उप राष्ट्रपति सचिवालय
उपराष्ट्रपति ने संविधान दिवस के अवसर पर भारत के संविधान के अद्यतन संस्करणों का सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में विमोचन किया
सभी अनुसूचित भाषाओं में संविधान की उपलब्धता 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को दर्शाती है: उपराष्ट्रपति
भाषाई विविधता भारत की ताकत है; प्रत्येक भाषा का सम्मान करें और हर मातृभाषा का उत्सव मनाएं: उपराष्ट्रपति
मातृभाषा में संविधान की उपलब्धता नागरिकों को सशक्त बनाती है और लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करती है: उपराष्ट्रपति
प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 4:10PM by PIB Delhi
उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने आज संविधान दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में भारत के संविधान के अद्यतन संस्करणों का सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में विमोचन किया।
उपराष्ट्रपति ने इस अवसर को भारत की लोकतांत्रिक यात्रा का एक ऐतिहासिक पड़ाव बताते हुए कहा कि संविधान को सभी अनुसूचित भाषाओं में उपलब्ध कराना भारत की भाषाई विविधता और लोकतांत्रिक समावेशिता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा में संविधान की उपलब्धता से नागरिक शासन व्यवस्था, अपने संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और मूल्यों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी. आर. अंबेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संविधान केवल एक कानूनी ढांचा नहीं, बल्कि राष्ट्र की जीवंत आत्मा है। उन्होंने केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल और उनकी टीम के संविधान को आम जनता के और करीब लाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये प्रयास भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की भाषाओं और ज्ञान परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए की गई पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 'ज्ञान भारतम' और 'काशी तमिल संगमम' भारत की सभ्यतागत विरासत को संरक्षित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता में निहित है और भाषाएं केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और पहचान की वाहक भी हैं। उन्होंने सभी भारतीय भाषाओं के प्रति परस्पर सम्मान पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का अपनी मातृभाषा के प्रति विशेष लगाव होता है, लेकिन दूसरों की भाषाओं और मातृभाषाओं का सम्मान करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपनी मातृभाषा का उत्सव मनाने और भारत को एक सौहार्दपूर्ण राष्ट्र बनाने वाली समृद्ध भाषाई विविधता को अपनाने का आह्वान किया।
उपराष्ट्रपति ने महाकवि सुब्रमण्यम भारती के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि भारत में भले ही अनेक भाषाएं बोली जाती हैं, लेकिन देश के विचार, आकांक्षाएं और कार्य राष्ट्र की सेवा के लिए एकजुट रहते हैं। उन्होंने कहा कि सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में संविधान का विमोचन 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को साकार करता है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में देश की यात्रा को और मजबूत बनाएगा।
उपराष्ट्रपति ने सभी से 'राष्ट्र प्रथम' के मार्गदर्शक सिद्धांत के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी भाषाओं के संरक्षण, उनके विकास एवं समृद्धि के लिए एक मजबूत और एकजुट राष्ट्र का होना आवश्यक है।
इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल, विधायी विभाग के सचिव डॉ. राजीव मणि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
***
पीके/केसी/आरटी/जेके/केके
(रिलीज़ आईडी: 2342073)
आगंतुक पटल : 112