प्रधानमंत्री कार्यालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री 27 अक्टूबर को इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव 2026 का उद्घाटन करेंगे


तीन दिवसीय इस सम्मेलन में प्रमुख वैज्ञानिक, नीति-निर्माता और वैश्विक विशेषज्ञ एक साथ आएंगे, जो उभरती प्रौद्योगिकियों और नवाचार की प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे


इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव (ईएसटीआईसी) में 12 विषयगत क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बायोटेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैटेरियल्स, मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थकेयर, ऊर्जा, जलवायु और महासागर विज्ञान शामिल हैं


ग्लोबल कनेक्ट नेटवर्किंग इवेंट की एक नई पहल के तहत 300 से अधिक प्रतिभागी एक साथ आएंगे, जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान साझेदारियों और उद्योग-शिक्षा जगत के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है

प्रविष्टि तिथि: 26 OCT 2026 6:57PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 27 अक्टूबर 2026 को शाम 5:30 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे सम्मेलन में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे।

27 से 29 अक्टूबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय कॉन्क्लेव में प्रमुख वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के दिग्गज, स्टार्टअप और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ एक साथ आएंगे। वे उभरती हुई तकनीकों तथा भारत की विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार से जुड़ी प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे।

इस दौरान 12 अलग-अलग विषयों पर विचार-विमर्श होगा, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बायोटेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैटेरियल्स, विनिर्माण, हेल्थकेयर, ऊर्जा, जलवायु और महासागर विज्ञान शामिल हैं। चर्चा का मुख्य केंद्र अनुसंधान की प्राथमिकताएं, राष्ट्रीय क्षमताएं और वैज्ञानिक प्रगति को व्यावहारिक उपयोग में लाना होगा।

इस कॉन्क्लेव में तकनीक और नवाचार की एक बड़ी प्रदर्शनी भी होगी, जिसमें देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों और उभरती हुई तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें लगभग 150 डीप-टेक स्टार्टअप के स्टॉल होंगे, जो तकनीकी विकास और विभिन्न क्षेत्रों में उनके संभावित उपयोगों को सामने लाएंगे।

वैज्ञानिक विकास और उनके व्यावहारिक उपयोगों के बारे में लोगों की दिलचस्पी बढ़ाने के लिए, इस कॉन्क्लेव में थीम-आधारित वीडियो, तकनीकी प्रदर्शन, वृत्तचित्र, सूचना कियोस्क, और ऑगमेंटेड तथा वर्चुअल रियलिटी के अनुभव शामिल किए जाएंगे।

ग्लोबल कनेक्ट नेटवर्किंग इवेंट नाम से की गई एक नई पहल के तहत, भारत और विदेशों के शिक्षा जगत, अनुसंधान संस्थानों और उद्योग जगत से 300 से अधिक आमंत्रित प्रतिभागी एक साथ आएंगे। यह मंच अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान साझेदारियों, उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग, तथा नवाचारों को प्रयोगशालाओं से बाजार तक पहुँचाने के मार्गों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगा।

****

पीके/केसी/आरटी/एनएस/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2328693) आगंतुक पटल : 112
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Tamil , Malayalam , Malayalam