राज्यसभा सचिवालय
श्री हरिवंश ने तंजानिया में 153वीं आईपीयू सभा में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया
प्रविष्टि तिथि:
03 OCT 2026 12:56PM by PIB Delhi
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर, 2026: राज्यसभा के माननीय उपसभापति श्री हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल 5 से 9 अक्टूबर, 2026 तक संयुक्त गणराज्य तंजानिया के अरूशा में आयोजित होने वाली अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) की 153वीं सभा और उससे संबंधित बैठकों में भाग लेने के लिए रवाना हो गया है।

आईपीयू असेंबली "सभी के लिए समावेशिता, विश्वास और अवसरों के माध्यम से सुशासन को बढ़ाना और समुदायों को सशक्त बनाना" विषय पर चर्चा के लिए दुनिया भर के सांसदों को एक साथ लाएगी।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल में श्री हरिवंश, माननीय उपसभापति, राज्यसभा (प्रतिनिधिमंडल के नेता); श्री अनुराग सिंह ठाकुर, सांसद, लोकसभा; श्रीमती अपराजिता सारंगी, सांसद, लोकसभा; डॉ. सस्मित पात्रा, सांसद, राज्यसभा; डॉ. संजय जायसवाल, सांसद, लोकसभा; श्रीमती कमलजीत सहरावत, सांसद, लोकसभा; डॉ. लता वानखेड़े, सांसद, लोकसभा; श्रीमती बिजुली कलिता मेधी, सांसद, लोकसभा; और श्री एन. के. प्रेमचंद्रन, सांसद, लोकसभा।

प्रतिनिधिमंडल समकालीन वैश्विक प्रासंगिकता के मुद्दों पर बैठकों, पैनल चर्चाओं और कार्यशालाओं की एक विस्तृत श्रृंखला में भाग लेगा और इन मामलों पर भारत के दृष्टिकोण को स्पष्ट करेगा।
श्री हरिवंश गवर्निंग काउंसिल, सामान्य चर्चा, आपातकालीन विषय पर होने वाली चर्चा और आईपीयू के अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के साथ आयोजित संवाद सत्र में भाग लेंगे।
_20261003125926_2e8b73.jpeg)
भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य लोकतंत्र और मानवाधिकारों, शांति और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा, सतत विकास, महिलाओं की भागीदारी, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, आतंकवाद का मुकाबला, स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, महत्वपूर्ण खनिज, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और काम के भविष्य, समुद्री सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और पर्वत और महासागर पारिस्थितिक तंत्र के संरक्षण सहित अन्य विषयों पर चर्चा में भाग लेंगे।
भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी आईपीयू के साथ भारत के निरंतर जुड़ाव और वैश्विक शांति, विकास, लोकतंत्र और समुदायों के सशक्तिकरण को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर संसदीय कूटनीति, बहुपक्षीय वार्ता और संसदों के बीच सहयोग के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
*****
पीके/केसी /केएल
(रिलीज़ आईडी: 2318620)
आगंतुक पटल : 91