प्रधानमंत्री कार्यालय
प्रधानमंत्री ने इटली के राष्ट्रपति से मुलाकात की
प्रविष्टि तिथि:
20 MAY 2026 7:19PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज इटली के राष्ट्रपति महामहिम श्री सर्जियो मैटारेला से मुलाकात की।
राष्ट्रपति भवन क्विरिनाले में मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने भारत-इटली सम्बंधों को मजबूत करने की दिशा में राष्ट्रपति मैटारेला के समर्थन और नेतृत्व के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। दोनों नेताओं ने भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी की प्रगति पर ध्यान दिया और व्यापार एवं निवेश, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं नवाचार, रक्षा एवं सुरक्षा, अंतरिक्ष, ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) एवं महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, शिक्षा, संस्कृति और जन-सम्बंधों में जारी सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने उभरती प्रौद्योगिकियों और एआई पर भी विचार-विमर्श किया।
दोनों नेताओं ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर शीघ्र हस्ताक्षर होने से साझेदारी को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही समुद्री सुरक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी और ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बहुआयामी भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) के महत्व पर चर्चा की गई।
दोनों नेताओं ने वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की तथा पश्चिम एशिया एवं यूरोप में चल रहे संघर्षों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून, नौवहन स्वतंत्रता और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दोहराया।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति मैटारेला को उनके स्नेहपूर्ण और उदार आतिथ्य सत्कार के लिए धन्यवाद दिया और राष्ट्रपति को आपसी सहमति से सुविधाजनक समय पर भारत आने का निमंत्रण दिया।
***
पीके/केसी/वीके/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2263417)
आगंतुक पटल : 53