युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के समापन पर विशेष पत्र भेजा


खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 ने एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत किया: श्री नरेन्द्र मोदी

खेलो इंडिया यूथ गेम्स से खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी उभर रही है: श्री अनुराग ठाकुर

मेजबान हरियाणा कुल 137 पदक (52 स्वर्ण) के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर, उसके बाद महाराष्ट्र (125 पदक - 45 स्वर्ण) और कर्नाटक (67 पदक - 22 स्वर्ण)

Posted On: 13 JUN 2022 8:36PM by PIB Delhi

हरियाणा के इंद्रधनुष स्टेडियम में सोमवार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 का सफल समापन हुआ। मेजबान हरियाणा कुल 137 पदक (52 स्वर्ण) के साथ पदक तालिका में सबसे ऊपर रहा, जबकि उसके बाद महाराष्ट्र (125 पदक - 45 स्वर्ण) और कर्नाटक (67 पदक - 22 स्वर्ण) ने अपना स्थान बनाया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001JD19.jpg

समापन समारोह के अवसर पर हरियाणा के माननीय राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर, युवा कार्य एवं खेल राज्यमंत्री श्री निसिथ प्रमाणिक और हरियाणा के खेल मंत्री सहित राज्य के अन्य प्रमुख गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने एक विशेष संदेश भेजा, जिसमें उन्होंने कहा: “वर्षों से, देश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने विभिन्न प्लेटफार्मों पर विभिन्न खेलों में अपने प्रदर्शन से खुद को, अपने परिवार और पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इन सभी खिलाड़ियों की प्रतिभा और प्रदर्शन विश्व मंच पर 21वीं सदी के भारत की लगातार बढ़ती क्षमता का प्रतिबिंब है।"

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा, “आज देश के युवा खिलाड़ियों की आशाएं और आकांक्षाएं निर्णयों और नीतियों का आधार बन रही हैं। नई शिक्षा नीति में खेलों को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं के निर्माण पर जोर दिया गया है। आधुनिक तकनीक का तालमेल आज भारत में एक समृद्ध खेल संस्कृति का निर्माण कर रहा है। सरकार खेल के क्षेत्र में प्रतिभाओं की पहचान, चयन और प्रशिक्षण से लेकर खिलाड़ियों की खेल संबंधी जरूरतों तक देश के प्रतिभाशाली युवाओं के साथ हर कदम पर साथ है। देश के कोने-कोने से युवा खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया के इस संस्करण में भाग लिया और एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत किया। हमारी कामना है कि हमारे युवा खेल के मैदान में अपने हौसले को उड़ान देते हुए देश के मान-सम्मान को बढ़ाते रहें।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002I5MY.jpg

इस अवसर पर केन्द्रीय खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने भी भाग लेने वाले सभी लोगों को बधाई दी। श्री ठाकुर ने कहा, "12 नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बने हैं और मैं सभी एथलीटों को अपनी ओर से हार्दिक बधाई देता हूं।" “खेलो इंडिया यूथ गेम्स के सभी आयोजनों में मुकाबला हमेशा हरियाणा और महाराष्ट्र के बीच रहा है और इस बार भी यह अलग नहीं था। मैं हरियाणा को फिर से शीर्ष सम्मान लेने के लिए बधाई देता हूं। हरियाणा ने भारत के खेल महाशक्ति राज्य के रूप में अपना दबदबा कायम रखा है।

श्री ठाकुर ने कहा कि कबड्डी के मुकाबले में स्काउट्स की उपस्थिति यूथ गेम्स में स्वागत-योग्य है। श्री ठाकुर ने कहा, “ये स्काउट्स हर एक मैच में संभावित छिपे हुए रत्नों को बाहर निकालने और उन्हें उचित अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन देने के लिए मौजूद थे। इस गेम से कबड्डी खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी उभरेगी।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image003H8RX.jpg

केंद्रीय मंत्री ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की कुछ प्रेरणादायक घटनाओं और कहानियों के बारे में भी चर्चा की, जैसे कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के 17 भारोत्तोलकों को आगामी एशियाई युवा और जूनियर चैम्पियनशिप 2022 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है, जो ताशकंद में 15 से 26 जुलाई तक आयोजित होने वाली है। कर्नाटक के तैराक अनीश गौड़ा कुल 6 स्वर्ण पदक के साथ गेम्स में सर्वोच्च पदक विजेता रहे। महाराष्ट्र की जोड़ी अपेक्षा फर्नांडीस (तैराकी) और संयुक्ता क्ले (रिदमिक जिम्नास्टिक) ने 5-5 स्वर्ण पदक जीते।

कुछ महीनों के समय में खेलो इंडिया की घटनाओं को फिर से देखने की उम्मीद करते हुए, श्री ठाकुर ने कहा, “हम वास्तव में चाहते हैं कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स और यूनिवर्सिटी गेम्स नवंबर और मार्च के बीच फिर से हों ताकि एथलीटों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए फिर से मौका मिले।"

*******

एमजी/एमए/एसकेएस/सीएस



(Release ID: 1834834) Visitor Counter : 387