रक्षा मंत्रालय

मिशन सागर–II


आईएनएस ऐरावत द्वारा सूडान को खाद्य सहायता सौंपी गयी

प्रविष्टि तिथि: 02 NOV 2020 8:58PM by PIB Delhi

'मिशन सागर-II' के एक अंग के रूप में, भारतीय नौसेना जहाज ऐरावत ने 02 नवंबर 2020 को पोर्ट सूडान में प्रवेश किया। भारत सरकार प्राकृतिक आपदाओं और कोविड-19 महामारी से उबरने में मित्र देशों को सहायता प्रदान कर रही है। इसी के अनुरूप, आईएनएस ऐरावत सूडान के लोगों के लिए 100 टन खाद्यान्न सहायता की एक खेप लेकर गयी है।

मिशन सागर-II, मई-जून 2020 में संपन्न किए गए प्रथम ‘मिशन सागर’ का अनुसरण करता है। प्रथम ‘मिशन सागर’ के तहत भारत ने मालदीव, मॉरीशस, सेशेल्स, मेडागास्कर और कोमोरोस को खाद्य सहायता और दवाइयां प्रदान की। मिशन सागर-II के एक अंग के रूप में, भारतीय नौसेना जहाज ऐरावत सूडान, दक्षिण सूडान, जिबूती और इरिट्रिया को खाद्यान्न सहायता पहुंचाएगा।

मिशन सागर-II, ‘सागर’ क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप है। यह मिशन भारत द्वारा अपने समुद्री पड़ोसियों के साथ संबंधों के महत्व को रेखांकित करता है और मौजूदा बंधन को और अधिक मजबूत करता है। रक्षा एवं विदेश मंत्रालय और भारत सरकार की अन्य एजेंसियों के साथ नजदीकी समन्वय स्थापित करते हुए भारतीय नौसेना इस मिशन को आगे बढ़ा रही है।

 ***********

एमजी/एएम/वीएस/डीसी


(रिलीज़ आईडी: 1669708) आगंतुक पटल : 408
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Manipuri , Tamil , Telugu