गृह मंत्रालय
क्षमता निर्माण कार्यक्रम के ज़रिए आतंकवाद का मुकाबला
प्रविष्टि तिथि:
03 FEB 2026 4:15PM by PIB Delhi
आतंकवाद को वित्तपोषण के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में भारत के बढ़ते नेतृत्व के हिस्से के रूप में, राजस्व विभाग ने विदेश मंत्रालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय के सहयोग से, मध्य एशियाई गणराज्यों (सीएआर) के प्रतिनिधियों के लिए "क्रिप्टोकरेंसी, क्राउडफंडिंग और गैर-लाभकारी संगठनों के ज़रिए आतंकवाद के वित्तपोषण का मुकाबला (सीएफटी)" विषय पर 21-22 अप्रैल 2025 को नई दिल्ली में अपनी तरह का पहला क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया।
यह पहल आतंकवाद के वित्तपोषण, विशेष रूप से डिजिटल माध्यमों से उभरते खतरों और सामाजिक संरचनाओं के दुरुपयोग से निपटने में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस कार्यक्रम का संचालन राजस्व विभाग के एफएटीएफ सेल, वित्तीय खुफिया इकाई इंडिया (एफआईयू आईएनडी), राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और गृह मंत्रालय के तकनीकी विशेषज्ञों के साथ-साथ ईएजी के एक विशेषज्ञ द्वारा किया गया, जिसमें निम्नलिखित विषयों पर सत्र शामिल थे:
- वर्चुअल एसेट के दुरुपयोग का पता लगाना और उसकी जांच करना
- चरमपंथी गतिविधियों के लिए क्राउडफंडिंग का वर्गीकरण
- गैर-लाभकारी संगठनों की निगरानी के लिए नियामक और वित्तीय खुफिया ढाँचे
ध्यान देने योग्य बात यह है कि मध्य एशियाई देशों के साथ विशेषज्ञता का आदान-प्रदान अप्रैल में आयोजित प्रशिक्षण तक ही सीमित था और प्रशिक्षण के बाद किसी भी प्रकार की विशेषज्ञता का आदान-प्रदान नहीं किया गया है।
भारत विभिन्न कार्यक्रमों के ज़रिए मध्य एशियाई प्रतिनिधियों के साथ तकनीकी विशेषज्ञता साझा कर रहा है। इन कार्यक्रमों में व्यावहारिक सत्र और क्लोज़ डोर परामर्श सत्र शामिल थे, जिनमें निम्नलिखित विषयों पर चर्चा की गई:
- आतंकवाद संबंधी जांचों में वित्तीय खुफिया जानकारी जुटाना
- वर्चुअल एसेट सर्विस प्रोवाइडर्स (वीएएसपी) के दुरुपयोग से उभरते जोखिम
- क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म का शोषण
- कट्टरपंथ का वित्तपोषण और गैर-लाभकारी संगठनों के जोखिम प्रोफाइलिंग के लिए तंत्र
- वित्तीय खुफिया इकाई-भारत (एफआईयू-आईएनडी), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) सहित भारतीय एजेंसियों से केस स्टडी
इसके अलावा, सीएआर के प्रतिभागियों को उनके गृह क्षेत्रों में उपयोग के लिए उनकी क्षेत्राधिकार संबंधी ज़रुरत के मुताबिक अनुकूलित अध्ययन सामग्री भी प्रदान की गई।
भारत ने भविष्य में भी आतंकवाद वित्तपोषण जैसी समान चुनौतियों का सामना कर रहे अन्य क्षेत्रों को सहयोग का प्रस्ताव दिया है। राजस्व विभाग, विदेश मंत्रालय के समन्वय से, राजनयिक और परिचालन समन्वय के अधीन, बिम्सटेक देशों के लिए इसी प्रकार के विषयगत क्षमता-निर्माण मॉड्यूल का आयोजन कर रहा है।
भारत आतंकवाद वित्तपोषण (सीएफटी) से संबंधित दो क्षेत्रीय समूहों, अर्थात् एशियाई प्रशांत समूह (एपीजी) और यूरेशियन समूह (ईएजी) का भी सदस्य है। भारत समय-समय पर इन समूहों के माध्यम से सहयोग करता है।
यह बात गृह मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कही।
***
पीके/केसी/एनएस
(रिलीज़ आईडी: 2222689)
आगंतुक पटल : 71