स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत ने राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के अंतर्गत 6 करोड़ जांच का लक्ष्य हासिल किया

Posted On: 22 JUL 2025 5:51PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय सिकल सेल मिशन के अंतर्गत लक्षित 7 करोड़ लोगों में से कुल 6 करोड़ लोगों की सिकल सेल रोग (एससीडी) के लिए जांच की जा चुकी है। जांच किए गए लोगों में से 2.15 लाख लोगों में इस रोग का निदान हुआ और 16.7 लाख वाहकों की पहचान की गई। इसके अतिरिक्त, संबंधित राज्यों द्वारा जांच किए गए लोगों को 2.6 करोड़ स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए हैं।

मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, तेलंगाना, कर्नाटक और उत्तराखंड जैसे राज्यों ने अपने लक्ष्यों के सापेक्ष स्क्रीनिंग का उच्च प्रतिशत हासिल करके उल्लेखनीय प्रगति दिखाई है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात राज्यों में निदान किए गए मामलों की सबसे अधिक संख्या दर्ज की गई है।

एससीडी की जांच मान्य पॉइंट-ऑफ-केयर टेस्टिंग (पीओसीटी) किट का उपयोग करके की जा रही है, जो तेज़, विश्वसनीय और पुष्टिकारक परिणाम सुनिश्चित करती है। इसके अलावा, सभी सहभागी राज्यों से स्क्रीनिंग डेटा को समेकित करने के लिए एक समर्पित डैशबोर्ड और एक सिकल सेल रोग पोर्टल स्थापित किया गया है।

भविष्य की प्राथमिकताओं में शेष लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्क्रीनिंग प्रयासों को तीव्र करना तथा रोगग्रस्त या वाहक के रूप में पहचाने गए लोगों के लिए अनुवर्ती कार्रवाई और परामर्श सेवाएं सुनिश्चित करना शामिल है।

माननीय प्रधानमंत्री द्वारा 1 जुलाई 2023 को शहडोल, मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन का उद्घाटन किया गया था। इस मिशन का उद्देश्य जागरूकता पैदा करने के साथ वित्त वर्ष 2025-26 तक प्रभावित आदिवासी क्षेत्रों में 0-40 वर्ष आयु वर्ग के 7 करोड़ व्यक्तियों की सार्वभौमिक जांच, केंद्रीय मंत्रालयों एवं राज्य सरकारों के सहयोग से परामर्श आदि प्रयासों से वर्ष 2047 तक भारत में सिकल सेल एनीमिया को समाप्त करना है।

****

एमजी/केसी/केके/वाईबी


(Release ID: 2147157)