57वें भारतीय अंतर्रार्ष्टीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 में तमिल और तेलुगु सिनेमा खास तौर पर शामिल हैं। इसमें सामाजिक मुद्दों, पारिवारिक रिश्तों, इंसानी मूल्यों, निजी संघर्षों और सांस्कृतिक परंपराओं को दिखाने वाली अलग-अलग तरह की कहानियां हैं। इस चयन में फीचर और नॉन-फीचर कैटेगरी में दोनों भाषाओं की कहानियां एक साथ लाई गई हैं। ये तकनीक और शिक्षा से लेकर पर्यावरण संरक्षण, पारिवारिक रिश्तों, स्वयं की आशाओं और राजनीतिक जीवन जैसे विषयों पर बात करती हैं।
तमिल फिल्मों पर एक नज़र

तमिल चयन में समसामायिक और परम्परावादी दोनों तरह के सोशल माहौल पर बनी कहानियां शामिल हैं। कन्नन एस के डायरेक्शन में बनी स्क्रॉल , स्मार्टफोन की लत वाले अरविंद नाम के एक लड़के की कहानी है। डोपा रश नाम की एक ऐप से जुड़ने के बाद उसकी ज़िंदगी में परेशानी आ जाती है। यह ऐप यूज़र्स को कुछ टास्क और इनामों के माध्यम से स्मार्टफोन की लत छोड़ने की चुनौती देती है। हालांकि, जैसे-जैसे ये चुनौतियां अजीब और परेशान करने वाले होती जाती हैं, ये ऐप खेल में हिस्सा लेने वालों की ज़िंदगी को नियंत्रित करना शुरू कर देती है, इससे लत छुड़ाने की कोशिश एक डरावने अनुभव में बदल जाती है।

शिवकुमार मुरुगेसन के निर्देशन में बनी फिल्म थाई किझावी (गॉड मदर) की थीम पारिवारिक रिश्ते और अनसुलझे झगड़े हैं। फिल्म में अपनी बेटी और पोते के साथ एक छोटे से गांव में रहने वाली पवनुथाय नाम की एक 70 साल की मज़बूत इरादों वाली औरत की कहानी है। कुछ लोग उससे डरते हैं और कुछ लोग उसकी इज्ज़त करते हैं, वह कई सालों से अपने तीन बेटों से अलग रहती है। जब वह अचानक बहुत बीमार पड़ जाती है, तो उसके बेटे घर लौट आते हैं, और अपने साथ अनसुलझे फैमिली झगड़े और दर्दनाक यादें लेकर आते हैं। जैसे-जैसे बीता हुआ कल सामने आता है, एक लंबे समय से छिपा हुआ राज धीरे-धीरे सामने आता है। इससे परिवार की अपने रिश्तों को लेकर समझ बदल जाती है।

शिक्षा तक पहुंच के मुद्दे पर बनी, सत्यशिव के निर्देशन में बनी अरिवु , 1996 की कहानी कहती है। पश्चिमी घाट के एक दूर आदिवासी गांव में कार्यरत एक युवा अध्यापक कथिर को वहां पता चलता है कि लड़कियों को शिक्षा नहीं दी जाती क्योंकि गांव वालों का मानना है कि इससे गांव के देवता नाराज़ हो जाएंगे। इसे बदलने का पक्का इरादा करके, वह चुपके से 13-14 साल की लड़कियों के एक समूह को पढ़ाता है जो कभी स्कूल नहीं गई हैं।शिक्षा की ओर वे अपना पहला कदम बढ़ा सकें इसके लिए जैसे-जैसे उनके इम्तिहान पास आते हैं, कथिर उन्हें उनके डर और समाज की पाबंदियों को दूर करने में सहायता करता है।

तमिल में चुनी गई फ़िल्में देसी ज्ञान और पारंपरिक तरीकों को भी दिखाती हैं। विजीश मणि के निर्देशन में अट्टापडी , केरल के पश्चिमी घाट में देसी समुदायों के पारंपरिक इलाज के तरीकों को दिखाती है। यह फ़िल्म सुल्तान अहमद अल महमूदी के बारे में है, जो अट्टापडी के लोगों द्वारा बचाए गए दवा के ज्ञान और जंगल की परंपराओं को जानने के लिए अरब से यात्रा करते हैं। फ़िल्म बनाने वाले विजीश मणि के मार्गदर्शन में, वह पारंपरिक डॉक्टरों और बुज़ुर्गों से मिलते हैं और जंगल के साथ उनके रिश्ते के बारे में सीखते हैं। दवाइयों के ज्ञान की खोज से शुरू होने वाली यह कहानी समुदाय के जीने के तरीके और विरासत की यात्रा बन जाती है।

जोयल विजय के निर्देशन में बनी कूडू (घोंसला) की केन्द्रीय विषय हैं पर्यावरण संरक्षण और समुदाय की भागीदारी। तमिलनाडु के वचाथी में बिजली जाने से गांव के ट्रांसफॉर्मर के अंदर अंडों के साथ एक गौरैया का घोंसला मिलता है। गांव के मुखिया अगथियन के मार्गदर्शन में, कृषि विज्ञान में स्नातक कथिर और गांव वाले पक्षियों को बचाने के लिए 35 दिनों तक बिना बिजली के रहने का फैसला करते हैं। उनके फैसले का स्थानीय गांव के प्रशासिनक अधिकारी और लिंगम अपनी दुश्मनी की वजह से कड़ा विरोध करते हैं और तोड़फोड़ करने की कोशिश करते हैं। इन मुश्किलों के बावजूद, कथिर और गांव वाले घोंसले को सुरक्षित रखने के लिए कठिन त्याग का परिचय देते हैं।
तेलुगु फ़िल्में देखें
तेलुगु फ़िल्मों में पर्यावरण से जुड़ी चिंताएं, पारिवारिक रिश्ते, प्यार, अपनी आकांक्षाएं,, इंसानी मूल्यों और राजनीति से जुड़ी कहानियां हैं। सिंगीथम श्रीनिवास राव के निर्देशन में बनी सिंग गीतम (एक गाना गाओ) प्रताप मन्नम की कहानी है। प्रताप अपने पिता की छोड़ी हुई सोने की खदानों में अपना हिस्सा लेने के लिए कुबेरपुरम के खदान वाले गांव लौटता है। जल्द ही उसका अपने एक पुराने व्यापार साझेदार से झगड़ा हो जाता है। इसके विस्तार की योजना से गांव का आखिरी पेड़ भी खत्म होने का खतरा है। जैसे-जैसे लालच और झगड़ा फैलता है, प्रताप को अपने परिवार के अतीत का सच पता चलता है और वह बदलने लगता है। गांव वालों को आखिरकार एकता, त्याग और प्रकृति की रक्षा करने की अहमियत का एहसास होता है।

अनिल रविपुडी निर्देशित फिल्म मन शंकर वर प्रसाद गारू (हमारे मिस्टर शंकर वरप्रसाद) में पारिवारिक सम्बंधों, अलगाव और सुलह को दिखाया गया है। यह पारिवारिक ड्रामा शंकर वर प्रसाद पर आधारित है, जो एक दृढ़ संकल्प राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी है, जो अपनी ड्यूटी को अपने परिवार से पहले रखता है। इस कारण वह अपनी पत्नी और बच्चों से अलग हो जाता है। छह साल बाद, वह अपने बच्चों के स्कूल में दाखिले को लेकर अपने रिश्ते को फिर से बनाने की कोशिश करता है। जब उसके परिवार को कोई बड़ा खतरा होता है, तो उसे उनकी सुरक्षा का काम सौंपा जाता है। जैसे ही उसे खतरे का पता चलता है, उसे अपने अतीत का सामना करना पड़ता है, अपने प्रियजनों को बचाना होता है और उनका भरोसा वापस जीतना होता है।

रवि वर्मा नंबूरी के निर्देशन में बनी चेन्नई लव स्टोरी का सब्जेक्ट प्यार और नुकसान है । फिल्म निवी की कहानी है, जो अपने पिछले रिश्ते के दर्द से उबरने की कोशिश कर रही है। उसकी मुलाकात स्टीवन से होती है, जो एक अनाथ है। उसका प्यार और अच्छाई धीरे-धीरे उसकी ज़िंदगी में खुशियां वापस लाती है। मतभेदों के बावजूद उनमें प्यार हो जाता है और वे शादी करने का फैसला करते हैं। हालांकि, स्टीवन की शादी के दिन एक हादसे में मौत हो जाती है। अपने अचानक हुए नुकसान को बर्दाश्त नहीं कर पाने की वजह से, निवी दुख और गुस्से से भर जाती है, और यह समझने की कोशिश करती है कि हमेशा उसके साथ रहने का वादा करने के बावजूद स्टीवन को उसे क्यों छोड़ना पड़ा।

धनुष दंडू निर्देशित 'व्हाई, वाणी?' अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने पर ध्यान केन्द्रित करती है। यह फिल्म हैदराबाद की एक युवा एडिटर वाणी की कहानी है, जो अपने करियर में अधूरापन महसूस करती है। जब उसे मुंबई में एक डॉक्यूमेंट्री पर काम करने का मौका मिलता है, तो वह फिल्म बनाने के अपने सपने को पूरा करने का फैसला करती है। हालांकि, उसके इस फैसले से उसके बॉयफ्रेंड अरुण और फिल्ममेकर साहित के साथ उसके रिश्तों में मुश्किलें आती हैं। प्रोजेक्ट पर जो समझौते होते हैं, उससे उनके अपने डर का पता चलता है। परिवार की उम्मीदों और अपराधबोध से जूझते हुए, वाणी को आखिरकार अपने फैसलों की नई समझ मिलती है और वह अपने सपने को पूरा करती है।

प्रवीण निर्देशित विन (जीत) , शतरंज के खेल के ज़रिए नज़रिए और आत्म नियंत्रण की अहमियत को दिखाती है। फिल्म 18 साल के नेपोलियन पर आधारित है, जो अपनी मां की सालों की कड़ी ट्रेनिंग के बाद हर शतरंज का खेल जीतना चाहता है। अपनी काबिलियत पर भरोसा रखते हुए, वह एक बड़े शतरंज टूर्नामेंट में हिस्सा लेता है, लेकिन दस साल की शांत लड़की गायत्री से हार जाता है। हार मानने में नाकाम, वह उसे फिर से चुनौती देता है। उनकी बातचीत से, गायत्री उसे यह समझने में मदद करती है कि जीतने से ज़्यादा अच्छा खेलना ज़रूरी है। वह उसे श्रीमद्भगवद्गीता की शिक्षाओं के बारे में बताती है और उसे परिणाम की परवाह किए बिना अपना काम करने के लिए हिम्मत देती है। नेपोलियन धीरे-धीरे अपने अहंकार को नियंत्रित करना और शतरंज को अलग नज़रिए से देखना सीख जाता है।

देवा कट्टा निर्देशित ' मायासभा' की पृष्ठभूमि राजनीति, विचारधारा और दोस्ती की गतिशीलता पर आधारित है। 1970 के दशक के बीच में आंध्र प्रदेश में फिल्माई गई यह सीरीज़ दो नौजवानों विचारधारावादी छात्र नेता ककरला कृष्णमा नायडू (केकेएन), और प्रभावशाली परिवार के नौजवान एमएस रामी रेड्डी (एमएसआर) के बारे में है। अपनी अलग-अलग पृष्ठभूमि के बावजूद, वे दोस्त बन जाते हैं और बदलाव लाने की उम्मीद के साथ राजनीति में कदम रखते हैं। हालांकि, उन्हें जल्द ही राजनीतिक ज़िंदगी की असलियत का सामना करना पड़ता है। इसमें विभिन्न जातियों के आपसी मतभेद, भ्रष्टाचार, पैसा और ताकत की लड़ाई शामिल है। जैसे-जैसे उनका असर बढ़ता है, उनके आदर्शों की परीक्षा होती है और महत्वकांक्षाएं उनकी दोस्ती पर असर डालने लगती हैं। यह सीरीज़ राजनीति, विचारधारा, ताकत और इस बात को दिखाती है कि क्या दो दोस्त एक ही पद के लिए मुकाबला करते हुए एक साथ रह सकते हैं।
भक्त कन्नप्पा : स्वर्ण जयंती समारोह
तेलुगु फिल्म चयन में इफ्फी 2026 के स्वर्ण जयंती खंड में एक विशेष प्रस्तुति भी शामिल है। बापू द्वारा निर्देशित भक्त कन्नप्पा 50 साल पहले, 26 मई 1976 में सिनेमा घरों में प्रदर्शित की गई थी। इसका नया प्रिंट महोत्सव के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल किया गया है।
यह फ़िल्म मशहूर शैव भक्त कन्नप्पा नयनार की कहानी है। अर्जुन का दोबारा जन्म थिन्नाडू के रूप में होता है, जो एक नास्तिक शिकारी है और उसे एक आदिवासी सरदार पालता है। वह मुखिया की बेटी नीला का हाथ जीत लेता है, लेकिन गांव के देवता के सामने सिर झुकाने से मना करने पर उसे अपने लोगों को छोड़ना पड़ता है। उसकी ज़िंदगी तब बदल जाती है जब वह भगवान शिव से मिलता है और धीरे-धीरे भक्ति की असली गहराई को जानता है। अंत में, वह शिव लिंगम से खून बहने से रोकने के लिए अपनी आंखें दे देता है, यह एक ऐसा काम है जो भक्ति को रस्मों और रिवाजों से ऊपर ले जाता है। मूल रूप से कन्नड़ में फ़िल्माई गई इस फ़िल्म ने बेस्ट ऑडियोग्राफ़ी के लिए राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार जीता और इसे इसकी भव्यता और आउटडोर स्केल के लिए याद किया जाता है।
ये फिल्में इस वर्ष की थीम, सीमाओं से परे कहानियां, की भावना की पुष्टि करती हैं । तमिल और तेलुगु फिल्मों की ये कहानियां उस भाषाई और सांस्कृतिक दुनिया से बहुत आगे की यात्रा करती हैं जिसमें वे निहित हैं। चाहे एक युवा शिक्षक के संघर्षों की खोज हो, परिवार के बंधन, सपनों की खोज, प्रकृति की सुरक्षा, राजनीतिक जीवन की जटिलताएं या भक्ति की कालातीत शक्ति, ये फ़िल्में उन अनुभवों और भावनाओं को बयां करती हैं, जिनसे हर स्थान और वर्ग के दर्शक जुड़ सकते हैं। ये हमें याद दिलाती हैं कि भाषा किसी कहानी को कहने के तरीके को आकार दे सकती है, लेकिन इसे इस बात को सीमित करने की आवश्यकता नहीं है कि इसे कैसे समझा या महसूस किया जाता है। इन विविध सिनेमाई आवाजों के माध्यम से इफ्फी भाषाई और सांस्कृतिक सीमाओं से आगे बढ़कर सिनेमा की शक्ति का उत्सव है।
***
पीके/केसी/आरटी/वीके/वाईबी