सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

घर से दूर नए आशियाने की तलाश: ‘पेरिस पेरिस’ विस्थापन, पहचान और अपनेपन की कहानी


बेल्जियम की फिल्मकार इसाबेल टोलनेरे ने आईएफएफआई 2026 में प्रवासन और अपना घर कहे जा सकने वाले स्थान की तलाश के सार्वभौमिक भाव पर चर्चा की

बेल्जियम की फिल्मकार इसाबेल टोलनेरे ने आज गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के दौरान पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अपनी फिल्म ‘पेरिस पेरिस’, इसकी रचनात्मक यात्रा तथा प्रवासन, विस्थापन और अपनेपन जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। अंतरराष्ट्रीय सिनेमा श्रेणी में प्रदर्शित यह फिल्म फ्रांस की राजधानी पेरिस में रहने वाले तीन पुरुषों के जीवन के माध्यम से घर के वास्तविक अर्थ को तलाशती है।

पेरिस की एक इमारत की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘पेरिस पेरिस’ में अलग-अलग पृष्ठभूमियों से आए तीन पुरुषों की कहानी दिखाई गई है, जो एक अनधिकृत रूप से कब्जे वाले अपार्टमेंट में अपने लिए घर बसाने का प्रयास करते हैं। सीमित संसाधनों को साझा करते हुए और अपने अतीत तथा भविष्य के बारे में बातचीत करते हुए, ये तीनों व्यक्ति पहचान, विस्थापन और अपनेपन से जुड़े सवालों का सामना करते हैं। फिल्म के माध्यम से ऐसे मानवीय अनुभवों को दर्शाया गया है, जो विभिन्न संस्कृतियों के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ते हैं।

टोलनेरे ने पहली बार भारत आने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आईएफएफआई में अपनी फिल्म प्रस्तुत करने के अवसर को सम्मान की बात बताया। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले फिल्म की स्क्रीनिंग को दर्शकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली और सभागार पूरी तरह भरा हुआ था। इसके बाद आयोजित संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में उन्हें भारतीय दर्शकों से बातचीत करने और फिल्म के प्रति उनके दृष्टिकोण को समझने का अवसर मिला।

टोलनेरे ने अपनी रचनात्मक कार्यशैली के बारे में बताते हुए कहा कि डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण की उनकी पृष्ठभूमि ने कलाकारों के चयन के उनके दृष्टिकोण को प्रभावित किया है। उन्होंने ऐसे व्यक्तियों का चयन किया, जिनका व्यक्तिगत इतिहास और जीवन के वास्तविक अनुभव उनके द्वारा निभाए जा रहे पात्रों से मेल खाते हैं। इससे फिल्म की कहानी में प्रामाणिकता और गहराई आई है।

टोलनेरे ने फिल्म निर्माण के दौरान आई चुनौतियों के बारे में भी बात की। इनमें विशेष रूप से सीमित बजट और फिल्म की शूटिंग के लिए उपयुक्त स्थानों की तलाश से जुड़ी कठिनाइयां शामिल थीं। फिल्म के पीछे की व्यक्तिगत प्रेरणा साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उनके दादा-दादी आप्रवासी थे। इस पारिवारिक अनुभव ने प्रवासन, विस्थापन और अपनेपन की तलाश जैसे विषयों में उनकी रुचि को बढाया।

टोलनेरे ने कहा कि वे चाहती हैं कि यह फिल्म विभिन्न देशों और संस्कृतियों तक पहुंचे तथा अपने सार्वभौमिक विषयों और साझा मानवीय अनुभवों के माध्यम से दुनियाभर के दर्शकों से जुड़ सके।

इस संवददाता सम्मेलन का संचालन एंड्रयू लालचंदामा ने किया।

पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहां देखें:

आईएफएफआई लोइड यहां पढ़ें:

https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

***

पीके/केसी/आरटी/जेके/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2342498) आगंतुक पटल : 85
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Nepali , Konkani , Marathi , Punjabi , Gujarati , Telugu , Kannada , Malayalam