सूचना और प्रसारण मंत्रालय
सरकार अनेक पहलों के माध्यम से पत्रकारों के लिए कल्याण, स्वास्थ्य सेवा और मान्यता संबंधी सहायता सुनिश्चित करती है
प्रविष्टि तिथि:
05 AUG 2026 5:00PM by PIB Delhi
सरकार ने पत्रकार कल्याण योजना (जेडब्ल्यूएस) लागू की है, जिसके तहत मृत्यु, स्थायी विकलांगता, गंभीर बीमारियों और दुर्घटना से संबंधित अवस्थाओं में अस्पताल में भर्ती होने के कारण उत्पन्न होने वाली अत्यधिक कठिनाई की स्थिति में पत्रकारों और मीडिया कर्मियों या उनके परिवारों को तत्काल आधार पर एकमुश्त अनुग्रह सहायता प्रदान की जाती है। प्रेस सूचना ब्यूरो- पीआईबी और राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेश सरकारों से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के साथ-साथ गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकार भी इस योजना के अंतर्गत शामिल हैं।
जेडब्ल्यूएस योजना के तहत, सरकार ने 2014-15 से 2025-26 तक 456 पत्रकारोंऔर मीडिया कर्मियों या उनके परिवारों को 19.41 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है।
प्रेस सूचना ब्यूरो- पीआईबी से मान्यता प्राप्त पत्रकार स्वयं तथा अपने परिवार के सदस्यों के लिए देशभर में केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) की सुविधाओं के भी पात्र हैं। इसमें सरकारी और सीजीएचएस पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में सीजीएचएस दरों पर उपचार भी शामिल है।
प्रेस सूचना ब्यूरो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के पत्रकारों को मान्यता प्रदान करता है। वर्तमान तिथि तक प्रेस सूचना ब्यूरो से मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या 1,786 है।
केंद्रीय सूचना और प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने श्री दामोदर अग्रवाल द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी ।
***
पीके/केसी/जेएस
(रिलीज़ आईडी: 2295043)
आगंतुक पटल : 77