वित्‍त मंत्रालय

श्री गिरीश चंद्र मुर्मू ने भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के रूप में पदभार संभाला

Posted On: 08 AUG 2020 4:21PM by PIB Delhi

श्री गिरीश चंद्र मुर्मू ने आज यहां भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के रूप में पदभार संभाल लिया। वह गुजरात कैडर (1985 बैच) के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं। श्री मुर्मू की नियुक्ति श्री राजीव महर्षि के स्‍थान पर हुई है जिन्‍होंने शुक्रवार को अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया। इससे पहले श्री मुर्मू केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पहले उपराज्यपाल थे।

महामहिम राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने आज सुबह राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में श्री मुर्मू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी, वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण, निवर्तमान नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी या कैग) श्री राजीव महर्षि उपस्थित थे।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद श्री मुर्मू सीएजी कार्यालय आए जहां भारतीय लेखा परीक्षा और लेखा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सीएजी कार्यालय में महात्मा गांधी और बी आर अम्बेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए।

जम्मू-कश्मीर जाने से पहले श्री मुर्मू ने व्यय विभाग में संयुक्त सचिव, वित्तीय सेवा विभाग एवं राजस्व विभाग में अपर सचिव और फिर विशेष सचिव तथा इसके बाद व्यय विभाग में पूर्णकालिक सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। दिल्ली में अपने कार्यकाल से पहले श्री मुर्मू ने गुजरात सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उन्‍हें प्रशासनिक, आर्थिक और अवसंरचना क्षेत्रों में कामकाज का व्यापक अनुभव है।  

***

एसजी/एएम/आरआरएस- 6790



(Release ID: 1644410) Visitor Counter : 609