युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय

केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2021 के खिलाड़ियों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की; मेजबान जैन विश्वविद्यालय ने विजेता का ताज पहना


प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने यह सुनिश्चित करने के लिए एक रोडमैप विकसित किया है कि 2047 तक जब भारत अपनी स्वतंत्रता का 100 वां वर्ष मनाएगा, भारत ओलंपिक में शीर्ष पांच देशों में शामिल होगा: गृह मंत्री

भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों को ओलंपिक में उनकी ऐतिहासिक  उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, फिट इंडिया और खेलो इंडिया यूथ गेम्स पीएम मोदी की दूरगामी सोच का परिणाम हैं: श्री अनुराग ठाकुर

Posted On: 03 MAY 2022 9:03PM by PIB Delhi

एक शानदार समापन समारोह ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2021 के एक और यादगार संस्करण का पटाक्षेप किया, जिसमें देश के युवा और महत्वाकांक्षी खिलाड़यों ने मंच का उपयोग अपने-अपने विश्वविद्यालयों के लिए ख्याति अर्जित करने में किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने मेजबान जैन डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी को पूरे आयोजन के मुख्य विजेता का खिताब प्रदान किया, जिन्होंने 20 स्वर्ण, 7 रजत और 5 कांस्य पदक के साथ अपने अभियान का अंत किया। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, पंजाब ने 17 स्वर्ण, 15 रजत और 19 कांस्य पदक जीते। पिछले खेलों की विजेता पंजाब यूनिवर्सिटी 15 स्वर्ण, 9 रजत और 24 कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में तीसरे स्थान पर रही।

सितारों से सजे समापन समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, गृह और युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री श्री निसिथ प्रमाणिक भी उपस्थित थे।

टोक्यो ओलंपिक खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों की उपस्थिति समारोह का मुख्य आकर्षण थी, और दोनों टीमों को केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा सम्मानित किया गया। कन्नड़ सिनेमा के मशहूर नाम किच्चा सुदीप ने भी इस अवसर की शोभा बढ़ाई।

देश के युवा ब्रिगेड के प्रदर्शन को श्रेय देते हुए, श्री अमित शाह, जिन्होंने एआईयू द्वारा तैयार खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया, ने कहा, "मैं उन सभी विश्वविद्यालयों और एथलीटों को बधाई देता हूं जिन्होंने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2021 में भाग लिया। भाग लेने वाले सभी एथलीट प्रशंसा के पात्र हैं। जीत या हार खेल का हिस्सा है। लेकिन खेलों में प्रतिस्पर्धा करना अधिक महत्वपूर्ण बात है। 2014 के बाद से, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को खेल सहित हर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने को अपने जीवन का एक मिशन बनाया।  उन्होंने समस्याओं के बारे में कभी चिंता नहीं की, लेकिन योजना बनाई, कड़ी मेहनत की और परिणाम लाने के तरीके खोजे। पीएम मोदी ने खेलों में कई पहल की और आज हम उसी पहल का सुंदर परिणाम देख सकते हैं ।"

"मैं खिलाड़ियों को बताना चाहता हूं कि खेल हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण पहलू है। जो खेल खेलता है उसे ही जीवन में सफलता मिलेगी। क्योंकि खेल हमें जीवन में हार का सामना करने का साहस देते हैं। तभी आप जीतने की इच्छा विकसित कर सकते हैं हमारे एथलीट इन दिनों ओलंपिक में हमें गौरवान्वित कर रहे हैं जो कि टोक्यो ओलंपिक 2020 और पैरालंपिक में भारत के अभूतपूर्व पदक तालिका से स्पष्ट है, और पीएम मोदी ने 2047 तक यह सुनिश्चित करने के लिए एक रोडमैप विकसित किया है कि जब भारत अपनी स्वतंत्रता का  100 वां वर्ष मनाएगा, भारत ओलंपिक में शीर्ष पांच देशों में शामिल होगा," श्री अमित शाह ने कहा।

 

भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों और मेजबान जैन विश्वविद्यालय के प्रयासों को बधाई देते हुए, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री, श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा: "खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, फिट इंडिया और खेलो इंडिया यूथ गेम्स पीएम मोदी की दूरगामी सोच का परिणाम हैं। मुझे खुशी है कि हमने इस साल खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का दूसरा संस्करण बेंगलुरू में आयोजित करने का निर्णय लिया। मैं अत्यंत गर्व के साथ कह सकता हूं कि कोविड-19 महामारी के बावजूद, केआईयूजी 2021 एक उत्कृष्ट और सफल आयोजन रहा है। खिलाड़ियों ने यहां इस साल  2 राष्ट्रीय रिकॉर्ड और विश्वविद्यालय खेलों के 76 पिछले रिकॉर्ड तोड़े।"

राज्य सरकार और जैन विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए, कर्नाटक के मुख्यमंत्री श्री बसवराज बोम्मई ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के पोस्टल कवर के शुभारंभ के बाद कहा, "खेल मनुष्य का प्राकृतिक पहलू हैं। यह सभी इंसानों के चरित्र को दिखाता है और उनका निर्माण करता है।  यह व्यक्ति को खेल कौशल का महत्व सिखाता है। आपको जीतने के लिए खेलना है और हारना नहीं है। आपको डरना नहीं चाहिए। हमें हारने का डर नहीं बल्कि जीतने के लिए तैयार रहना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी खेलो इंडिया की सोच के साथ आए हैं । खेल में देश की दिशा बदलने की शक्ति है और मैं भारत के सभी युवाओं से आग्रह करता हूं कि वो देश का नाम रोशन करें।"

****

एमजी/एएम/एसएस
 



(Release ID: 1822541) Visitor Counter : 350