सूचना और प्रसारण मंत्रालय
जीवन को सार्थक क्या बनाता है? 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में कन्नड़ डॉक्यूमेंट्री फिल्म इस सवाल का जवाब जंगल के बीच तलाशती है
जाने-माने कन्नड़ फिल्मकार डॉ. प्रदीप केंचनूरु जिनका पूरा नाम केंचनूरु प्रदीप कुमार शेट्टी है, ने आज गोवा में प्रेस सूचना ब्यूरो द्वारा आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने अपनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म (वृत्त चित्र) द हग ऑफ एम्प्टीनेस के बारे में चर्चा की, जिसे 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के भारतीय पैनोरमा के गैर-फीचर फिल्म खंड में प्रदर्शित किया गया है। वर्ष 2025 में बनी 20 मिनट की यह डॉक्यूमेंट्री फिल्म एक ऐसे व्यक्ति के जीवन के माध्यम से खुशी, मानवीय गरिमा और विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करने का जज़्बा दर्शाती है जिसने अपनी संपत्ति खोने के बाद सुनसान जंगल को अपना घर बना लिया।
इस फिल्म ने इस वर्ष के आरंभ में 19वें मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ फिल्म क्रिटिक्स (एफआईपीआरईएससीआई) पुरस्कार जीता था।

यह फिल्म चंद्रशेखर नाम के व्यक्ति की कहानी है, जिनकी कर्नाटक के सुल्लिया कोऑपरेटिव बैंक के पास गिरवी रखी गई संपत्ति वर्ष 2003 में ऋण चुकाने में असमर्थ रहने के बाद बैंक ने अपने कब्जे में ले ली थी। इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए उन्होंने कानूनी लड़ाई शुरू की जो पिछले दो दशक से भी अधिक समय से जारी है। इस बीच चंद्रशेखर ने जंगल के एक सुनसान हिस्से को अपना घर बना लिया और वहां एकत्र की गई लताओं से टोकरियां बनाकर और उन्हें बेचकर वे अपना जीवनयापन करने लगे। उनकी कहानी न्याय, विस्थापन, एकांत और मानवीय संघर्षशीलता से जुड़े सवाल एक साथ सामने लाती है।
श्री शेट्टी ने इस विषय को चुनने की प्रेरणा के बारे में बताया कि केवल कानूनी विवाद ही नहीं, बल्कि चंद्रशेखर का जीवन दर्शन उन्हें यह डॉक्यूमेंट्री बनाने को प्रेरित करने की मुख्य वजह बनी। घने जंगल, भारी बारिश और वन्यजीवों के बीच रहने और बिजली और सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाओं से दूर चंद्रशेखर ने अपने दैनिक जीवन में एक लय और उद्देश्य खोज लिया है। निर्देशक श्री शेट्टी ने कहा कि खुशी के अलग-अलग रूप हो सकते हैं और इसे हमेशा भौतिक सुख-सुविधाओं के आधार पर परिभाषित करना ज़रूरी नहीं है।
अपनी फिल्म निर्माण शैली की चर्चा करते हुए श्री शेट्टी ने कहा कि उन्होंने कानूनी विवाद पर आधारित पारंपरिक साक्षात्कार-केंद्रित प्रस्तुति से जानबूझकर दूरी बनाई। इसके बजाय, डॉक्यूमेंट्री में एक दिन की गतिविधियों को दर्शाया गया है जिससे चंद्रशेखर की दिनचर्या और जंगल के साथ उनके संबंध को पर्दे पर स्वाभाविक रूप से उभरने का अवसर मिला है।
श्री शेट्टी ने फिल्म के शीर्षक के बारे में कहा कि उन्हें ग्रीस के फिल्मकार योर्गोस लैंथिमोस की फिल्मों और उनमें मानवीय अस्तित्व से जुड़े सवालों की प्रस्तुति से दार्शनिक प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि फिल्म का शीर्षक इस संभावना को दर्शाता है कि ऐसा जीवन जो दूसरों को खाली या अर्थहीन दिखाई देता है उसमें भी जीवन के मायने खोजे जा सकते हैं।

पेशे से शिक्षक और सिनेमा प्रेमी श्री शेट्टी ने इफ्फी के साथ वर्ष 2009 से एक दर्शक के रूप में अपने जुड़ाव का स्मरण किया। स्वतंत्र फिल्म निर्माण की चुनौतियों की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि इस डॉक्यूमेंट्री को 4 लाख रुपये के बजट में बनाया गया है जिसके लिए एक करीबी दोस्त ने आर्थिक मदद और रचनात्मक स्वतंत्रता दी। इसी सिलसिले में उन्होंने साझा रचनात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर जोर दिया।
सत्र का संचालन अलीशा मेहरोत्रा ने किया।
पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहां देखें:
here: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48
***
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2342070)
आगंतुक पटल : 53