कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ताइपे कैपिटल कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उभरते एवं उद्योग-प्रेरित कौशल क्षेत्रों में दो रजत पदक और तीन योग्यता पुरस्कार प्राप्त किया


युवा भारतीय कौशल चैंपियनों ने 15 देशों के प्रतियोगियों के खिलाफ अपनी उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया

प्रविष्टि तिथि: 29 MAY 2026 6:29PM by PIB Delhi

ताइवान की राजधानी ताइपे में 26 मई से लेकर 28 मई 2026 तक आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता ताइपे कैपिटल कप 2026 में टीम इंडिया ने विभिन्न कौशल श्रेणियों में दो रजत पदक एवं तीन योग्यता पुरस्कार प्राप्त कर देश को गौरवान्वित किया। यूरोप, एशिया, अमेरिका और ओशिनिया के 15 देशों के कुछ बेहतरीन युवा कुशल पेशेवरों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए,भारतीय दल ने असाधारण उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया जिससे वैश्विक कौशल शक्ति के रूप में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा की पुनः पुष्टि हुई।

पांच अत्यधिक प्रतिस्पर्धी कौशल श्रेणियों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतियोगियों ने उभरते एवं उद्योग-प्रेरित क्षेत्रों में उत्कृष्ट दक्षता का प्रदर्शन किया जो भारत के कौशल विकास पारिस्थितिकी तंत्र की शक्ति एवं भविष्य के लिए तैयार प्रतिभाओं के पोषण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस दल को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) का समर्थन प्राप्त था, जो भारत के युवाओं को वैश्विक स्तर का प्रशिक्षण, उद्योग से जुड़ाव एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानकीकरण का अवसर प्रदान करते हैं।

ताइपे कैपिटल कप 2026 में टीम इंडिया की उपलब्धियां निम्न प्रकार हैं:

  • सुश्री मुस्कान - पेंटिंग एवं सजावट में रजत पदक
  • श्री अर्जुन सुमति विजयभास्कर - मोबाइल एप्लिकेशन डेवलपमेंट में रजत पदक
  • श्री मोहम्मद मफाज़ पूनाइकन्नन रबी अहमद - सॉफ्टवेयर अनुप्रयोग विकास में योग्यता पुरस्कार
  • श्री सुरेश कुमार गणेशण मीणा – डिजिटल निर्माण में योग्यता पुरस्कार
  • श्री मोहम्मद सेराज - ऑटोमोबाइल प्रौद्योगिकी में योग्यता पुरस्कार

रजत पदक विजेताओं को 8,000 ताइवान डॉलर का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया जबकि योग्यता पुरस्कार प्राप्त करने वालों को 5,000 ताइवान डॉलर का पुरस्कार दिया गया।

कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा, "ताइपे कैपिटल कप 2026 में टीम इंडिया का प्रदर्शन भारत के युवाओं के आत्मविश्वास, क्षमता एवं दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। दुनिया की कुछ बेहतरीन प्रतिभाओं के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए, हमारे चैंपियनों ने यह साबित किया है कि भारतीय कौशल वैश्विक मानकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हो सकता है। पदकों से परे इस प्रकार की प्रतियोगिताएं अमूल्य प्रशिक्षण मैदान के रूप में कार्य करती हैं जो हमारे प्रतियोगियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों से अवगत कराती हैं और उन्हें वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 सहित भविष्य की बड़ी चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं। ऐसी प्रत्येक उपलब्धि वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी, भविष्य के लिए तैयार कार्यबल के निर्माण के हमारे संकल्प को मजबूत करती है और कुशल एवं सशक्त युवाओं द्वारा संचालित विकसित भारत के हमारे दृष्टिकोण का मार्ग प्रशस्त करती है।"

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव श्रीमती देबाश्री मुखर्जी ने दल एवं मार्गदर्शकों को बधाई देते हुए कहा, "ताइपे कैपिटल कप 2026 में टीम इंडिया की सफलता भारत के कौशल विकास तंत्र की बढ़ती शक्ति एवं हमारे युवाओं की वैश्विक स्तरीय क्षमता का प्रदर्शन करती है। मैं इस उपलब्धि के लिए प्रतियोगियों, विशेषज्ञों और मार्गदर्शकों को बधाई देती हूं और अपने देश की राज्य सरकारों, उद्योग भागीदारों एवं प्रशिक्षण संस्थानों को धन्यवाद करती हूं जो निरंतर वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी प्रतिभाओं को पोषित करने में सहायक रहे हैं। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करते हैं और वैश्विक कौशल राजधानी बनने की दिशा में भारत की यात्रा को मजबूत करते हैं।"

भारतीय दल अनुभवी विशेषज्ञों एवं मार्गदर्शकों के मार्गदर्शन में इस प्रतियोगिता में शामिल हुए जिन्होंने प्रतियोगियों को अंतर्राष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन विशेषज्ञों में श्री अंकुर शर्मा (मोबाइल एप्लिकेशन डेवलपमेंट), श्री अनिकेत कुमार पाठक (सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन डेवलपमेंट), सुश्री सौम्या द्विवेदी (पेंटिंग एवं सजावट), श्री प्रसन्ना प्रकाश सामेल (ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी) और श्री शिजू शशिधरन (डिजिटल निर्माण) शामिल थे।

इसकी तैयारी में मारुति सुजुकी, हुंडई मोटर्स, किआ मोटर्स, बिमलैब्स ग्लोबल, जेके सीमेंट द्वारा संचालित वाईपीएसवीईएफ और कई अन्य प्रमुख संगठनों सहित उद्योग भागीदारों का भरपूर सहयोग मिला। उन्नत अवसंरचना, तकनीकी विशेषज्ञता एवं उद्योग-आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से उनके सहयोग ने एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण किया, जिसने टीम इंडिया को विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा करने एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की बढ़ती कौशल उत्कृष्टता को प्रदर्शित करने में सक्षम बनाया।

ताइपे कैपिटल कप 2026 में टीम इंडिया की सफलता, कुशल प्रतिभाओं के वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में भारत की यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस प्रतियोगिता ने वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 सहित बड़ी अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिताओं से पहले एक मूल्यवान तैयारी मंच के रूप में काम किया, साथ ही व्यावसायिक शिक्षा, उद्योग-अनुकूल प्रशिक्षण और भविष्य के लिए तैयार कौशल को बढ़ावा देने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करती है।

जैसे-जैसे भारत 'विकसित भारत' की परिकल्पना को आगे बढ़ाते हुए अपने कौशल विकास तंत्र को मजबूत कर रहा है इस तरह की उपलब्धियां अवसर पैदा करने, नवाचार को बढ़ावा देने और देश के युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सबसे आगे रखने में कौशल की परिवर्तनकारी शक्ति को दर्शाती हैं।

पीके/केसी/एके/डीके


(रिलीज़ आईडी: 2266819) आगंतुक पटल : 112
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Tamil , Malayalam