प्रधानमंत्री कार्यालय
इजराइल के दौरे पर प्रस्थान से पहले प्रधानमंत्री का वक्तव्य
प्रविष्टि तिथि:
25 FEB 2026 8:36AM by PIB Delhi
अपने प्रिय मित्र प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आमंत्रण पर, मैं 25-26 फरवरी 2026 के लिए इजराइल के राजकीय दौरे पर जा रहा हूं।
भारत और इजराइल के बीच एक सुदृढ़ एवं बहुआयामी सामरिक साझेदारी है, जिसमें हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति और मजबूती देखी गई है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, प्रौद्योगिकी, रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश और दोनों देशों के लोगों के परस्पर संबंधों सहित, विभिन्न क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और सशक्त बनाने के उद्देश्य को लेकर प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ होने वाली अपनी चर्चाओं की मैं प्रतीक्षा कर रहा हूं। हम आपसी हित के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
इस यात्रा के दौरान मैं इजराइल के राष्ट्रपति श्री इसाक हर्जोग से भी मुलाकात करूंगा। मुझे इजराइली संसद ‘केनेस्सेट’ को संबोधित करने वाला प्रथम भारतीय प्रधानमंत्री बनने का भी सम्मान प्राप्त होगा। यह अवसर हमारे दोनों देशों को जोड़ने वाले सुदृढ़ संसदीय और लोकतांत्रिक संबंधों के प्रति एक सम्मान होगा।
मैं भारतीय प्रवासी समुदाय के उन सदस्यों के साथ संवाद करने की भी उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहा हूं, जो लंबे समय से भारत-इजराइल की विशेष मित्रता को सुदृढ़ करते रहे हैं।
मुझे विश्वास है कि मेरा यह राजकीय दौरा दोनों देशों के बीच स्थायी संबंधों को और सुदृढ़ करेगा, सामरिक साझेदारी के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करेगा तथा एक सुदृढ़, नवोन्मेषी और समृद्ध भविष्य के लिए हमारे साझा विजन को आगे बढ़ाएगा।
***
पीके/केसी/एसकेएस/पीके/एसवी
(रिलीज़ आईडी: 2232502)
आगंतुक पटल : 431
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English
,
Urdu
,
Marathi
,
Bengali
,
Bengali-TR
,
Assamese
,
Manipuri
,
Punjabi
,
Gujarati
,
Odia
,
Tamil
,
Telugu
,
Kannada
,
Malayalam