प्रविष्टि तिथि:
31 DEC 2020 6:31PM by PIB Delhi
केन्द्रीय शिक्षा मंत्री श्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने आज सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा कर दी। श्री पोखरियाल ने कहा कि कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं 4 मई, 2021 से 10 जून, 2021 तक होंगी और कक्षा 10 एवं 12 की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम 15 जुलाई, 2021 तक घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कक्षा 12 की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 1 मार्च, 2021 से शुरू होंगी।
श्री पोखरियाल ने कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालयों को कोविड-19 महामारी के चलते अप्रत्याशित और अनिश्चित हालात का सामना करना पड़ रहा है लेकिन विद्यार्थियों को उनकी पढ़ाई में कोई समस्या न आए, यह सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों ने अथक परिश्रम किया है। उन्होंने कड़ी मेहनत करने और पढ़ाई की नई तकनीक व विधियां अपनाने के लिए शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने डिजिटल माध्यम से एक प्लेटफॉर्म और पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भी कई कदम उठाए हैं।
श्री पोखरियाल ने कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों द्वारा दिए गए सुझावों पर विचार करने के बाद तारीखों पर फैसला किया गया है।
केन्द्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों को नववर्ष की पूर्व संध्या पर अपनी शुभकामनाएं दीं और बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ भावी जीवन में उनकी सफलता की कामना की।
****
एमजी/एएम/एमपी/एसके