आयुष
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय आयुष मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए साप्ताहिक योग पॉडकास्ट की शुरूआत की

Posted On: 11 MAY 2025 5:51PM by PIB Delhi

आयुष मंत्रालय ने एक नई डिजिटल पहल के तहत, अपने साप्ताहिक योग पॉडकास्ट के शुभारंभ की घोषणा की, जिसे मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) ने तैयार किया है। आयुष मंत्रालय में केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साप्ताहिक पॉडकास्ट की शुरूआत की है। इस पॉडकास्ट का उद्देश्य प्राचीन प्रथाओं को आधुनिक जीवनशैली के साथ मिलाकर योग के शाश्वत ज्ञान को घर-घर तक पहुँचाना है।

पॉडकास्ट का पहला भाग योग की दुनिया में एक परिवर्तनकारी यात्रा की शुरुआत करता है। पॉडकास्ट श्रृंखला श्रोताओं को व्यावहारिक चर्चाओं, निर्देशित अभ्यासों और विशेषज्ञ साक्षात्कारों के साथ जोड़ने के लिए तैयार की गई है, जिससे योग सभी उम्र और पृष्ठभूमि के लोगों के लिए सुलभ और प्रासंगिक बन सके।

इसकी शुरूआत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 30 मार्च, 2025 को अपने मन की बात कार्यक्रम के 120वें एपिसोड के दौरान दिए गए संबोधन के बाद की गई है, जिसमें उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व और इसके 2025 की विषय वस्तु: “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” पर जोर दिया था। यह विषय वस्तु शारीरिक, मानसिक और पर्यावरणीय कल्याण को बढ़ावा देने में योग की भूमिका को रेखांकित करती है, जो भारत की एकता और स्थिरता के वैश्विक दृष्टिकोण के साथ प्रतिध्वनित होती है।

पहले भाग में, श्रोताओं को योग के सार और इसके वैश्विक प्रभाव के बारे में एक जीवंत बातचीत में आमंत्रित किया जाता है। पॉडकास्ट इस बात पर प्रकाश डालता है कि कैसे योग, जो कभी एक पवित्र भारतीय परंपरा थी, स्वास्थ्य और सद्भाव के लिए एक विश्वव्यापी आंदोलन बन गई है। यह इस वर्ष के विषय की दार्शनिक जड़ों की भी खोज करता है, जो भारत की जी20 अध्यक्षता और “वसुधैव कुटुम्बकम” - दुनिया एक परिवार है, की प्रकृति से प्रेरित है।

यह भाग इस वर्ष के योग दिवस की विशेष प्रकृति पर भी प्रकाश डालता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की 10वीं वर्षगांठ होने के कारण इस अवसर को मनाने के लिए सरकार ने दस प्रमुख गतिविधियों की शुरुआत की है। ये सभी मिलकर ‘एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग’ विषय वस्तु की व्यावहारिक व्याख्या करते हैं।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के एक दशक पूरे होने के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय ने योग का जश्न मनाने और इसकी पहुंच बढ़ाने के लिए 10 प्रमुख कार्यक्रमों की शुरुआत की है:

योग संगम - विश्व रिकार्ड बनाने के उद्देश्य से 1,00,000 स्थानों पर समन्वित योग।

योग बंधन - प्रतिष्ठित योग सत्रों के लिए 10 देशों के साथ वैश्विक साझेदारी।

योग पार्क - सामुदायिक योग पार्कों का विकास।

योग समावेश - दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए समावेशी कार्यक्रम।

योग प्रभाव - योग और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर एक दशक लंबा प्रभाव अध्ययन।

योग कनेक्ट - योग विशेषज्ञों और स्वास्थ्य पेशेवरों के साथ एक वैश्विक शिखर सम्मेलन।

हरित योग - योग को पर्यावरणीय कार्यों से जोड़ने के लिए स्थिरता पहल।

योग अनप्लग्ड - युवा-केन्‍द्रित योग उत्सव।

योग महाकुंभ - 21 जून तक 10 शहरों में एक सप्ताह तक चलने वाले समारोह।

संयोग - आधुनिक स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों के साथ योग को जोड़ना।

साप्ताहिक योग पॉडकास्ट श्री प्रतापराव जाधव, आयुष मंत्रालय और एमडीएनआईवाई के सभी प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। प्रत्येक एपिसोड में परंपरा, विज्ञान और कहानी कहने का अनूठा मिश्रण होगा, जो श्रोताओं को योग को जीवन शैली के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

अधिक जानकारी और सुनने के लिए, www.yogamdniy.nic.in पर जाएँ।

****

एमजी/केसी/केपी/ डीके


(Release ID: 2128185) Visitor Counter : 2