सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए एनएचएआई ने अतिक्रमण अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई तेज की
प्रविष्टि तिथि:
24 JUN 2026 4:02PM by PIB Delhi
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर बाधा रहित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक बड़ी पहल के तहत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने देश भर में राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारों के किनारे अनधिकृत पार्किंग और अतिक्रमणों को रोकने के लिए प्रयास तेज कर दिए है। यह पहल माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है और यह अधिक सुरक्षित, कुशल और उपयोगकर्ता-अनुकूल राष्ट्रीय राजमार्ग बुनियादी ढांचा तैयार करने के प्रति एनएचएआई की निरंतर प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की अनधिकृत पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण और अनियंत्रित गतिविधियां सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए गंभीर जोखिम उत्पन्न करती हैं और यातायात प्रवाह एवं सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए एनएचएआई ने विभिन्न राज्यों में अनधिकृत पार्किंग के 595 महत्वपूर्ण स्थानों (देशांतर और अक्षांश विवरण सहित) की पहचान की है और राष्ट्रीय राजमार्गों से अनधिकृत पार्किंग को हटाने के लिए राज्य सरकारों, जिला प्रशासनों और प्रवर्तन एजेंसियों के साथ निकट समन्वय में काम कर रहें है।
इसके अलावा, एनएचएआई ने राष्ट्रीय राजमार्ग (भूमि एवं यातायात) नियंत्रण अधिनियम, 2002 के प्रावधानों के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारों से अतिक्रमण हटाने के लिए भी समन्वित प्रयास शुरु किए हैं। संस्थागत समन्वय को और मजबूत करने के लिए एनएचएआई राज्य सरकारों के साथ मिलकर जिला राजमार्ग सुरक्षा कार्यबल की स्थापना तथा अनुपालन की निगरानी तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने हेतु नोडल अधिकारियों की नियुक्ति पर कार्य कर रहा है। ये व्यवस्था समयबद्ध प्रवर्तन कार्रवाई में सहायक होंगी तथा राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर सुरक्षा संबंधी मुद्दों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करेगी।
इसके अतिरिक्त, एनएचएआई ने अपने क्षेत्रीय कार्यालयों को सभी उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणाली (एटीएम) स्थापनाओं का तत्काल ऑडिट करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि यातायात निगरानी कैमरे, वीडियो घटना पहचान प्रणाली, परिवर्तनीय गति पहचान प्रणाली, परिवर्तनीय संदेश साइनबोर्ड और आपातकालीन कॉल बॉक्स जैसे सभी घटक पूरी तरह से चालू हों। साथ ही, एम्बुलेंस और रिकवरी वाहनों की तैनाती, राजमार्ग गश्त को सुदृढ़ करना, एटीएमएस अलर्ट को प्रवर्तन एजेंसियों के साथ एकीकृत करना तथा सुरक्षा अवसंरचना का सक्रिय रखरखाव जैसी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे दुर्घटानों या घटनाओं पर त्वरित प्रतक्रिया, बेहतर परिवर्तन व्यवस्था तथा राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए अधिक सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित होगी।
यह पहल देशभर में यात्रियों और माल परिवहन की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने तथा प्रभावी प्रवर्तन व्यवस्था के माध्यम से अधिक सुरक्षित राष्ट्रीय राजमार्ग विकसित करने के प्रति एनएचएआई की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
***
पीके/केसी/आईएम/एसवी
(रिलीज़ आईडी: 2277583)
आगंतुक पटल : 51