युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अंडर-18 हॉकी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली पुरुष और महिला टीमों को सम्मानित किया

प्रविष्टि तिथि: 08 JUN 2026 8:13PM by PIB Delhi

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने जापान में हाल ही में संपन्न हुए अंडर-18 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों को सोमवार को यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के मुख्यालय में सम्मानित किया।

कप्तान केतन कुशवाहा की अगुवाई वाली भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को काकामिगाहारा में खेले गए फाइनल में मेजबान जापान को 4-1 से हराकर अंडर-18 एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया।

केंद्रीय खेल मंत्री ने पुरुष टीम को 61.5 लाख रुपये का चेक सौंपा।

दूसरी ओर, कप्तान स्वीटी कुजुर के नेतृत्व वाली भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक मैच में कोरिया पर 3-0 की शानदार जीत दर्ज करने के बाद अंडर-18 एशिया कप में कांस्य पदक हासिल किया।

डॉ. मांडविया ने प्रोत्साहन के तौर पर महिला टीम को 21 लाख रुपये का चेक सौंपा।

डॉ. मांडविया ने पुरुष और महिला दोनों टीमों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “देश का नाम रोशन करने के लिए दोनों टीमों ने जो कड़ी मेहनत की है, उसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं। पूरा देश आप पर गर्व करता है। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि यह तो बस शुरुआत है। कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। जिसने 13 गोल किए हैं, उसे 15 या उससे अधिक गोल करने का लक्ष्य रखना चाहिए। जिसने 10 गोल रोके हैं, उसे विपक्षी टीम को एक भी गोल न करने देने का लक्ष्य रखना चाहिए। चाहे आप पढ़ाई करें या खेल, पूरी लगन होनी चाहिए। अपनी पूरी क्षमता से प्रदर्शन करते रहें और अपने माता-पिता और शुभचिंतकों को खुश करते रहें, यही आपका लक्ष्य होना चाहिए।

डॉ. मांडविया ने कहा कि भारत सरकार हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परिकल्पित भारत को एक खेल महाशक्ति में बदलने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

खेल मंत्री ने पुरुष और महिला टीम के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर आशीष तानी पूर्ति और नौशीन नाज़, और सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर आयुष राजक को भी सम्मानित किया, जिन्होंने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 10 गोल बचाए।

खेल मंत्री ने भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रानी रामपाल और सरदार सिंह को भी सम्मानित किया, जो क्रमशः अंडर-18 एशिया कप के लिए भारतीय महिला और पुरुष टीमों के कोच के रूप में कार्यरत हैं।

****

पीके/केसी/जीके/  


(रिलीज़ आईडी: 2270456) आगंतुक पटल : 148
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati