PIB Headquarters

कोविड-19 पर पीआईबी का दैनिक बुलेटिन

Posted On: 07 APR 2021 5:37PM by PIB Delhi

 

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002855I.png https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image00102T2.jpg

  • पिछले 24 घंटे में दी गईं 33 लाख डोज़ के साथ समग्र टीकाकरण की संख्या 8.7 करोड़ के पार पहुंची
  • अमेरिका को पीछे छोड़ भारत दुनिया में सबसे तेज टीकाकरण करने वाला देश बना
  • 8 राज्यों में दैनिक नए मामलों में बढ़ोतरी दिखाई दी
  • केंद्र देश में बढ़ रहे कोविड-19 मामलों पर नजर रखे हुए है और राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के साथ संपर्क में है
  • भारत में कुल ऐक्टिव मामलों की संख्या 8,43,473 पहुंची

#Unite2FightCorona

#IndiaFightsCorona

 

 

Image

पिछले 24 घंटों में 33 लाख से ज्‍यादा लोगों को टीके की खुराकें दी गईं और कुल 8.70 करोड़ से ज्‍यादा लोगों का टीकाकरण किया गया, अमेरि‍का को पीछे छोड़ भारत विश्‍व का सबसे तेजी से टीकाकरण करने वाला देश बना

देश में अब तक कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत 8.70 करोड़ से ज्‍यादा लोगों को टीका लगाया जा चुका है। आज सुबह 7 बजे तक मिली प्रारंभिक सूचना के अनुसार 13,32,130 सत्रों में 8,70,77,474 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें 89,63,724 स्‍वास्‍थ्‍य कर्मचारियों (एचसीडब्‍ल्‍यू) को टीके की पहली खुराक दी गई है और 53,94,913 स्‍वास्‍थ्‍य कर्मचारियों को दूसरी खुराक दी गई है। इसके अलावा, 97,36,629 अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं (एफएलडब्‍ल्‍यू) को पहली खुराक और 43,12,826 अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को दूसरी खुराक दी गई है। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक उम्र के 3,53,75,953 लाभार्थियों को पहली खुराक और 10,00,787 लाभार्थियों को दूसरी खुराक दी गई है। 45 से 60 साल उम्र के 2,18,60,709 लाभार्थियों को पहली खुराक और 4,31,933 लाभार्थियों को दूसरी खुराक दी गई है। पिछले 24 घंटों में टीके की 33 लाख से ज्‍यादा खुराकें दी गईं।   टीकाकरण अभियान के 81वें दिन (6 अप्रैल, 2021) को 33,37,601 टीके लगाए गए। इनमें से 30,08,087 लाभार्थियों को 41,396 सत्रों में पहला टीका और 3,29,514 लाभार्थियों को दूसरा टीका लगाया गया। एक महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए भारत, अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए विश्‍व का सबसे तेजी से टीकाकरण करने वाला देश बन गया, जहां प्रतिदिन 30,93,861 टीके लगाए गए। भारत में नए मामलों की संख्‍या बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान 1,15,736 नए मामले सामने आए। महाराष्‍ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्‍ली, मध्‍य प्रदेश, तमिलनाडु और केरल इन आठ राज्‍यों में कोविड के प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों में वृद्धि हुई है। कुल नए मामलों का 80.70 प्रतिशत मामले इन्‍हीं आठ राज्‍यों में दर्ज हुए हैं। महाराष्‍ट्र में सबसे ज्‍यादा 55,469 नए मामले प्रतिदिन दर्ज किए गए। इसके बाद, छत्तीसगढ़ में 9,921 और कर्नाटक में 6,150 नए मामले दर्ज किए गए।

भारत में कुल सक्रिय मामलों की संख्‍या 8,43,473 हो गई है। यह देश में सामने आए कुल पॉजिटिव मामलों का 6.59 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कुल सक्रिय मामलों में 55,250 मामलों की गिरावट दर्ज हुई है। महाराष्‍ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल और उत्तर प्रदेश में कुल सक्रिय मामलों का 74.5 प्रतिशत मामले दर्ज हुए हैं। इनमें से अकेले महराष्‍ट्र में देश के कुल सक्रिय मामलों का 56.17 प्रतिशत मामले दर्ज हुए हैं। भारत में इस रोग से रिकवर होने वाली लोगों की संख्‍या आज 1,17,92,135 हो गई है और इस तरह देश की रिकवरी दर 92.11 प्रति‍शत हो गई है। पिछले 24 घंटों में 59,856 रोगी ठीक हुए हैं। पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से 630 लोगों की मौत हुई है। इन नई मौतों में से 84.44 प्रतिशत मौतें आठ राज्‍यों में दर्ज हुई हैं। यह राज्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और गुजरात हैं। मृत्‍यु दर में लगातार गिरावट आ रही है और यह इस समय 1.30 प्रतिशत है। 1 राज्‍यों में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से कोई भी मौत नहीं हुई है। ये राज्‍य ओडिशा, लद्दाख (केन्‍द्र शासित प्रदेश), दमन और दीव तथा दादरा और नगर हवेली, नगालैंड, मेघालय, सिक्किम, मणिपुर, लक्षद्वीप, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा अरुणाचल प्रदेश हैं।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ेः

 

 

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर प्रधानमंत्री का संदेश
 

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का पाठ निम्नलिखित है।

भारत सरकार आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री जनऔषधि योजना सहित कई उपाय कर रही है जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि लोगों को उच्च गुणवत्ता और सस्ती स्वास्थ्य सेवा प्राप्त हो सके। भारत कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के लिए दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भी चला रहा है। आइए, विश्व स्वास्थ्य दिवस पर, हम कोविड-19 से लड़ने पर ध्यान केंद्रित करें, जिसमें मास्क पहनना, नियमित रूप से हाथ धोना और अन्य प्रोटोकॉल का पालन करना शामिल है। साथ ही इम्युनिटी को बूस्ट करने और फिट रहने के लिए सभी संभव कदम उठाएं। विश्व स्वास्थ्य दिवस हमारे ग्रह को स्वस्थ रखने के लिए दिन रात काम करने वाले सभी लोगों के प्रति हमारी कृतज्ञता और प्रशंसा को पुनः व्यक्त करने का दिन है। यह स्वास्थ्य सेवा मेंअनुसंधान और नवाचार का समर्थन करने की हमारी प्रतिबद्धता को दोहराता है।"

अधिक जानकारी के लिए पढ़ेः

 

 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने सबसे ज्यादा केसेज वाले 11 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड-19 की स्थिति और टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कल 11 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में टीकाकरण की प्रगति और कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इन राज्यों में छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब और राजस्थान शामिल हैं। पिछले दो हफ्तों में इन राज्यों में रोज केसों की संख्या और कोविड-19 से होने वाली मृत्यु की संख्या काफी बढ़ रही है। इन 11 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्री, अतिरिक्त मुख्य सचिव और मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) ने इस वर्चुअल कार्यक्रम में हिस्सा लिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि ये 11 राज्य देश में कुल केसेज में 54% और कुल मौतों में 65% का योगदान दे रहे हैं, जिसमें  महाराष्ट्र और पंजाब में मौतों का आंकड़ा काफी अधिक हैं। महाराष्ट्र (25%) और छत्तीसगढ़ (14%)  में परीक्षण के दौरान उच्च पॉजिटिव रेट देखने को मिल रहा है। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि फरवरी 2021, से इन राज्यों में केसेज काफी तेजी से बढ़ रहे हैं जिनमें संक्रमित होने वाली ज्यादा संख्या 15-44 साल के युवा लोगों की है। उन्होंने यह भी कहा कि ज्यादातर मृत्यु 60 साल से ज्यादा उम्र वाले बुजुर्गों की हो रही है। डॉ. हर्षवर्धन ने पिछले चार हफ्तों में परीक्षणों की संख्या में बढ़ोतरी की सराहना की लेकिन गुजरात, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में उच्च आरएटी अनुपात के बारे में आगाह भी किया। एक और चिंताजनक पहलू की ओर ध्यान दिलाया गया कि इन राज्यों में निजी क्षेत्र की टेस्टिंग क्षमता का पूरी तरह उपयोग नहीं किया गया है। महामारी के पुनरुत्थान पर रोक लगाने के लिए, डॉ. हर्षवर्धन ने राज्यों से उनके सार्वजनिक और निजी स्वास्थ्य संसाधनों को मजबूत करने की सलाह दी। इसके अलावा उन्होंने सामाजिक/सार्वजनिक समारोहों को सीमित करने, 70% आरटी-पीसीआर अनुपात के साथ टेस्ट, ट्रैक, ट्रीट रणनीति को लागू करने, पॉजिटिव केसेज को क्वारंटीन करने और हर पॉजिटिव शख्स के संपर्क में आए कम से कम 25 से 30 लोगों का पता लगाने पर जोर दिया।    

अधिक जानकारी के लिएः 

डॉ. हर्षवर्धन ने विश्व स्वास्थ्य दिवस पर विश्व स्वास्थ्य संगठन को संबोधित किया

आज विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण पूर्व एशिया क्षेत्रीय कार्यालय को संबोधित किया।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ेः 

 

संदेश का प्रसार करें, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सभी निजी टीवी चैनलों को परामर्श जारी किया

देश में कोविड-19 के मामलों में तेज बढ़ोतरी को देखते हुए, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने आज सभी निजी टेलीविजन चैनलों को एक परामर्श जारी किया है। परामर्श में बदलते हालात की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 4 अप्रैल, 2021 को हुई बैठक का उल्लेख किया गया, जिसमें परीक्षण, पता लगाना, उपचार, कोविड उपयुक्त व्यवहार और टीकाकरण की पांच स्तरीय रणनीति पर ध्यान केन्द्रित करने का फैसला किया गया था। मंत्रालय ने जनहित में संदेश के प्रसार में निजी टीवी चैनलों द्वारा निभाई गई प्रमुख भूमिका को दोहराया। मंत्रालय ने चैनलों से कोविड उपयुक्त व्यवहार और पात्र लोगों के टीकाकरण के लिए संदेश के प्रसार के द्वारा ‘दवाई भी कड़ाई भी’ के संदेश पर व्यापक जागरूकता फैलाने का अनुरोध किया।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ेः 

 

पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से प्राप्त जानकारी

  • महाराष्ट्रः एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में महाराष्ट्र सरकार ने घोषणा की है कि 9वीं और 11वीं क्लास के सभी विद्यार्थी बिना परीक्षा दिए उत्तीर्ण कर दिए जाएंगे। इससे पहले महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार ने घोषणा की थी कि 1-8वीं तक कक्षा के सभी विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के उत्तीर्ण कर दिया जाएगा। हालांकि राज्य सरकार ने यह भी घोषणा भी की कि 10वीं और 12वीं कक्षा की साल 2021 की बोर्ड परीक्षाएं ऑफलाइन होंगी और इन परीक्षाओं की डेटशीट जल्द ही जारी की जाएंगी। महाराष्ट्र में टीकाकरण अभियान गति पकड़ रहा है और महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र से वैक्सीन डोज की पर्याप्त आपूर्ति का अनुरोध किया है ताकि यह गति धीमी ना पड़ जाए। इसी बीच, पुणे स्थित सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया ने कोविशील्ड कोविड-19 वैक्सीन की एक महीने में 100 मिलियन डोज से ज्यादा क्षमता बढ़ाने के लिए सरकार से 3,000 करोड़ रुपये का अनुदान मांगा है। यह क्षमता मई के अंत तक पहुंच पाएगी। सीरम इस समय एक महीने में 65-70 मिलियन डोज का उत्पादन कर रहा है।
  • गुजरातः गुजरात में बिगड़ती कोविड स्थिति को देखते हुए, राज्य सरकार ने 30 अप्रैल तक 8 नगरपालिका क्षेत्र और 20 शहरों में रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है जिनमें अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट और गांधी नगर शामिल हैं। फिलहाल 30 अप्रैल तक राज्य में होने वाले सभी बड़े कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। शादी के कार्यक्रम में केवल 100 लोगों के शामिल होने की आज्ञा है। यह फैसले मंगलवार रात मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए। राज्य में अब तक सक्रिय मामलों की संख्या 17,348 है और  4,598 लोगों की मृत्यु की सूचना है।
  • मध्य प्रदेशः मध्य प्रदेश सरकार ने निर्देश जारी किए हैं कि कोरोना मरीजों के लिए जिला अस्पतालों में आधे बेड आरक्षित होंगे और प्रत्येक जिला अस्पताल में 30 आईसीयू बेड की व्यवस्था करनी होगी। सीटी स्कैन के दाम पहले के 6000 रुपये के मुकाबले 3000 रुपये निर्धारित कर दिए गए हैं। इंदौर में रेमडेसिवीर की कमी की खबरें हैं। अस्पतालों को इसकी जरूरत पूरी करने में परेशानी हो रही है। 
  • राजस्थानः मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख अनुरोध किया है कि 18 साल से बड़ी उम्र के लोगों का टीकाकरण शुरू किया जाए। अस्पताल में भर्ती हो रहे कोविड मरीजों की बढ़ती संख्या देखकर, राज्य स्वास्थ्य विभाग ने 60 या इससे अधिक बेड वाले सभी अस्पतालों के लिए निर्देश जारी किया है कि 25 प्रतिशत बैड वायरस से प्रभावित मरीजों के लिए आरक्षित किया जाए।  इससे पहले निजी अस्पतालों को कोविड-19 मरीजों के लिए 10 प्रतिशत बैड आरक्षित रखना होता था। राज्य में ऐक्टिव केसेज की संख्या 16,140 है।
  • केरलः कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए, केंद्र ने राज्य सरकार से आरटी-पीसीआर टेस्ट की संख्या बढ़ाने के लिए कहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि केरल में आरटी पीसीआर परीक्षणों का प्रतिशत कभी 53 से ऊपर नहीं गया है और निर्देश दिया कि इसे 70 प्रतिशत से ऊपर तक बढ़ाया जाए। मध्य मार्च से परीक्षणों में आने वाली पॉजिटिव दर की ओर इशारा करते हुए, उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड से होने वाली मौतों की संख्या भी बढ़ी है जिनमें दैनिक आधार पर औसतन 13 मामले शामिल हैं। राज्य में मंगलवार को 3,502 नए केस सामने आए हैं। टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 5.93 प्रतिशत है और ऐक्टिव केस में 29,962 मरीज शामिल हैं। इसी बीच, निजी अस्पतालों में कोविड-19 टीकाकरण में कम लोग हिस्सा ले रहे हैं और वह सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। टीकाकरण अभियान को तेज करने के लिए आईएमए ने आज से निशुल्क सामूहिक टीकाकरण केंद्र शुरू किए हैं।
  • तमिलनाडुः कोविड मामलों में 15 मृत्यु और 3,645 केसों के साथ तमिलनाडु में मंगलवार को ऐक्टिव केसेज की संख्या 25,000 पार कर गई। केसों का कुल आंकड़ा 9.07 लाख (9,07,124) और मृत्यु का आंकड़ा 12,804 तक पहुंच गया है। तमिलनाडु में पहली बार, राजस्व विभाग ने कल पोलिंग बूथ पर वोटरों को मास्क, सैनिटाइजर और दस्ताने देने के लिए युवाओं और कॉलेज छात्रों को वॉलंटियर के तौर पर काम करने के लिए अपने साथ जोड़ा। महामारी पुदुच्चेरी में चुनावी उत्साह को कम करने में असफल रही। पुदुच्चेरी में शुरुआती कुछ घंटों की तीव्र वोटिंग के बाद, यह अनुमान लगाया गया कि मतदान प्रतिशत 90 को पार कर जाएगा, दिन के अंत में यह आंकड़ा 81.64 तक पहुंचा।   
  • आंध्र प्रदेशः आंध्र प्रदेश में फरवरी में केसेज में भारी गिरावट के बाद, मार्च से कोविड-19 के केसेज में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी। बढ़ते कोविड-19 मामलों के चलते, सरकार ने राज्य में एयर कंडीशनर की सैनिटाइजिंग के सलाह के साथ ऑनलाइन बुकिंग, थर्मल स्क्रीनिंग, भौतिक दूरी, क्यू सिस्टम, हाथ सैनिटाइज करना और थिएटर के परिसर को साफ रखने पर जोर दिया। पिछले 24 घंटों में 31,657 सैंपलों के परीक्षण के बाद कोरोना के नए 1941 केस सामने आए। राज्य में पिछले 24 घंटे में कोविड से सात मौतें हुई हैं जिससे कुल आंकड़ा 7251 तक पहुंच गया है। 16 जनवरी को राज्य में शुरू हुआ कोविड टीकाकरण कार्यक्रम अब तक जारी है। राज्य सरकार, केंद्र के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए राज्य में 45+ उम्र के लोगों के टीकाकरण अभियान के विस्तार के लिए विस्तृत व्यवस्था कर रही है।
  • कर्नाटकः 06-4-2021 को राज्य सरकार द्वारा जारी कोविड बुलेटिन के अनुसार, नए केसः 61590, कुल ऐक्टिव केसः 45107, कोविड से नई मौतेः 39, कोविड से कुल मौतेः 1297 हैं। मंगलवार को कर्नाटक में नए केस की संख्या 6,150 आई और राज्य सरकार ने कोविड-19 मरीजों के लिए निजी अस्पतालों में 50 प्रतिशत बेड आरक्षित किए हैं। कर्नाटक सरकार ने रविवार को जिम संचालकों को नियमों में छूट देते हुए 50 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ जिम चलाने की इजाजत दी है। राज्य सरकार ने जिम वालों से कोविड-19 से बचाव के लिए नियम जैसे कि मास्क पहनना, शारीरिक दूरी और हैंड सैनिटाइजर के प्रावधानों का अनुपालन करने को कहा है। बीबीएमपी अपने सुविधाकेंद्रों पर रोजाना कोविड-19 टीकाकरण की दर दोगुना बढ़ाकर 70,000 करेगी। चूंकि शहर में हर रोज कोविड-19 के केस सामने आ रहे हैं, बीबीएमपी ने अपने सुविधाकेंद्रों पर टीकाकरण बढ़ाने का फैसला किया है।
  • तेलंगानाः कल राज्य में कुल 1914 नए केस और पांच मौतों की रिपोर्ट दर्ज हुई। राज्य के मुख्य सचिव सोमेश कुमार भी कोविड पॉजिटिव पाए गए। कोविड केसेज को बढ़ता देख, राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सभी निजी और कॉरपोरेट अस्पतालों से अपने यहां कोविड मरीजों के लिए बेड की संख्या 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक करने के लिए कहा है। मुख्य सचिव सोमेश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला कलेक्टर्स और जिला चिकित्सा अधिकारी के साथ राज्य में कोविड स्थिति की समीक्षा की और रोज के वैक्सीनेशन की संख्या वर्तमान के 50,000 से बढ़ाकर 1.25 लाख तक बढ़ाने को कहा है। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव अपने संदेश में लोगों से कोविड की सावधानियों का पालन करने के लिए कहा है।
  • असमः एनएचएम असम ने अपने बुलेटिन में कहा कि मंगलवार को असम में कोविड-19 की वजह से दो और लोगों की मृत्यु हो गई जिससे कि कुल मौतों का आंकड़ा 1,111 तक पहुंच गया है। कुल 92 नए केस की पहचान हुई है जिनमें से 26 कामरुप मेट्रो, 14 जोरहाट और 12 नगांव से थे। इससे कुल ऐक्टिव केसेज की संख्या 683 हो गई है। कोविड-19 के बढ़ते केसेज के बीच सरकारी और निजी स्कूलों में नए अकादमिक सत्र (2021-22) की शुरुआत होने के साथ, असम का राज्य स्वास्थ्य विभाग विद्यार्थियों और अभिभावकों में वायरस संक्रमण का पता लगाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में रैंडम रैपिड एंटीजन टेस्टिंग की योजना बना रहा है।
  • मणिपुरः मंगलवार को नोवेल कोरोना वायरस से सात लोगों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद मणिपुर में कोविड-19 से ऐक्टिव केसों की संख्या 63 पहुंच गई है। कोविड-19 कॉमन कंट्रोल रूम द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक राज्य में पॉजिटिव केसों की कुल संख्या 29,435 पहुंच गई है। मणिपुर में मंगलवार को लगभग 923 लोगों को कोविड-19 वैक्सीन दी गई है। इसके साथ ही राज्य में वैक्सीन लगवाने वाले लोगों की संख्या 88,642 पहुंच गई है जिनमें 31,733 स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने बताया कि देशभर में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए इम्फाल एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले लोगों के अतिरिक्त, सड़क के जरिए राज्य में पहुंचने वाले लोगों की भी स्क्रीनिंग करने और एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
  • सिक्किम: पिछले 24 घंटे में 23 नए केसेज का पता लगने के साथ सिक्कीम में कोविड केसेज में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई और ऐक्टिव केसेज की संख्या 65 हो गई है। सभी नए केस पूर्वी जिले में मिले हैं जिनमें गोवा और गुजरात के सात पर्यटक भी शामिल हैं। इसी बीच, सिक्कीम के अलग हिस्सों में अलग-अलग श्रेणी के कुल 2,403 लोगों ने कोविड वैक्सीन लगवाई।
  • त्रिपुराः राज्य के एनएचएम एमडी ने सूचित किया कि 9 और 10 को विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा क्योंकि आंकड़ों के मुताबिक अब तक राज्य की कुल आबादी में से 16 से 18 प्रतिशत आबादी को ही वैक्सीन लगी है।  
  • नागालैंडः मंगलवार को नागालैंड में कोविड का कोई  नया मामला नहीं सामने आया। ऐक्टिव केस 134 हैं जबकि कुल आंकड़ा 12,365 तक पहुंच गया है।

 

तथ्यों की जांच

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image00677JR.png

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image007QWV6.png

 

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image008LAL9.png

 

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image009N383.pngImage

Image

Image

 

Image

Image

Image

Image

एमजी/एएम/एसटी



(Release ID: 1710316) Visitor Counter : 700