विरासत से आशा तक: उभरते फिल्म निर्माताओं ने 19वें मुंबई महोत्सव में भारत के अनेक पहलुओं को चित्रित किया
युवा फिल्म निर्माता MIFF में संस्कृति, समुदाय और परिवर्तन की कहानियों के माध्यम से भारत के बहुआयामी स्वरूपों को चित्रित करते हैं
19वें MIFF के "इमर्जिंग वॉइसेस: फिल्म स्कूल एडिशन" खंड में दर्शकों को युवा फिल्म निर्माताओं के नजरिए से दुनिया को देखने का मौका मिल रहा है। फ्रांस और जर्मनी के जाने-माने फिल्म स्कूलों की फिल्मों के साथ-साथ, इस खंड में पूर्वोत्तर सहित पूरे भारत के फिल्म संस्थानों की 27 फिल्में शामिल हैं। ये सभी फिल्में भारत के लोगों, संस्कृतियों और अनुभवों की समृद्ध विविधता को दर्शाती हैं। ये फिल्में पहचान, संस्कृति, परिवार, सामाजिक मुद्दे, आशा, लचीलापन और मानवीय संबंधों जैसे विभिन्न विषयों पर आधारित हैं। इन फिल्मों का प्रदर्शन पूरे महोत्सव के दौरान किया जा रहा है।
इस खंड में पुणे स्थित भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (FTII) की चार फिल्में; कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (SRFTI) की तीन फिल्में; तमिलनाडु स्थित ऑरोविल फिल्म संस्थान की चार फिल्में; कटक स्थित बीजू पटनायक फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान की एक फिल्म; असम स्थित डॉ. भूपेन हजारिका क्षेत्रीय सरकारी फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान की दो फिल्में; अहमदाबाद स्थित राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (NID) की तीन फिल्में; कर्नाटक स्थित आरवी विश्वविद्यालय की चार फिल्में; रोहतक स्थित दादा लक्ष्मीचंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय की तीन फिल्में; और मुंबई स्थित व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल की तीन फिल्में शामिल हैं। ये सभी फिल्में मिलकर देशभर के विभिन्न क्षेत्रों और कथा कहने की परंपराओं का प्रतिनिधित्व करती हैं।
कुछ प्रमुख फिल्में स्थानीय परंपराओं, संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रहे ज्ञान को संरक्षित करने के महत्व पर केंद्रित हैं। FTII की फिल्म "In Search Of Stone" प्राचीन स्थलों से लोगों के जुड़ाव को दर्शाती है और उनके संरक्षण से संबंधित प्रश्न उठाती है। FTII की फिल्म "Black Clay" (Khiew Ramew) पारंपरिक शिल्पकला और भविष्य के लिए उनके संरक्षण के महत्व को उजागर करती है।
कुछ फिल्में रोजमर्रा की जिंदगी की चुनौतियों को दर्शाती हैं। SRFTII की फिल्म " दुर्जोग" दिखाती है कि कैसे आर्थिक तंगी लोगों को कठिन परिस्थितियों और मुश्किल फैसलों में धकेल सकती है। " द लास्ट हर्ड" (मोइशाल) एक प्राकृतिक आपदा के बाद लोगों के जीवन को फिर से संवारने की कहानी बयां करती है, जिसमें नुकसान और संघर्ष दोनों शामिल हैं।

पारिवारिक और व्यक्तिगत संबंध भी महत्वपूर्ण विषय हैं। " केप ऑफ गुड होप" प्रियजनों की देखभाल की जिम्मेदारियों और इन जिम्मेदारियों के परिवारों पर पड़ने वाले प्रभावों पर प्रकाश डालती है। नगालैंड, "ए विजुअल पोएम इक्स्प्लोर लव" प्रेम, स्मृति और उन स्थानों के साथ लोगों के मजबूत बंधन को दर्शाती है जिन्हें वे अपना घर कहते हैं।
एल-लर्न(ताल-मेल) फिल्म में युवाओं के सपनों और संघर्षों को दर्शाया गया है। युवा संगीतकारों के जीवन के माध्यम से यह फिल्म दिखाती है कि कैसे कला कठिन समय में भी आत्मविश्वास, उद्देश्य और आशा प्रदान कर सकती है।
"इमर्जिंग वॉइसेस: फिल्म स्कूल एडिशन" खंड में शामिल फिल्में भारत और दुनिया के विभिन्न हिस्सों की कहानियां बयां करती हैं। स्थानीय समुदायों और वास्तविक जीवन के अनुभवों पर आधारित ये फिल्में युवा फिल्म निर्माताओं की रचनात्मकता को उजागर करती हैं और लोगों, संस्कृति और समाज पर गहन चिंतन प्रस्तुत करती हैं।

* * *
पीके/केसी/जेएस
रिलीज़ आईडी:
2274768
| Visitor Counter:
58