एमआईएफएफ 2026 में सदाबहार क्लासिक फिल्म ‘एलिस इन वंडरलैंड’ का प्रदर्शन: सपनों की दुनिया की एक जादुई यात्रा
19वें मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) 2026 ने अपने विविधतापूर्ण कार्यक्रमों में पुरानी यादों, कल्पना और आश्चर्य का समावेश करते हुए, प्रसिद्ध एनिमेटेड क्लासिक ‘एलिस इन वंडरलैंड’ को विशेष रूप से प्रदर्शित किया। इस विशेष प्रदर्शन ने महोत्सव में आए दर्शकों को इस बेहतरीन एवं लोकप्रिय फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने का एक अनूठा अवसर प्रदान किया।
लुईस कैरोल के प्रसिद्ध उपन्यास ‘एलिस इन वंडरलैंड’ पर आधारित, इस फिल्म को विल्फ्रेड जैक्सन, क्लाइड गेरोनिमी और हैमिल्टन लुस्के की दूरदर्शी तिकड़ी ने निर्देशित किया है। एनिमेशन की सदाबहार क्लासिक फिल्मों में से एक मानी जाने वाली, यह फिल्म दिखाती है कि कैसे कालजयी साहित्य को एक जीवंत एवं मनोरंजक सिनेमाई अनुभव में बदला जा सकता है।

एक चमकदार एवं संगीतमय सपनों की दुनिया
लुईस कैरोल की मूल रचना जहां अपने चतुराई-भरी शब्दों की जादूगरी, अनोखे किरदारों और दार्शनिक भावों के लिए प्रसिद्ध है, वहीं इसका एनिमेटेड रूपांतरण रंग-बिरंगे दृश्यों, कहानी कहने के जीवंत अंदाज और यादगार संगीत के जरिए वंडरलैंड को जीवंत कर देता है।
यह फिल्म एलिस नाम की एक जिज्ञासु युवा लड़की की कहानी है, जो एक अनोखी एवं काल्पनिक दुनिया की एक अद्भुत यात्रा पर निकलती है। इस दुनिया में बात करने वाले फूल, शरारती चेशायर बिल्ली, हमेशा देर से आने वाला सफेद खरगोश और दमदार ‘क्वीन ऑफ हार्ट्स’ जैसे किरदार रहते हैं। इस यात्रा के दौरान, एलिस कई ऐसे यादगार किरदारों और अनुभवों से गुजरती है जो हकीकत एवं कल्पना के बीच के अंतर को धुंधला कर देते हैं।
इस फिल्म की सबसे खास बातों में से एक है इसका मोहक संगीत। ‘द अनबर्थडे सॉन्ग’ और ‘गोल्डन आफ्टरनून’ जैसे लोकप्रिय गाने इस कहानी में बेहद ही खूबसूरती से पिरोए गए हैं। ये गाने वंडरलैंड के चंचल स्वभाव को दिखाते हैं और इसकी मजेदार अजीबोगरीब चीजों को यादगार संगीतमय पलों में बदल देते हैं।

सात दशकों से अधिक के जादू का उत्सव
अपनी पहली रिलीज के सत्तर वर्ष से अधिक समय बाद भी, ‘एलिस इन वंडरलैंड’ दुनिया भर के दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रही है। इसकी सदाबहार लोकप्रियता का राज है कल्पना एवं जिज्ञासा का उत्सव मनाना और इस विचार को अपनाना कि सपनों का कोई मतलब होने के लिए तर्कसंगत होना जरूरी नहीं है।
कल्पनाशील एनिमेशन, जीवंत किरदारों और अद्भुत दृश्यों से लैस यह फिल्म एक ऐसी सदाबहार रचना है जो बच्चों एवं बड़ों, दोनों को ही पसंद आती है। एमआईएफएफ 2026 में इसके प्रदर्शन ने एनिमेटेड कहानी कहने की कला की स्थायी शक्ति और वास्तविक दुनिया से परे की दुनिया को खोजने की सार्वभौमिक खुशी की याद दिलाई।
ऑस्कर पुरस्कार प्राप्त लघु फिल्मों की स्क्रीनिंग और प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय फिल्मकारों की मास्टरक्लास जैसे महोत्सव के अन्य मुख्य आकर्षणों के बाद, ‘एलिस इन वंडरलैंड’ को शामिल करने से एमआईएफएफ 2026 का विविधतापूर्ण कार्यक्रम और भी समृद्ध हो गया तथा इसने सिनेमा के जादू, रचनात्मकता और सदाबहार आकर्षण का उत्सव मनाया।
* * *
पीके/केसी/आर /डीके
रिलीज़ आईडी:
2275769
| Visitor Counter:
77