रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रक्षा मंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित 66वें राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय पाठ्यक्रम के दीक्षांत एवं विदाई समारोह को संबोधित किया।


बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य में, तात्कालिक सुरक्षा खतरों से प्रभावी ढंग से निपटने के साथ-साथ भविष्य की उभरती चुनौतियों के लिए तैयार रहना समय की अनिवार्य मांग है: श्री राजनाथ सिंह

प्रविष्टि तिथि: 26 NOV 2026 2:56PM by PIB Delhi

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए संस्थानों को निरंतर तैयार और सक्षम बनाने, उभरते जोखिमों का पूर्वानुमान लगाने तथा संभावित परिस्थितियों का व्यापक आकलन करने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य और युद्ध के विकसित होते स्वरूप से उत्पन्न तात्कालिक खतरों का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने का भी आह्वान किया। वे 26 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में 66वें राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) पाठ्यक्रम के दीक्षांत एवं समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। रक्षा मंत्री ने कहा कि वैश्विक शक्ति संतुलन में बदलाव, रणनीतिक प्रभाव के नए केंद्रों का उदय, पारंपरिक गठबंधनों का पुनर्मूल्यांकन और संघर्ष के बदलते तौर-तरीकों ने वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य को पहले से अधिक जटिल बना दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में केवल मौजूदा चुनौतियों से निपटना पर्याप्त नहीं है, बल्कि भविष्य के संभावित खतरों को भांपकर दूरदर्शी रणनीति विकसित करना और राष्ट्रीय सुरक्षा संस्थानों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना भी अनिवार्य है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि पारंपरिक सैन्य खतरों के अलावा साइबर हमले, दुष्प्रचार, आर्थिक दबाव, आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान और अन्य प्रकार के हाइब्रिड युद्ध सुरक्षा के नए आयाम बनकर उभरे हैं। इन बदलती चुनौतियों ने आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा के साथ-साथ शांति और संघर्ष के बीच की पारंपरिक सीमाओं को भी धुंधला कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की विशिष्ट भौगोलिक स्थिति, विस्तृत स्थलीय सीमाएं, महत्वपूर्ण समुद्री हित और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारियां देश को एक जटिल रणनीतिक परिवेश में खड़ा करती हैं। ऐसे में राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए तात्कालिक चुनौतियों से आगे बढ़कर दूरदर्शी, व्यापक और भविष्य-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है।

श्री राजनाथ सिंह ने रणनीतिक शिक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां रक्षा बलों, सिविल सेवाओं और मित्र देशों के वरिष्ठ अधिकारियों के सामूहिक अनुभव, विशेषज्ञता व बौद्धिक क्षमताओं का लाभ उठाया जा सकता है। रक्षा मंत्री ने सुझाव देते हुए कहा कि राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय में उपलब्ध इस समृद्ध बौद्धिक पूंजी का अधिक प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाना चाहिए, ताकि यहां होने वाले अध्ययन, विचार-विमर्श तथा रणनीतिक विश्लेषण को भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति के निर्माण में प्रत्यक्ष योगदान देने वाले ठोस सुझावों और विचारों में परिवर्तित किया जा सके।

रक्षा मंत्री ने अपने सुझाव में कहा कि एनडीसी रक्षा मंत्रालय के परामर्श से एक संस्थागत तंत्र विकसित कर सकता है, जिसके तहत प्रत्येक पाठ्यक्रम के दौरान गहन अध्ययन और विमर्श के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण समकालीन चुनौतियों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि इन प्राथमिकता वाले विषयों में भारत का रणनीतिक पड़ोस, सीमा प्रबंधन, समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकियां, आर्थिक सुरक्षा, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा तथा आंतरिक व बाहरी सुरक्षा से जुड़े उभरते खतरे शामिल हो सकते हैं। इससे इन विषयों पर गहन रणनीतिक विश्लेषण को प्रोत्साहन मिलेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा नीति-निर्माण के लिए उपयोगी सुझाव प्राप्त हो सकेंगे।

श्री राजनाथ सिंह ने एनडीसी से ऐसी संस्थागत व्यवस्था विकसित करने का भी आग्रह किया, जिसके तहत सेवारत वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, सिविल सेवकों और अन्य संबंधित अधिकारियों को आमंत्रित कर देश के समक्ष मौजूद विशिष्ट समकालीन चुनौतियों को औपचारिक रूप से प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा सके। उन्होंने कहा कि ये चुनौतियां विभिन्न मंत्रालयों और संगठनों के समक्ष मौजूद वास्तविक परिचालन, रणनीतिक, प्रशासनिक एवं नीतिगत चिंताओं से संबंधित हो सकती हैं। इससे एनडीसी के शैक्षणिक ढांचे में वास्तविक परिस्थितियों और जमीनी अनुभवों पर आधारित मुद्दों को शामिल करने में मदद मिलेगी। साथ ही, प्रतिभागियों को इनका विभिन्न दृष्टिकोणों से विश्लेषण करने और व्यापक समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा।

रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि शैक्षणिक शोध को ऐसी नीतिगत सिफारिशों में बदला जाना चाहिए, जिन पर अमल किया जा सके। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम में शामिल होने वालों द्वारा किया गया शोध केवल शैक्षणिक पत्रों या कक्षा की चर्चाओं तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि चुने गए अध्ययनों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जानी चाहिए, जिनमें ठोस, व्यावहारिक और अमल में लाए जा सकने वाले सुझाव शामिल हों। उन्होंने कहा कि इन रिपोर्टों को रक्षा मंत्रालय वे अन्य संबंधित मंत्रालयों को औपचारिक रूप से सौंपा जाना चाहिए, साथ ही सरकार के उचित स्तरों के समक्ष विचार के लिए प्रस्तुत किया जाना चाहिए।

श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि एनडीसी के प्रत्येक पाठ्यक्रम से न केवल प्रशिक्षित रणनीतिक नेतृत्वकर्ताओं का एक नया समूह तैयार होना चाहिए, बल्कि शोध, विश्लेषण एवं नीतिगत सुझावों का ऐसा समृद्ध संकलन भी सामने आना चाहिए, जो देश के संस्थागत ज्ञान के विस्तार और राष्ट्रीय सुरक्षा की तैयारियों को सुदृढ़ करने में योगदान दे सके। उन्होंने कहा कि एनडीसी में विकसित होने वाली इस बौद्धिक पूंजी का उपयोग भारत की रणनीतिक सोच और नीति-निर्माण की प्रक्रियाओं में सार्थक रूप से किया जाना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित संस्थानों और हितधारकों के बीच निरंतर एवं सक्रिय सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि वास्तविक परिस्थितियों में, विशेषकर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में नेतृत्वकर्ताओं के पास निर्णय लेने के समय न तो हमेशा पूरी जानकारी उपलब्ध होती है और न ही वे प्रत्येक संभावित विकल्प का पूरी तरह आकलन कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि रणनीतिक नेतृत्व के लिए उपलब्ध विकल्पों का व्यापक और वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन करते हुए विवेकपूर्ण निर्णय लेना आवश्यक है। इसके साथ ही, किसी भी निर्णय पर पहुंचने से पहले उसके संभावित परिचालन, आर्थिक, कूटनीतिक और संस्थागत प्रभावों का भी समग्र आकलन किया जाना चाहिए।

श्री राजनाथ सिंह ने एनडीसी में उभरती प्रौद्योगिकियों के समावेश के माध्यम से 'स्ट्रैटेजिक गेमिंग एक्सरसाइज' को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन अभ्यासों को अधिक गतिशील, यथार्थपरक और परिस्थितियों के अनुरूप बनाया जाना चाहिए, ताकि विभिन्न रणनीतिक विकल्पों का परीक्षण किया जा सके। रक्षा मंत्री ने जोर देकर कहा कि ऐसे अभ्यासों से प्रतिभागियों को रणनीतिक निर्णयों के व्यापक, दूरगामी और अप्रत्याशित परिणामों को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही, वे जटिल परिस्थितियों में विभिन्न विकल्पों का आकलन करने और उनके संभावित प्रभावों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने में अधिक सक्षम बन सकेंगे।

रक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय को रणनीतिक शिक्षा के क्षेत्र में भारत का प्रमुख संस्थान बताते हुए कहा कि इसकी विशिष्टता इस तथ्य में निहित है कि यह वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, सिविल सेवकों और मित्र देशों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों को एक साझा मंच पर एकत्रित करता है। इससे उन्हें विभिन्न क्षेत्रों की जटिलताओं को समझने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोणों और अनुभवों से सीखने का अनूठा अवसर मिलता है।  उन्होंने कहा कि एनडीसी में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवों, विशेषज्ञताओं और विचारों का संगम आज के समय में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां अब संस्थागत व भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि उनका दायरा लगातार व्यापक तथा बहुआयामी होता जा रहा है।

श्री राजनाथ सिंह ने एनडीसी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, मानवरहित स्वायत्त वाहन, एयरोस्पेस प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष सत्र शुरू किए जाने की सराहना की। उन्होंने पाठ्यक्रम में एक विशिष्ट एआई मॉड्यूल को शामिल करने तथा रणनीतिक गेमिंग अभ्यासों में 'क्लोज्ड-लूप एआई' की अवधारणाओं को समाहित करने की पहल का भी स्वागत किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि इस तरह की पहल से पाठ्यक्रम की समकालीन प्रासंगिकता और प्रभावशीलता बढ़ेगी। साथ ही, भविष्य के रणनीतिक नेतृत्वकर्ताओं को तेजी से विकसित हो रही प्रौद्योगिकियों, उनकी क्षमताओं और राष्ट्रीय सुरक्षा पर उनके संभावित प्रभावों की बेहतर समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।

रक्षा मंत्री ने एनडीसी द्वारा किए गए शैक्षणिक सुधारों और विभिन्न गतिविधियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि आईआईटी मद्रास के सहयोग से संचालित 'स्ट्रैटेजिक लीडरशिप एंड पब्लिक पॉलिसी' में एग्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम पाठ्यक्रम की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं समकालीन प्रासंगिकता को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। श्री सिंह ने कहा कि आईआईटी मद्रास जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के साथ इस शैक्षणिक साझेदारी से राष्ट्रीय सुरक्षा के अध्ययन में प्रबंधन, विज्ञान व प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों की विशेषज्ञता और अनुभव का समावेश हुआ है। इससे प्रतिभागियों को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े जटिल मुद्दों को व्यापक और बहुआयामी दृष्टिकोण से समझने में मदद मिलेगी।

श्री राजनाथ सिंह ने मित्र देशों के अधिकारियों की सहभागिता के माध्यम से भारत के अंतरराष्ट्रीय रणनीतिक संबंधों को मजबूत बनाने में एनडीसी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय अधिकारियों के साथ एक ही मंच पर अध्ययन करने से विदेशी प्रतिभागियों को निरंतर पेशेवर संवाद स्थापित करने, विभिन्न रणनीतिक दृष्टिकोणों को समझने तथा मित्रता और आपसी विश्वास के स्थायी संबंध विकसित करने का अवसर मिलता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि साझा अध्ययन, विचार-विमर्श और अनुभवों के आदान-प्रदान से विकसित होने वाले ये संबंध मित्र देशों के साथ भारत के रणनीतिक जुड़ाव तथा आपसी सहयोग को मजबूत बनाने में एक अमूल्य संपदा सिद्ध होते हैं।

रक्षा मंत्री ने व्यापक अंतरराष्ट्रीय संवाद और रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा देने में अंतर्राष्ट्रीय रणनीतिक जुड़ाव कार्यक्रम (आईएनएसटीईपी) जैसी गतिविधियों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए इस दो सप्ताह के कार्यक्रम के चौथे संस्करण का उल्लेख किया, जिसमें 'ग्लोबल साउथ' के 22 देशों के 25 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा, कार्यक्रम में भारतीय रक्षा बलों और सिविल सेवाओं के 10 वरिष्ठ अधिकारियों तथा रक्षा क्षेत्र की कंपनियों के तीन अधिकारियों ने भी भाग लिया। रक्षा मंत्री ने ऐसी पहलों को विभिन्न देशों के बीच रणनीतिक समझ, अनुभवों के आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रगाढ़ बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

श्री राजनाथ सिंह ने आज की परस्पर गहराई से जुड़ी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत ऐसी चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण में विश्वास रखता है, जो संप्रभुता के सम्मान, आपसी विश्वास और साझा जिम्मेदारियों के सिद्धांतों पर आधारित हो। रक्षा मंत्री ने कहा कि एनडीसी में विकसित होने वाले पेशेवर संबंधों और मित्रता को पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद भी निरंतर बनाए रखा जाना चाहिए। इस संस्थान का अंतरराष्ट्रीय एलुमनाई नेटवर्क अनुभव, विशेषज्ञता और रणनीतिक समझ का एक अमूल्य भंडार है। इसका प्रभावी उपयोग मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ बनाने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

इस अवसर पर एनडीसी के कमांडेंट एयर मार्शल मनीष कुमार गुप्ता, आईआईटी मद्रास के डीन (फैकल्टी) प्रोफेसर के. मुरली, रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, एनडीसी के संकाय सदस्य और पाठ्यक्रम में शामिल प्रतिभागी उपस्थित थे।

66वें रक्षा महाविद्यालय पाठ्यक्रम के बारे में जानकरी

यह पाठ्यक्रम प्रत्येक वर्ष जनवरी से नवंबर तक 47 सप्ताह की अवधि में संचालित किया जाता है और इसे छह प्रमुख शैक्षणिक चरणों में विभाजित किया गया है। इसके अंतर्गत भारत की समझ एवं रणनीति का परिचय, आर्थिक सुरक्षा, विज्ञान व प्रौद्योगिकी, वैश्विक मुद्दे, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा परिदृश्य एवं भारत का रणनीतिक पड़ोस तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए रणनीतियों और ढांचों का गहन अध्ययन कराया जाता है।

इस पाठ्यक्रम में भारत और विदेशों के कुल 122 अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें भारतीय रक्षा बलों, भारतीय सिविल सेवाओं, भारतीय पुलिस सेवा और केंद्र सरकार के विभिन्न अन्य विभागों के अधिकारी शामिल थे। पाठ्यक्रम में 24 मित्र देशों के 40 विदेशी अधिकारियों ने भी सहभागिता की। इनमें अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, भूटान, ब्राजील, मिस्र, इंडोनेशिया, ईरान, जापान, केन्या, कजाकिस्तान, मालदीव, म्यांमार, नेपाल, नाइजीरिया, फिलीपींस, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका, उज्बेकिस्तान और वियतनाम के अधिकारी उपस्थित हुए थे।

   

  ****

पीके/केसी/आरटी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2342060) आगंतुक पटल : 81
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Nepali , Marathi , Assamese , Gujarati , Malayalam