी लिकमाबाम, विजय कुमार यादव और हरजिंदर कौर को पदक जीतने पर बधाई दी।

श्री ठाकुर ने ट्वीट किया, “सीडब्ल्यूजी में पहली बार पदक जीतने पर हरजिंदर कौर को बधाई! पंजाब के एक गांव से, अंतरराष्ट्रीय पोडियम पर कांस्य पदक जीतने का आपका सफर कई युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगा। एक अन्य ट्वीट में श्री ठाकुर ने कहा, "ये खुशी की बात है कि एनएसएनआईएस पटियाला जहां आप प्रशिक्षण लेते हैं, वो इन राष्ट्रमंडल खेलों में भी चैंपियनों का उद्गम स्थल साबित हुआ है। आपका 'खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स' में जीता सिल्वर शायद बड़ी जीत की ओर पहला कदम था। मैं भविष्य में आपकी और भी कई सफलताओं की कामना करता हूं!"

श्री ठाकुर ने ट्वीट किया, "मुझे ये जानकर खुशी हो रही है कि हमने राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो में अच्छा प्रदर्शन किया है। जहां सुशीला देवी ने रजत पदक जीता है, वहीं विजय कुमार यादव ने कांस्य पदक के साथ तालिका को बढ़ाया है। साइप्रस के. पेट्रोस सी. पर 10-0 की जीत के साथ राष्ट्रमंडल खेलों में ये विजय का पहला पदक है। मैं उन दोनों को बधाई देता हूं!!"

 

सुशीला देवी लिकमाबाम की उपलब्धियां जानने के लिए यहां क्लिक करें

विजय कुमार यादव की उपलब्धियां जानने के लिए यहां क्लिक करें

हरजिंदर कौर की उपलब्धियां जानने के लिए यहां क्लिक करें

 

******

एमजी/एएम/जीबी/वाईबी


(रिलीज़ आईडी: 1847344) आगंतुक पटल : 417
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Bengali , English , Urdu , Marathi , Manipuri , Punjabi , Tamil , Telugu