पृथ्‍वी विज्ञान मंत्रालय

भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत पूरे देश में 75 दिनों के लिए 75 समुद्री तटों की सफाई की जाएगी


केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में 17 सितंबर, 2022 को अंतरराष्ट्रीय तटीय स्वच्छता दिवस- 2022 की तैयारियों का पूर्वावलोकन करने के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की

हर साल सितंबर के तीसरे शनिवार को आयोजित होने वाला यह वार्षिक कार्यक्रम इस साल 17 सितंबर को हो रहा है, जो संयोग से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन भी है, जो स्वच्छता, समुद्री तट संरक्षण, पर्यावरण और जलवायु संरक्षण के सभी रूपों में आगे रहे हैं

इस साल यह आयोजन देश की आजादी के 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के साथ भी मेल खाता है, तटीय स्वच्छता अभियान 3 जुलाई से 17 सितंबर, 2022 तक यानी 75 दिनों के लिए पूरे देश के 75 समुद्री तटों पर चलाया जाएगा

यह अपनी तरह का पहला और सबसे लंबे समय तक चलने वाला तटीय स्वच्छता अभियान होगा, जिसमें सबसे अधिक संख्या में लोग हिस्सा लेंगे

न केवल तटीय क्षेत्रों बल्कि देश के अन्य हिस्सों की समृद्धि को लेकर "स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर" का संदेश देने के लिए इसमें आम आदमी की भागीदारी जरूरी है

Posted On: 16 JUN 2022 7:01PM by PIB Delhi

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली स्थित पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के मुख्यालय- पृथ्वी भवन में 17 सितंबर, 2022 को आगामी "अंतरराष्ट्रीय तटीय सफाई दिवस 2022" की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0018UVE.jpg

 

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि हर साल सितंबर के तीसरे शनिवार को आयोजित होने वाला यह वार्षिक कार्यक्रम इस साल 17 सितंबर को हो रहा है, जो संयोग से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन भी है, जो स्वच्छता, समुद्री तट संरक्षण, पर्यावरण और जलवायु संरक्षण के सभी रूपों में आगे रहे हैं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002A4EN.jpg

 

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस साल यह आयोजन देश की आजादी के 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर मनाएं जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के साथ भी मेल खाता है। उन्होंने बताया कि 3 जुलाई से 17 सितंबर, 2022 तक यानी 75 दिनों के लिए पूरे देश के 75 समुद्री तटों पर तटीय स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने इस साल के आयोजन की विशिष्टता के बारे में जानकारी दी। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह अपनी तरह का पहला और सबसे लंबे समय तक चलने वाला तटीय स्वच्छता अभियान होगा, जिसमें सबसे अधिक संख्या में लोग हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि न केवल तटीय क्षेत्रों बल्कि देश के अन्य हिस्सों की समृद्धि को लेकर "स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर" का संदेश देने के लिए इसमें आम आदमी की भागीदारी जरूरी है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image003YQP8.jpg

डॉ. जितेंद्र सिंह ने यह भी सुझाव दिया कि तटीय क्षेत्रों के अलावा गैर-तटीय क्षेत्रों को भी विभिन्न विश्वविद्यालय, कॉलेज और अन्य संस्थानों में पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन विभागों/प्रभागों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय तटीय सफाई दिवस पर स्थानीय लोगों तक संदेश पहुंचाने की योजना का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने यह विचार रखा कि तटीय सफाई और सुरक्षा के संबंध में ज्ञान व जानकारी साझा करना देश के समग्र हित में है, न कि केवल कुछ तटीय राज्यों/जिलों के लिए।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image004FTET.jpg

केंद्रीय मंत्री ने इस दिवस के लिए लोगो, विज्ञापन, टैग लाइन और इससे संबंधित अन्य विषयगत पहलुओं का पूर्वावलोकन किया। इसके अलावा उन्होंने मुख्य समारोह की सफलता सुनिश्चित करने के लिए इसके पहले की गतिविधियों में शामिल अधिकारियों को भी निर्देश दिए।

75 दिनों तक चलने वाला यह कार्यक्रम 3 जुलाई, 2022 को विवरणिका (ब्रोशर) के विमोचन और पत्रकारों के साथ बातचीत से शुरू होगा। पूरे देश, विशेष रूप से तटीय राज्यों में इसकी औपचारिक शुरुआत होगी। वहीं, विचारक और मशहूर हस्तियां स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। तटीय स्वच्छता अभियान का लक्ष्य समुद्री तटों से 1,500 टन कचरे को हटाना है। यह समुद्री जीव और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत होगी।

इस आगामी कार्यक्रम के आयोजन में शामिल भारतीय तटरक्षक के महानिदेशक, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय और अन्य संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों ने आज की बैठक में हिस्सा लिया।

*********

एमजी/एमए/एचकेपी
 



(Release ID: 1834718) Visitor Counter : 1740