युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 29 से 31 मई 2026 तक तीन दिवसीय दौरे पर शिलांग जाएंगे
डॉ. मांडविया शिलांग में युवा मामलों के चिंतन शिविर में भाग लेंगे
केंद्रीय मंत्री 30 मई को शिलांग में 39वें राष्ट्रीय खेल 2026 की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे और साथ ही एकीकृत बहुउद्देशीय इनडोर खेल परिसर का उद्घाटन भी करेंगे
डॉ. मांडविया 31 मई को मेघालय के री-भोई जिले में 'पूर्वोत्तर संपर्क सेतु' पहल के तहत केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा करेंगे
प्रविष्टि तिथि:
28 MAY 2026 1:31PM by PIB Delhi
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 29 से 31 मई, 2026 तक तीन दिवसीय दौरे पर मेघालय के शिलांग जाएंगे, जहां वे युवा मामलों, खेल अवसंरचना विकास और राज्य में केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा से संबंधित कार्यक्रमों की श्रृंखला में भाग लेंगे।
इस यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री युवा मामलों के विभाग द्वारा आयोजित चिंतन शिविर में भी भाग लेंगे।
मेघालय के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री श्री वैलाडमिकी शिला और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
डॉ. मांडविया 30 मई को मेघालय के मुख्यमंत्री श्री कॉनराड के. संगमा के साथ शिलांग में एकीकृत बहुउद्देशीय इनडोर खेल परिसर का भी उद्घाटन करेंगे।
132.9 करोड़ रुपये की परियोजना लागत से विकसित किया जा रहा एकीकृत बहुउद्देशीय इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एक आधुनिक बहु-कार्यात्मक खेल सुविधा के रूप में डिजाइन किया गया है, जो अन्य इनडोर खेल आयोजनों के अलावा बास्केटबॉल, बैडमिंटन और वॉलीबॉल जैसे खेलों की मेजबानी करने में सक्षम है।
इस परिसर को राष्ट्रीय खेलों के लिए एक प्रमुख स्थल के रूप में भी परिकल्पित किया गया है और इसमें बहुउद्देशीय हॉल, सभागार, भोज सुविधाएं आदि जैसी एकीकृत अवसंरचना शामिल होगी।
भारतीय ओलंपिक संघ के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मेघालय के साथ 39वें राष्ट्रीय खेलों 2026 के लिए मेजबान राज्य अनुबंध पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री 39वें राष्ट्रीय खेल 2026 से संबंधित तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।
इस बैठक में मेघालय के अधिकारियों और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुतियां और चर्चाएं शामिल होंगी।
इस दौरे के तहत, डॉ. मांडविया शिलांग में उमसावली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण करेंगे, जिसमें जलीय खेल और टेनिस सुविधाएं शामिल हैं, ताकि राज्य में जारी खेल अवसंरचना विकास की समीक्षा की जा सके।
केंद्रीय मंत्री 31 मई को पूर्वोत्तर संपर्क सेतु पहल के तहत मेघालय के री-भोई जिले में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के कार्यान्वयन और प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री की पूर्वोत्तर की तीन दिवसीय यात्रा पूर्वोत्तर क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी को सुदृढ़ करने, खेल अवसंरचना को बढ़ावा देने और समग्र विकास में सहायता करने के प्रति भारत सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
***
पीके/केसी/एसकेजे/ओपी
(रिलीज़ आईडी: 2266355)
आगंतुक पटल : 47