सूचना और प्रसारण मंत्रालय
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने वियतनामी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की
भारत और वियतनाम मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे
Posted On:
05 JUN 2025 5:06PM by PIB Delhi
भारत और वियतनाम ने आज केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और संसदीय मामलों के राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन और वियतनाम के उच्च अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल की बैठक के दौरान मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति प्रकट की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीवी) के पोलित ब्यूरो सदस्य और सीपीवी के केंद्रीय सूचना, शिक्षा और जन एकजुटता आयोग के अध्यक्ष महामहिम श्री गुयेन ट्रोंग न्घिया ने किया। बैठक में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सचिव (आई एंड बी) श्री संजय जाजू ने भी भाग लिया।

भारत और वियतनाम के बीच पारंपरिक रूप से घनिष्ठ और मधुर द्विपक्षीय संबंध हैं। वर्ष 2022 में दोनों देशों ने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ मनाई। वर्ष 2016 में भारतीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की वियतनाम यात्रा के दौरान भारत-वियतनाम द्विपक्षीय संबंधों को 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक बढ़ाया गया था।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन, 2025 (1-4 मई, 2025) में वियतनाम के बड़े प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी की सराहना की। महामहिम श्री गुयेन ट्रोंग न्घिया ने दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में भारत की प्रभावशाली वृद्धि की सराहना की और दोनों देशों के बीच मजबूत मित्रता और साझेदारी पर जोर दिया। दोनों देशों के मीडिया संगठनों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया।

दोनों देशों ने साझा बौद्ध विरासत सहित अपने प्रगाढ़ सभ्यतागत संबंधों पर बल दिया और अपने बहुआयामी सहयोग को और मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से काम करने पर सहमति व्यक्त की।
*****
एमजी/केसी/पीके
(Release ID: 2134259)