युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने फिटनेस गतिविधियों, नशा-विरोधी शपथ और 5.5 किलोमीटर की साइकिल रैली में युवाओं का नेतृत्व किया


वाराणसी में आयोजित ‘94वें फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ में ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ के संदेश को बढ़ावा दिया गया

प्रविष्टि तिथि: 11 OCT 2026 1:37PM by PIB Delhi

माननीय केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वाराणसी में 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ के 94वें संस्करण का नेतृत्व किया। इस कार्यक्रम में 500 से अधिक साइकिल चालकों एवं 1,000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और नशा-मुक्त युवा व स्वस्थ भारत का संदेश दिया। ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में 2026 आइची-नागोया एशियाई खेलों के पदक विजेताओं - सुश्री प्राची चौधरी, सुश्री पारुल चौधरी, श्री जय कुमार और श्री राज कुमार पाल - ने भी भाग लिया।

इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:00 बजे नमो घाट पर ध्यान सत्र के साथ हुई। इस सत्र का नेतृत्व हैदराबाद के कान्हा शांतिवनम स्थित हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट की युवा कार्यक्रम निदेशक  डॉ. निवेदिता श्रेयांस ने किया। उन्होंने स्वस्थ जीवन जीने के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया। इसके बाद शानदार कथक प्रस्तुति और जोरदार जुम्बा सत्र हुआ, जिसमें सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, गतिविधि और सामुदायिक भागीदारी के जरिए समग्र कल्याण को बढ़ावा दिया गया।

सभा को संबोधित करते हुए, डॉ. मांडविया ने युवाओं से फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। नशा-मुक्त समाज के महत्व पर जोर देते हुए, केन्द्रीय मंत्री और प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ ली और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से निपटने तथा नशा-मुक्त पीढ़ी बनाने के अपने सामूहिक संकल्प को दोहराया। संबोधन के बाद, डॉ. मांडविया ने नमो घाट से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक साइकिल रैली का नेतृत्व किया और वाराणसी की सड़कों पर ‘विकसित भारत के लिए नशा-मुक्त युवा’ के संदेश को फैलाया।

 

इस कार्यक्रम में 2026 आइची-नागोया एशियाई खेलों के विशिष्ट पदक विजेताओं को सम्मानित करके भारत की खेल उपलब्धियों का उत्सव भी मनाया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक विजेता सुश्री प्राची चौधरी, महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर दौड़ में दो कांस्य पदक विजेता सुश्री पारुल चौधरी, मिश्रित 4x400 मीटर रिले में रजत पदक विजेता और पुरुषों की 4x400 मीटर रिले में कांस्य पदक विजेता श्री जय कुमार और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य के रूप में स्वर्ण पदक विजेता श्री राज कुमार पाल शामिल थे।

 

इन खिलाड़ियों की उपस्थिति ने अनुशासन, लगन और समर्पण जैसे उन मूल्यों को रेखांकित  किया जो खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन का आधार हैं। साथ ही, इसने युवा प्रतिभागियों को फिटनेस को अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली चुनने के लिए प्रेरित किया।

 

इस साइकिल रैली ने फिटनेस के संदेश को सामूहिक गतिविधि में बदल दिया और नागरिकों को सक्रिय जीवनशैली को अपनाने और नशा-मुक्त समाज के दूत बनने के लिए प्रोत्साहित किया। ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ ने सफल एथलीटों को समुदायों के करीब लाकर युवाओं को खेल जगत की अनुकरणीय हस्तियों से बातचीत करने और उनकी यात्राओं से प्रेरणा लेने का अवसर भी दिया।

 

इस 94वें संस्करण ने इस बात पर जोर दिया कि फिटनेस सिर्फ शारीरिक गतिविधियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने का एक ऐसा तरीका है जो अनुशासन, मानसिक स्वास्थ्य और जिम्मेदार विकल्पों को बढ़ावा देता है। साइकिल चालन, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, ध्यान और ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प के जरिए, इस कार्यक्रम ने युवाओं से नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने, स्वस्थ आदतें अपनाने और ‘विकसित भारत’ के लिए ‘नशा मुक्त युवा’ पीढ़ी के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

*****

पीके/केसी/आरटी/आर


(रिलीज़ आईडी: 2321960) आगंतुक पटल : 33
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati , Kannada