पर्यटन मंत्रालय

पर्यटन मंत्रालय ने देखो अपना देश श्रृंखला के 38वें वेबिनार के अंतर्गत ‘भारतीय मोटरिंग अभियान (ड्राइविंग हॉलीडेज)’ का प्रदर्शन किया

Posted On: 26 JUN 2020 1:41PM by PIB Delhi

     मोटरिंग अभियान हाल ही में उन लोगों के बीच लोकप्रिय हुआ है, जो रोमांच की तलाश कर रहे हैं और यह जानना चाहते हैं कि एक वाहन के साथ देश क्या पेशकश कर सकता है। 25 जून 2020 को “देखो अपना देश” के बैनर तले केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की वेबिनार सीरीज़ में संभावित मोटरिंग एक्सपीडिशन (ड्राइविंग हॉलीडेज इन इंडिया) को प्रदर्शित किया गया। वेबिनार में देश के विभिन्न कोनों में उपलब्ध सड़कों और भूभाग के विविध नेटवर्क को दिखाया गया। देखो अपना देश वेबिनार श्रृंखला एक भारत, श्रेष्ठ भारत के तहत भारत की समृद्ध विविधता दिखाने का प्रयास है।

      देखो अपना देश की वेबिनार श्रृंखला का 38वां सत्र 25.06.2020 को, पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त महानिदेशक सुश्री रूपिंदर बरार द्वारा संचालित किया गया और महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड में हेड-ऑफ-रोड ड्राइवर ट्रेनिंग प्रोग्राम मनीष सरसेर तथा जेके मोटरस्पोर्ट्स और ड्राइवटेक इंडिया के संस्‍थापक हरि सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया।

      श्रीमती रूपिंदर बरार ने सड़क नेटवर्क की लंबाई के मामले में भारत के नेतृत्व की स्थिति बताते हुए सत्र की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि भारत का विश्व में दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क है जिसकी कुल लंबाई लगभग 5,897,671 किलोमीटर है। भारतीय सड़क नेटवर्क में 1000 किमी -एक्सप्रेसवे, 79,243 किमी -नेशनल हाईवे, 1,31,899 किमी -स्टेट हाईवे और अन्य प्रमुख जिले और ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय मोटरिंग अभियान भारत के विभिन्न भू-भागों रेगिस्तान, पठार, पहाड़, उच्चतम दर्रों, तटवर्ती सड़कों आदि को ध्‍यान में रखते हुए किस प्रकार एक शानदार और रोमांचकारी अनुभव प्रदान करता है। प्रस्तुतिकरण की शुरूआत करते हुए, हरि सिंह ने कहा कि कार विलासिता से अधिक अब आवश्‍यकता बन गई है और कार चलाकर छुट्टियां बिताने के लिए जाने से किसी को भी भारत की संस्कृति, विविधता, व्यंजनों और लोगों को अनुभव करने का अवसर मिलता है। मोटर अभियान में थोड़ी सी योजना, रोमांच और ड्राइविंग के लिए जुनून की आवश्यकता होती है। हर अभियान के साथ एक नया अनुभव प्राप्त होता है।

      भारत की विविध जलवायु परिस्थितियों को देखते हुए, मोटरिंग अभियान साल भर की गतिविधि हो सकती है। उदाहरण के लिए हिमालयी क्षेत्र में अभियानों की योजना ग्रीष्मकाल के दौरान बनाई जा सकती है, इसी प्रकार राजस्थान में अभियान सर्दियों में भी किए जा सकते हैं, जबकि पश्चिमी भारत में, विशेषकर महाराष्ट्र में सबसे अच्छा समय मानसून के दौरान जून से सितंबर तक है।

      प्रस्तुतकर्ताओं ने एसयूवी को अधिक ऊंचाई में ड्राइविंग के लिए सबसे उपयुक्त होने की सिफारिश की और इससे अधिक महत्वपूर्ण वाहन रखने वाले को वाहन के बारे में अच्‍छी जानकारी और ड्राइविंग शिष्टाचार की आवश्यकता है।

      प्रस्तुतकर्ताओं ने उन मार्गों में उपलब्ध सेवा केन्‍द्रों के बारे में जानकारी की तरह एक "टू डू" सूची दी ताकि आपात स्थिति में वाहन को देखा जा सके। कुछ स्‍पेयर पार्ट्स जैसे ट्यूब, टायर आदि को ले जाना, यात्रा शुरू करने से पहले वाहन की सर्विसिंग कराना और यात्रा को अधिक सुखद और यादगार बनाने के लिए कार में एक म्यूजिक सिस्टम होना।

      यात्रा क्रम के बारे में बातचीत करते हुए, हिमालय में सबसे लोकप्रिय मोटरिंग अभियान लगभग 9-10 दिन का है। यात्रा चंडीगढ़ शिमला (दोपहर के भोजन के लिए एक पड़ाव) से शुरू होती है नारकंडा (हातू मंदिर और रात भर रहने के लिए यात्रा) सांगला (2 दिन रूकें और दिन के समय में स्थानीय यात्रा का आनंद लें) स्पीति घाटी में नाको (तम्‍बुओं में रहें) काजा घाटी (जहां गाँव का सबसे ऊँचा डाक घर है यानी हिक्किम डाकघर और फिर ग्यू ममी मठ जो लगभग 500 साल पुराना है) मनाली चंडीगढ़।

      लगभग 5 दिनों तक चलने वाले हिमालय में एक और यात्रा कार्यक्रम चंडीगढ़ सांगला काजा घाटी (2 दिन रूकें) मंडी (2 दिन) चंडीगढ़ से शुरू होता है।

      आवास सुविधाओं के बारे में चर्चा करते हुए, वक्ताओं ने कहा कि इन मार्गों पर अभियान के दौरान रहने के लिए बहुत सारे विकल्प उपलब्ध हैं जैसे कि स्टार श्रेणी के होटल, होम स्टे और बुनियादी गेस्ट हाउस। हालांकि, लोगों को होम स्टे का विकल्प तलाशना चाहिए क्योंकि वहां के लोग मेहमाननवाजी में अच्‍छे हैं और आपको स्थानीय यात्राओं में ले जाने में मददगार होते हैं। स्थानीय लोगों के साथ बातचीत के माध्यम से, वास्तव में उनकी संस्कृति, आस्‍था, स्थानीय व्यंजनों और भाषाओं के बारे में पता लगाया जा सकता है। आतिथ्य वास्तव में अद्भुत है।

      नए साल के समय के दौरान एक और मोटर-अभियान यात्रा कार्यक्रम, लगभग 7 दिन का है। यह अभियान दिल्ली सीकर (रात भर रुकना) बीकानेर (2 दिन) जैसलमेर (2 दिन) जोधपुर (रात भर रुकना) जयपुर (रात भर रुकना) दिल्ली से शुरू होता है। एक छोटे अभियान के लिए, 3 दिन के लिए गुजरात जाने की सिफारिश की जाएगी जो अहमदाबाद से कच्‍छ के रण से शुरू होता है।

      दक्षिण भारत का एक लोकप्रिय अभियान बेंगलुरु से शुरू होकर चिकमंगलूर कोचीन मुन्नार तक है जो लगभग 4-5 दिन का होता है।

      पूर्वोत्‍तर में भी मोटरिंग अभियान एक शानदार अनुभव है। नगालैंड की राज्य सरकार दिसंबर के महीने में हॉर्नबिल फेस्टिवल आयोजित करती है, उसी तरह अरुणाचल प्रदेश ऑरेंज फेस्टिवल की मेजबानी करता है। इन त्योहारों की अवधि के दौरान यात्रा मजेदार, निष्पक्ष और संगीत से भरपूर होती है। स्थानीय लोग मेहमाननवाज हैं और यहां तक कि राज्य सरकार के अधिकारी, मुख्यमंत्री से लेकर स्थानीय अधिकारी तक आगंतुकों का स्वागत करते हैं। गुवाहाटी इम्फाल कोहिमा बंदुला तवांग गुवाहाटी से शुरू होने वाली सड़क यात्रा की योजना 7 दिनों की हो सकती है।

प्रस्तुतकर्ताओं ने सलाह दी कि एक मोटर अभियान पर, निम्नलिखित चीजों को हमेशा ले जाना चाहिए :

• ड्राइविंग लाइसेंस

• पहचान पत्र

• भारतीय क्रेडिट कार्ड

• पासपोर्ट

• बीमा कवरेज

     इसके अलावा, एक जिम्मेदार यात्री के रूप में, प्रत्‍येक यात्री को निम्नलिखित दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए:

•   घूमने के स्‍थान पर कूड़ा न फैलाएं। विशेष रूप से हिमालय में विभिन्न अछूते क्षेत्र हैं जो प्रदूषित हो सकते हैं और अपनी प्राकृतिक सुंदरता खो सकते हैं।

•   यात्रियों को हमेशा स्थानीय रीति-रिवाजों और स्थान का सम्मान करना चाहिए। स्थानीय लोगों की गोपनीयता का सम्मान किया जाना चाहिए। एक जिम्मेदार यात्री होना चाहिए और संवेदनशील होना चाहिए और दखलंदाजी नहीं करनी चाहिए।

•   जगह में कोई शोर या गड़बड़ी पैदा न करें। जगह की शांति और तसल्‍ली का आनंद लें।

 

पर्यटन मंत्रालय देखो अपना देश वेबिनार इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) द्वारा बनाए गए राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिवीजन (एनईजीडी) की तकनीकी सहायता से प्रस्‍तुत कर रहा है।

वेबिनार के सत्र अब नीचे दिए गए लिंक पर उपलब्‍ध हैं

https://www.youtube.com/channel/UCbzIbBmMvtvH7d6Zo_ZEHDA/featured

http://tourism.gov.in/dekho-apna-desh-webinar-ministry-tourism

https://www.incredibleindia.org/content/incredible-india-v2/en/events/dekho-apna-desh.html

वेबिनार के सत्र अब पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के सभी सोशल मीडिया हैंडलों पर उपलब्‍ध हैं।

देखो अपना देश का अगला वेबिनार 27 जून 2020 को सुबह 1100 बजे पब्लिक हैल्‍थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा “अनलॉकिंग ट्रैवल एंड टूरिज्‍म सेफली एंड रिस्‍पान्‍सीबली ड्यूरिंग कोविड : अ हैल्‍थ पर्सपैक्टिव” पर प्रस्‍तुत किया जाएगा।

पंजीकरण https://bit.ly/UnlockingTourism पर खुला है।

***

एसजी/एएम/केपी/एसएस
 



(Release ID: 1634618) Visitor Counter : 714