सूचना और प्रसारण मंत्रालय
‘सीमाओं से परे कहानियां’: इफ्फी का 57वां संस्करण भौगोलिक और सामाजिक-सांस्कृतिक सीमाओं से परे फिल्मों को प्रदर्शित करेगा
महोत्सव के निदेशक आशुतोष गोवारिकर ने 57वें संस्करण की परिकल्पना साझा की; मीडिया से महोत्सव के विविध सिनेमाई वर्गों की खोज करने और इसकी वैश्विक लोकप्रियता को प्रदर्शित करने का आग्रह किया
गोवा के पणजी स्थित पीआईबी मीडिया सेंटर में आज 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के अवसर पर एक मीडिया वार्ता आयोजित की गई। इस सत्र में 57वें इफ्फी के महोत्सव निदेशक श्री आशुतोष गोवारिकर और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह शामिल हुए। इस वार्ता का संचालन प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की महानिदेशक (पश्चिम) श्रीमती स्मिता वत्स शर्मा ने किया।
श्री आशुतोष गोवारिकर ने मीडिया को संबोधित करते हुए 57वें इफ्फी की परिकल्पना साझा की, जिसका मुख्य विषय ‘सीमाओं से परे कहानियां’ है। उन्होंने बताया कि यह थीम केवल भौगोलिक और क्षेत्रीय सीमाओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि परिवारों और समाजों के भीतर विद्यमान विभाजनों की भी खोज करती है। इनमें जातिगत भेदभाव, सामाजिक असमानताएं और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक वास्तविकताओं से उत्पन्न विभाजन शामिल हैं। इस महोत्सव का उद्देश्य ऐसी कहानियों को एक मंच पर लाना है, जो सभी सीमाओं से परे जाकर विभिन्न संस्कृतियों के बीच साझा मानवीय अनुभवों को दर्शाती हैं।

श्री गोवारिकर ने महोत्सव की विविध सिनेमाई प्रस्तुतियों को रेखांकित करते हुए इस वर्ष तीन नए वर्गों की शुरुआत की घोषणा की। इनमें एनिमेशन, वृत्तचित्र और फिल्मों पर आधारित फिल्में शामिल हैं। उन्होंने वृत्तचित्रों के बढ़ते महत्व और वृत्तचित्र फिल्म निर्माताओं को अधिक अवसर एवं पहचान दिलाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस पहल के तहत इफ्फी में हाल ही में संपन्न मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) के विजेताओं की फिल्मों की विशेष भव्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी।
उन्होंने महोत्सव के विविध कार्यक्रमों के महत्व पर बल देते हुए कहा कि पूर्वावलोकन, विशेष रूप से चयनित फिल्मों की प्रस्तुतियां और विशेष स्क्रीनिंग सहित प्रत्येक वर्ग सिनेमा की समृद्धि और विविधता को दर्शाने में योगदान देता है। उन्होंने मीडिया कर्मियों से अपने व्यक्तिगत फिल्मी रुझानों से आगे बढ़कर महोत्सव की विभिन्न प्रस्तुतियों को देखने और भव्य फिल्म प्रदर्शन, रेड कार्पेट कार्यक्रमों, अंतरराष्ट्रीय प्रेस कॉन्फ्रेंस तथा पैनोरमा सत्रों में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से फिल्म निर्माताओं और महोत्सव में आए प्रतिनिधियों को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है, वहीं दर्शकों को सिनेमा के विविध दृष्टिकोणों को जानने और समझने का मौका मिलता है।
श्री गोवारिकर ने महोत्सव की पहुंच बढ़ाने में मीडिया की भूमिका को रेखांकित करते हुए मीडिया प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे पूर्वावलोकन सहित विभिन्न वर्गों की फिल्मों को देखें और उनकी कवरेज करें। साथ ही, उन्होंने अपनी स्वतंत्र राय और आलोचनात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि इफ्फी की कहानियों और सिनेमाई प्रस्तुतियों को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने में मीडिया की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
_20261120150349_80476f.jpeg)
उन्होंने पूरे महोत्सव के दौरान महोत्सव की टीम और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच सार्थक एवं अनौपचारिक संवाद को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग देने की इच्छा भी जताई। मीडिया कर्मियों की पेशेवर व्यस्तताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संवाद सत्रों के समय में बदलाव किया गया है, ताकि उन्हें अधिक लचीलापन मिल सके और महोत्सव की गतिविधियों की कवरेज के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध हो।
मीडिया वार्ता के दौरान श्री आशुतोष गोवारिकर ने 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की आधिकारिक विवरणिका का भी विमोचन किया।
इस मीडिया संवाद के माध्यम से महोत्सव की परिकल्पना और कार्यक्रमों की प्राथमिकताओं की जानकारी दी गई। साथ ही, इफ्फी को सिनेमा और अंतर-सांस्कृतिक आदान-प्रदान के एक अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में और अधिक सशक्त बनाने में मीडिया की भागीदारी तथा सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया गया।
Read IFFILOID here:
https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48
****
पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/केके
(रिलीज़ आईडी: 2339083)
आगंतुक पटल : 15