वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने के लिए जर्मनी और नीदरलैंड का यात्रा करेंगे
भारत जर्मनी और नीदरलैंड के साथ औद्योगिक और प्रौद्योगिकीय सहयोग के नए अवसरों की तलाश करेगा
लगभग 100 कारोबारी और स्टार्टअप्स प्रतिनिधि जर्मनी और नीदरलैंड की यात्रा में श्री पीयूष गोयल के साथ होंगे
प्रविष्टि तिथि:
21 OCT 2026 5:38PM by PIB Delhi
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल रणनीतिक आर्थिक साझेदारियों को प्रगाढ़ करने, द्वीपक्षीय व्यापार का विस्तार करने तथा औद्योगिक एवं प्रौद्योगिकीय सहयोग को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जर्मनी (22–24 अक्टूबर 2026) और नीदरलैंड (24–27 अक्टूबर 2026) की आधिकारिक यात्रा करेंगे।
यात्रा के दौरान बर्लिन में श्री पीयूष गोयल ‘बर्लिन ग्लोबल डायलॉग’ में भाग लेंगे। इस दौरान वे अंतरराष्ट्रीय नीति-निर्माताओं और वैश्विक कारोबारी जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे तथा भारत की व्यापक आर्थिक स्थिरता, विनिर्माण क्षमताओं और सुदृढ़ वौश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करेंगे। इस शिखर सम्मेलन से इतर श्री गोयल जर्मनी के संघीय आर्थिक मामलों एवं ऊर्जा मंत्री तथा जर्मनी के संघीय चांसलर कार्यालय में आर्थिक एवं वित्तीय नीति सलाहकार और जी7/जी20 शेरपा के साथ उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इन बैठकों में द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश के अवसरों को सुदृढ़ करने, उन्नत इंजीनियरिंग, हरित परिवहन और स्वच्छ प्रौद्योगिकीय क्षेत्रों में प्रौद्योगिकीय एवं औद्योगिक सहयोग को गति देने तथा भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए जारी वार्ताओं से उत्पन्न बाज़ार पहुंच एवं निवेश के अवसरों का पता लगाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
नीदरलैंड की यात्रा के दौरान श्री पीयूष गोयल हेग में सरकार-से-सरकार (जी2जी) स्तर पर व्यापक संवाद का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान वे आर्थिक मामलों एवं जलवायु मंत्री तथा विदेश व्यापार एवं विकास सहयोग मंत्री के साथ द्विपक्षीय मंत्रिस्तरीय बैठकें करेंगे। इन बैठकों में व्यापार के विस्तारित अवसरों और हरित परिवर्तन संबंधी पहलों की सम्भावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यात्रा के दौरान उत्तरीय हॉलैंड के किंग्स कमिश्नर तथा डच संसद की विदेश व्यापार और यूरोपीय मामलों संबंधी समितियों के सदस्यों के साथ भी महत्वपूर्ण चर्चा होगी।
श्री पीयूष गोयल के साथ जर्मनी और नीदरलैंड की यात्रा पर लगभग 100 कारोबारी और स्टार्टअप्स के प्रतिनिधि भी जाएंगे। श्री गोयल के साथ आए भारतीय कारोबारी प्रतिनिधि मंडल का बर्लिन में एक समानांतर कार्यक्रम होगा, जिसमें जर्मनी की कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) और भारतीय कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्रवार गोवमेज़ बैठकें की जाएंगी। इन गोलमेज़ बैठकों में ऑटोमोटिव, उन्नत विनिर्माण, अवसंरचना और ऊर्जा; सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमता और सेवाएं; कृषि-खाद्य उत्पाद, उपभोक्ता वस्तुएं और वस्त्र; तथा स्वास्थ्य सेवा, औषधि और स्वास्थ्य-संवर्धन जैसे क्षेत्र शामिल होंगे। प्रतिनिधिमंडल जर्मनी में निवेश करने और वहाँ व्यावसायिक परिचालन स्थापित करने के विषय पर जर्मनी व्यापार एवं निवेश संस्था (जीटीएआई) के साथ आयोजित भारत-जर्मनी निवेश गोलमेज़ बैठक में भी भाग लेगा। इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल औद्योगिक रूपांतरण, उन्नत प्रौद्योगिकी, सूक्ष्म इलेक्ट्रॉनिक्स, कौशल विकास तथा भारत-जर्मनी व्यापार, निवेश और सुदृढ़ आपूर्ती श्रृंखलाओं से संबंधित विषयों पर जर्मनी के नवाचार एवं अनुसंधान संस्थानों और विचार-मंचों के साथ संवाद करेगा।
भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल 25 अक्टूबर 2026 को रॉटरडैम बंदरगाह का भी दौरा करेगा, जहाँ वो बंदरगाह की लॉजिस्टिक्स तथा आपूर्ती श्रृंखला संबंधी अवसंरचना को देखेगा। श्री पीयूष गोयल 26 अक्टूबर 2026 को हेग में आयोजित होने वाले भारत-नीदरलैंड व्यापार मंच में दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधियों को सम्बोधित करेंगे। इस अवसर पर नीदरलैंड के विदेश व्यापार एवं विकास सहयोग मंत्री भी उपस्थित रहेंगे। व्यापार मंच के बाद छह समानांतर क्षेत्रवार गोलमेज़ बैठकें और व्यवसाय-से-व्यवसाय (बी2बी) नेटवर्किंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगें। इनमें कृषि-खाद्य उत्पाद एवं खाद्य प्रसंस्करण; उच्च प्रौद्योगिकी एवं नवाचार; सतत विकास एवं नवीकरणीय ऊर्जा; लॉजिस्टिक्स एवं आपूर्ती श्रृंखला कनेक्टिविटी; विनिर्माण, औषधि, वस्त्र एवं इंजीनियरिंग वस्तुएं; तथा सेवाएं और संबद्ध क्षेत्र शामिल होंगे।
***
पीके/केसी/आरटी/आईएम/एनजे
(रिलीज़ आईडी: 2326171)
आगंतुक पटल : 29