युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय

खेल विभाग की वर्षांत समीक्षा


चीन के हांगझू में आयोजित एशियाई खेलों में भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 28 स्वर्ण पदक सहित 107 पदक जीते

एशियाई पैरा खेलों में 29 स्वर्ण पदक सहित 111 पदकों के साथ भारतीय दल की ऐतिहासिक जीत

विश्व एथलेटिक चैम्पियनशिप में भारतीय एथलीटों का असाधारण प्रदर्शन

भारत ने एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 का आयोजन भुवनेश्वर-राउरकेला में किया

भारत में पहली बार मोटोजीपी भारत का आयोजन किया गया

भारत ने मुंबई में 141वें अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) सत्र की मेजबानी की: माननीय प्रधानमंत्री ने 2030 के युवा ओलंपिक और 2036 के ग्रीष्मकालीन ओलंपिक की भारत में मेजबानी करने में रुचि घोषित की

पहली बार खेलो इंडिया पैरा गेम्स दिल्ली में आयोजित

37वें राष्ट्रीय खेल गोवा में सफलतापूर्वक आयोजित

राष्ट्रीय खेल दिवस 2023 पर राष्ट्रीय खेल महासंघ और खेलो इंडिया बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए दो पोर्टल की शुरूआत

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का 5वां संस्करण और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का तीसरा संस्करण सफलतापूर्वक आयोजित

Posted On: 19 DEC 2023 5:09PM by PIB Delhi

वर्ष 2023 में अनेक अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय खिलाड़ियों का सराहनीय प्रदर्शन देखने को मिला

  • भारत ने चीन के हांगझू में आयोजित एशियाई खेलों में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए कुल 107 पदक (28 स्वर्ण, 38 रजत, 41 कांस्य पदक) जीते। भारतीय दल ने 2018 संस्करण में देश के 70 पदकों के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया। विशेष रूप से, एथलेटिक्स ने 29 पदकों का योगदान दिया, जबकि तीरंदाजी और निशानेबाजी ने क्रमशः 9 और 22 पदकों का योगदान दिया।
  • एशियाई खेलों में सफलता के बाद एशियाई पैरा खेलों में भारतीय दल की जीत हुई, जो पिछले सभी रिकॉर्डों को पार करते हुए 29 स्वर्ण पदकों सहित ऐतिहासिक 111 पदकों के साथ समाप्त हुई। भारत ने सबसे बड़ी उपलब्धि एथलेटिक्स में हासिल की, जिसमें भारतीय दल ने 18 स्वर्ण पदक सहित 55 पदक हासिल किए।
  • भारतीय एथलीटों ने अगस्त, 2023 में असाधारण प्रदर्शन किया, जिसमें नीरज चोपड़ा ने प्रतिष्ठित विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। भारतीय 4X400 मीटर रिले टीम ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया, वह फाइनल में 5वें स्थान पर रही और फाइनल तक पहुंचते-पहुंचते एशियाई रिकॉर्ड तोड़ दिया। शतरंज में, ग्रैंडमास्टर आर. प्रगनानंदा विश्व नंबर-1, मैग्नस कार्लसन को फाइनल में अच्छी टक्‍कर देने के बाद एफआईडीई विश्व कप में दूसरे स्थान पर रहे।
  • बर्लिन में 17 से 25 जून, 2023 के बीच आयोजित विशेष ओलंपिक विश्व ग्रीष्मकालीन खेल 2023 में 280 सदस्यीय मजबूत भारतीय दल ने 76 स्वर्ण, 75 रजत और 51 कांस्य सहित 202 पदकों के साथ अपना अभियान समाप्त किया।
  • सात्विकसाईराज रेड्डी और चिराग शेट्टी प्रतिष्ठित स्विस ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी बने। इसके अलावा, भोपाल में आयोजित आईएसएसएफ राइफल/पिस्टल विश्व कप 2023 में मेजबान टीम ने 7 पदक (1 स्वर्ण, 1 रजत, 5 कांस्य) जीते और समग्र पदक तालिका में दूसरे स्थान पर रही।

भारत द्वारा 2023 में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम:

  • प्रतिष्ठित एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023, भुवनेश्वर - राउरकेला के लिए 5 दिसम्‍बर को ओडिशा के मुख्यमंत्री ने भुवनेश्वर में एक राष्ट्रव्यापी ट्रॉफी टूर की शुरुआत की। प्रतिष्ठित ट्रॉफी 25 दिसम्‍बर को ओडिशा में अपनी यात्रा समाप्त करने से पहले 13 राज्यों और 01 केन्‍द्र शासित प्रदेश से गुजरी। विश्व कप 13 जनवरी 2023 को शुरू हुआ और फाइनल 29 जनवरी 2023 को खेला गया। जर्मनी ने टूर्नामेंट जीता और बेल्जियम ने रजत पदक जीता।
  • भारत में मोटरस्पोर्ट्स के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण प्रगति हासिल करते हुए, प्रतिष्ठित मोटोजीपी श्रृंखला की दौड़ में से एक, पहली मोटोजीपी भारत का आयोजन बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट, नोएडा में किया गया था। मोटोजीपी दुनिया का शीर्ष स्तरीय मोटरसाइकिल रोड रेसिंग इवेंट है, जहां 11 टीमों का प्रतिनिधित्व करने वाले 22 सवारों ने प्रतिष्ठित खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा की, जिसमें इटली के मार्जो बेज़ेची ने शुरूआती मोटोजीपी भारत खिताब जीता।
  • भारत ने 23 मार्च के दौरान नई दिल्ली में आयोजित आईबीए महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2023 की मेजबानी की, जहां भारतीय महिला मुक्केबाजों (लवलीना बोरगोहेन, निखत ज़रीन, नीतू घनघस और स्वीटी बूरा) ने विभिन्न भार श्रेणियों में 4 स्वर्ण पदक जीते, और भारत को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम का ताज पहनाया गया।
  • इस वर्ष भारत द्वारा शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की अध्यक्षता करने के साथ, युवा कार्य और खेल मंत्रालय ने नई दिल्‍ली में 13 और 15 मार्च 2023 के बीच 3 दिवसीय खेल मंत्रियों और एससीओ विशेषज्ञ कार्य समूह की बैठक की मेजबानी की जिसमें कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, रूस, उज्बेकिस्तान, भारत, पाकिस्तान, चीन और ताजिकिस्तान ने हिस्‍सा लिया। सदस्य राज्यों के प्रतिनिधियों ने खेल भावना के साथ-साथ खेल शिक्षा और खेल विज्ञान के विकास के लिए एक सहयोगी मंच बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।
  • भारत ने 40 वर्षों के अंतराल के बाद मुंबई में 141वें अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) सत्र की मेजबानी की। आईओसी सत्र ओलंपिक मूवमेंट के सर्वोच्च वैश्विक शासन निकाय, आईओसी की वार्षिक सामान्य बैठक है। सत्र का उद्घाटन 14 अक्टूबर 2023 को माननीय प्रधानमंत्री ने किया गया था। आईओसी जनरल बॉडी द्वारा लिया गया एक महत्वपूर्ण निर्णय लॉस एंजिल्स ओलंपिक गेम्स 2028 में क्रिकेट को शामिल करने की मंजूरी थी। इसके अलावा, माननीय प्रधानमंत्री ने युवा ओलंपिक 2030 और 2036 में ग्रीष्मकालीन ओलंपिक की मेजबानी में भारत की रुचि की घोषणा की।

गोवा में राष्ट्रीय खेल सफलतापूर्वक आयोजित:

37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री ने गोवा में पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 26 अक्टूबर 2023 को किया। इस संस्करण ने एक नये अध्‍याय की शुरूआत की, जिसमें सभी राज्यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों के 10,000 से अधिक खिलाड़ियों, कोचों, और अधिकारियों ने भाग लिया। महाराष्ट्र ने 228 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया, उसके बाद सर्विसेज और हरियाणा का स्‍थान रहा।

राष्ट्रीय खेल दिवस 2023 पूरे देश में विभिन्न हितधारकों की सक्रिय भागीदारी के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया, जिसमें भारत सरकार के मंत्रालय और विभाग, राज्य सरकारें, विदेशों में भारतीय मिशन, शैक्षिक संस्थान आदि शामिल थे। राष्ट्रीय खेल दिवस पर इस विभाग ने विभिन्न महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की, जिसमें फिट इंडिया क्विज का तीसरा संस्करण, दो पोर्टलों की शुरूआत भी शामिल थी, एक राष्ट्रीय खेल महासंघों के लिए और दूसरा खेलो इंडिया बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए।

 

फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम:
  • फिट इंडिया क्विज़ के 2 संस्करणों की सफलता के बाद, 29 अगस्त 2023 को तीसरे खेलो इंडिया क्विज़ की शुरूआत की गई।
  • वार्षिक फिट इंडिया क्विज़ के राष्ट्रीय फाइनल्स 23 से 30 जुलाई 2023 के बीच मुंबई में आयोजित किए गए, और राज्य/केन्‍द्र शासित प्रदेश के विजेताओं को माननीय केन्‍द्रीय युवा कार्य और खेल मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। फिट इंडिया क्विज़ सरकार की “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो एकता और उत्कृष्टता को बढ़ावा देता है।

  • स्वच्छ भारत पहल का उत्‍सव मनाने के लिए, फिट इंडिया फ्रीडम रन के चौथे संस्करण का नाम बदलकर फिट इंडिया स्वच्छता फ्रीडम रन 4.0 रखा गया और इसकी शुरूआत 1 अक्टूबर 2023 को नई दिल्ली के मेजर ध्यान चंद राष्ट्रीय स्टेडियम में हुई। फिट इंडिया स्वच्छता फ्रीडम दौड़ 4.0 का आयोजन 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2023 तक किया गया, और यह 31 अक्टूबर 2023 को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के दिन एकता दौड़ के साथ समाप्त हुई। इस अवधि के दौरान, नागरिकों को किसी भी रूप में 30 मिनट तक शारीरिक फिटनेस के लिए समर्पित करने और सक्रिय जीवन शैली अपनाने और भारत को स्वस्थ, साफ और स्वच्छ देश बनाने की दिशा में प्रतिबद्धता जताने के लिए प्रोत्साहित किया गया था।

खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम:

  • युवा और आकांक्षी पैरा एथलीटों की प्रतिभा की पहचान करने और उन्हें प्रदर्शन का अवसर देने की दृष्टि से, पहले खेलो इंडिया पैरा गेम्स का आयोजन 10 दिसम्‍बर से 17 दिसम्‍बर, 2023 तक दिल्ली में किया गया। हरियाणा ने कुल 105 पदकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि उत्तर प्रदेश दूसरे और तमिलनाडु तीसरे स्थान पर रहे।

  • खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेलों (केआईयूजी) का तीसरा संस्करण 2022 का आयोजन सफलतापूर्वक 25 मई से 3 जून, 2023 तक उत्तर प्रदेश में किया गया। इस आयोजन में देश भर के 200 से अधिक विश्वविद्यालयों से लगभग 4700 एथलीटों ने भाग लिया। इस संस्करण में केआईयूजी ने चार शहरों- लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और नोएडा में 21 खेल विधाओं का आयोजन किया। पंजाब विश्वविद्यालय 69 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर रहा, जिसमें 26 स्वर्ण पदक शामिल थे, इसके बाद गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर और जैन विश्वविद्यालय, कर्नाटक थे। जल खेलों के पदार्पण ने केआईयूजी के इस संस्करण को और भी महत्वपूर्ण बना दिया।
  • "खेलो इंडिया दस का दम" का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2023 के अवसर पर किया गया, जिसमें देश भर में आयोजित 1500 से अधिक खेल आयोजनों में 1 लाख से अधिक महिलाओं की भागीदारी देखी। इस आयोजन ने खेलो इंडिया महिला लीग की सफलता को व्यापक बनाने में मदद की, जिसे पहले विभिन्न खेल विधाओं के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें 23,000 महिला एथलीटों ने क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर 240 खेल आयोजनों में भाग लिया था।

 

  • खेलो इंडिया युवा खेलों का पाँचवां संस्करण 11 फरवरी, 2023 को मध्य प्रदेश के भोपाल में ऊपरी झील पर सफलतापूर्वक समाप्त हुआ। महाराष्ट्र ने 161 पदकों (जिसमें 56 स्वर्ण पदक शामिल हैं) के साथ पदक तालिका में पहला स्थान प्राप्त किया, इसके बाद हरियाणा और मध्य प्रदेश ने इन खेलों में स्थान प्राप्त किया।

  • खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों के तीसरे संस्करण का 10 फरवरी, 2023 को गुलमर्ग में उद्घाटन किया गया। इस आयोजन में 2000 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। खेल 14 फरवरी, 2023 को समाप्त हुए, जिसमें जम्मू और कश्मीर ने 76 पदकों (जिसमें 26 स्वर्ण पदक शामिल हैं) के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया, इसके बाद महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश का स्थान रहा। इस अवसर पर युवा कार्य और खेल मंत्री ने 40 खेलो इंडिया केन्‍द्रों की ई-शुरूआत की।

अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शन के नियमों में संशोधन:

  • युवा कार्य और खेल मंत्रालय खिलाड़ियों को प्रमुख प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए हर संभव सहयोग कर रहा है। अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में एथलीटों के बोर्डिंग और लॉजिंग की अधिकतम राशि हाल ही में वर्तमान नियम के अनुसार बढ़ाई गई थी ताकि एथलीटों को उच्च गुणवत्ता का आवास प्रदान किया जा सके। अनुमोदित प्रतियोगिताओं के लिए विदेश यात्रा करने वाले एथलीट अब प्रतिदिन 250 अमेरिकी डॉलर लेने के हकदार होंगे जबकि पहले यह राशि 150 अमेरिकी डॉलर थी। इसके अतिरिक्त, एथलीटों को आधुनिक बुनियादी ढांचा, उपकरण, उत्तम-श्रेणी के प्रशिक्षण और सहायक कर्मचारियों के साथ समग्र  सहयोग दिया जा रहा है।

 

वर्ष 2023 में हुए समझौता ज्ञापन

  • देश में एंटी-डोपिंग माहौल को मजबूत करने के प्रयास में, युवा कार्य और खेल मंत्रालय ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) और हैदराबाद के राष्ट्रीय फार्मास्युटिकल शिक्षा और अनुसंधान संस्थान (एनआईपीईआर हैदराबाद) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य भारत में पोषण पूरक जांच क्षमता की व्‍यवस्‍था करना और पोषण पूरकों के उपयोग से जुड़े जोखिमों के बारे में जागरूकता बढ़ाना, स्वच्छ खेल और एंटी-डोपिंग क्षेत्र में अनुसंधान के अवसर बढ़ाना और खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित और डोप-मुक्त पोषण पूरक विकल्प प्रदान करना है।
  • दक्षिण एशिया क्षेत्रीय एंटी-डोपिंग संगठन (एसएआरएडीओ) की बैठक का आयोजन 3 जुलाई, 2023 को दिल्ली में राष्ट्रीय एंटी-डोपिंग एजेंसी (एनएडीए) द्वारा किया गया था, जिसका उद्देश्य स्वच्छ खेल को बढ़ावा देना और वैश्विक स्तर पर एंटी-डोपिंग परिदृश्य को मजबूत करना था। एनएडीए, भारत और एसएआरएडीओ के बीच खेलों में एंटी-डोपिंग में क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए।

वेब पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन 'नो योर मेडिसिन' का शुभारंभ

  • खेल भावना से खेले जाने वाले खेलों को बढ़ावा देने और पोषण पूरकों के उपयोग पर जागरूकता बढ़ाने के लिए, 13 अप्रैल, 2023 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय एंटी-डोपिंग एजेंसी (एनएडीए) ने एक राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। स्वच्छ पोषण पूरकों की दिशा में प्रयासों को और मजबूत करने के लिए, 'नो योर मेडिसिन' नामक एक वेब-पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन का शुभारंभ किया गया। यह एप्लिकेशन एथलीटों को दवाओं और पूरकों के उपयोग के बारे में सूचित निर्णय लेने में सक्षम बनाएगा, और भारत अब इस तरह की डिजिटल अवसंरचना वाले राष्ट्रों के चुनिंदा समूह में शामिल हो गया है।

***

एमजी/एआर/केपी/डीवी



(Release ID: 1989075) Visitor Counter : 564