रेल मंत्रालय
नियंत्रण कक्ष देशभऱ में हर स्टेशन की स्थिति, अतिरिक्त ट्रेनों की जरूरत और अन्य परिचालन संबंधी आवश्यकताओं को लेकर रेलवे की वास्तविक समय में निगरानी और समन्वय को सक्षम बनाते हैं: अश्विनी वैष्णव
श्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अंबाला कैंट स्टेशन का दौरा किया और भारतीय रेलवे द्वारा विशेष त्योहारी मौसम से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया
छठ पर्व की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अगले चार दिनों में 1,205 विशेष ट्रेनें; अक्टूबर और नवंबर 2025 में बिहार के लिए 2,220 विशेष ट्रेनें
भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रसव पीड़ा से गुजर रही यात्री को तत्काल सहायता प्रदान की, जिससे अस्पताल तक सुरक्षित पहुँच सुनिश्चित हुई
यात्रियों ने त्योहारी भीड़ के दौरान सुगम यात्रा अनुभव के लिए रेलवे की विशेष व्यवस्थाओं की सराहना की
Posted On:
23 OCT 2025 8:18PM by PIB Delhi
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के वार रूम का दौरा किया और त्योहारी सीज़न के दौरान यात्रियों की आवाजाही की समीक्षा की। श्री वैष्णव ने कहा कि मंडल (Division), ज़ोन और रेलवे बोर्ड स्तरों पर वार रूम स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बोर्ड को सभी स्थानों से लाइव फीड प्राप्त होती है। उन्होंने आगे कहा कि प्रमुख स्टेशनों पर मिनी कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं। यह निगरानी प्रणाली हर स्टेशन की स्थिति, अतिरिक्त ट्रेनों की आवश्यकता और अन्य परिचालन ज़रूरतों के संबंध में पूरे देश में वास्तविक समय में समन्वय स्थापित करने में सक्षम बनाती है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर बनाए गए होल्डिंग और वेटिंग एरिया की वजह से यात्रियों के प्रवेश की प्रक्रिया अब अधिक सुव्यवस्थित हो गई है। उन्होंने कहा कि त्योहारी भीड़ को संभालने के लिए लगभग 10,700 रिजर्व और 3,000 अनारक्षित ट्रेनें चलाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि कितनी विशेष ट्रेनों की आवश्यकता होगी, इसका निर्धारण पिछले दो वर्षों के डेटा विश्लेषण के आधार पर किया जाता है। इन आंकड़ों को एक मॉडल में फीड किया जाता है, जो हर गंतव्य की मांग का आकलन करता है। श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यात्री वृद्धि का पहला उछाल (पीक) 17 से 20 अक्टूबर के बीच देखा गया, जिसमें 18 और 19 तारीख को सबसे अधिक भीड़ रही, जबकि दूसरा उछाल 22 से 24 अक्टूबर के बीच अपेक्षित है।
उन्होंने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बनाया गया स्थायी होल्डिंग एरिया यात्रियों के लिए अहम सुविधा प्रदान कर रहा है। इसकी क्षमता 7,000 से अधिक लोगों की है और यहां 150 पुरुषों के लिए तथा 150 महिलाओं के लिए शौचालय, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन, टिकट काउंटर और फ्री आरओ वाटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
रेलवे और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन का दौरा किया और त्योहारी सीज़न के दौरान भारतीय रेल द्वारा की गई विशेष व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
भारतीय रेलवे ने यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाया
22 से 24 अक्टूबर के बीच यात्रियों की भीड़ में उछाल (पीक) या वृद्धि की आशंका को देखते हुए, रेलवे ने छठ पूजा से पहले सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के अपने प्रयासों को तेज कर दिया है। नियमित ट्रेन सेवाओं के अलावा, छठ त्योहार की भीड़ को समायोजित करने के लिए अगले चार दिनों में 1,205 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
21 अक्टूबर 2025 को दिल्ली क्षेत्र के छह प्रमुख स्टेशनों-नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन, शकूरबस्ती और गाजियाबाद से 1,69,986 अनारक्षित यात्री रवाना हुए, जो पिछले वर्ष दिवाली के अगले दिन (1 नवंबर 2024) की तुलना में 5.62% अधिक है।
इसी तरह 22 अक्टूबर 2025 को इन छह स्टेशनों से 1,71,753 अनारक्षित यात्री रवाना हुए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.01% अधिक हैं।
आज दिल्ली क्षेत्र से 30 विशेष ट्रेनें रवाना की गईं, जबकि 6 पासिंग स्पेशल ट्रेनें भी इस क्षेत्र से गुजरीं। वहीं, 24 अक्टूबर को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से 17 विशेष ट्रेनों के संचालन की योजना है।
सटीक योजना, उन्नत यात्री सेवाओं और सुविधा एवं देखभाल पर मजबूत ध्यान के माध्यम से, भारतीय रेल एक निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
त्योहारी यात्रा को सहज बनाने के लिए रेलवे ने 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2025 के बीच 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया है। इनमें से 2,220 ट्रेनें बिहार के लिए चलाई जा रही हैं, ताकि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भारी आवाजाही को संभाला जा सके।
बिहार की यात्रा करने वाले यात्रियों ने रेलवे की तैयारियों पर अपनी संतुष्टि व्यक्त की है। उन्होंने विशेष ट्रेनों, सफाई व्यवस्था और सुगम यात्रा अनुभव की सराहना की। नई दिल्ली से सोनपुर तक यात्रा करने वाली शांभवी भारद्वाज ने रेलवे स्टेशन और ट्रेन में उपलब्ध साफ-सफाई और सुविधाओं की प्रशंसा की।
आनंद विहार-भागलपुर वाया विक्रमशिला एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों ने भारतीय रेलवे द्वारा प्रदान की गई सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ की।
त्यौहार विशेष ट्रेनों के यात्रियों ने भी भारतीय रेलवे की उन्नत सुविधाओं की सराहना की।
सोनपुर मंडल के हाजीपुर स्टेशन पर सफाई व्यवस्था ने न केवल भारतीय यात्रियों को बल्कि विदेशी पर्यटकों को भी प्रभावित किया है।
कई यात्रियों ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन स्थित यात्री सुविधा केंद्र की सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने साफ़-सफ़ाई और समग्र व्यवस्था की भी तारीफ की।
त्योहारों की भीड़ के बीच रेल कर्मचारियों की मानवीय सेवा
छठ पूजा के दौरान भारी भीड़ के बीच भी रेलवे के समर्पित कर्मचारियों ने बुजुर्गों, दिव्यांगों और जरूरतमंद यात्रियों की सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष देखभाल की।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रसव पीड़ा से गुजर रही एक महिला यात्री को रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत मदद और प्राथमिक उपचार प्रदान किया। महिला स्टाफ ने उन्हें आगे की चिकित्सा देखभाल के लिए अस्पताल तक पहुंचाया। भारतीय रेल यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि हर जरूरतमंद यात्री को समय पर चिकित्सीय सहायता मिले।
अपने विशाल नेटवर्क, समर्पित कार्यबल और यात्री-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ, भारतीय रेल हर यात्री की कुशलता और देखभाल के साथ सेवा करने के अपने संकल्प पर दृढ़ है। अतिरिक्त ट्रेनें चलाने से लेकर स्वच्छता, सुरक्षा और समयबद्धता बनाए रखने तक, हर प्रयास त्योहारों की भीड़ के दौरान यात्रियों को सुगम यात्रा अनुभव देने के लिए किया जा रहा है। रेलवे कर्मचारियों की सक्रियता और समर्पण यह दर्शाता है कि संगठन देशभर में त्योहारों के दौरान यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित, विश्वसनीय और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
*****
पीके/केसी/केजे
(Release ID: 2181977)
Visitor Counter : 50