सूचना और प्रसारण मंत्रालय
57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव - इफ्फी 2026, सीमाओं से परे कहानियां विषय वस्तु के साथ गोवा में पूरे विश्व सिनेमा को एक मंच पर लाएगा
86 देशों की 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्में गोवा में सिनेमा के रंग बिखेरेंगी
गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा, 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के लिए गोवा वैश्विक फिल्म समुदाय के स्वागत को तैयार
इफ्फी महोत्सव निदेशक आशुतोष गोवारिकर ने सीमाओं के पार संस्कृतियों को जोड़ने में सिनेमा की शक्ति रेखांकित की
57वें इफ्फी की उद्घाटन फिल्म फादरलैंड, मध्य-महोत्सव फिल्म आई मैटर और वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स समापन फिल्म होगी
इफ्फी 2026 में ब्रिक्स सिनेमा पर विशेष ध्यान, भारतीय फिल्म रामायण से ब्रिक्स खंड का शुभारंभ होगा
इंडियन पैनोरमा में 18 भाषाओं की 76 फिल्मों के साथ भारतीय सिनेमा की विविधता दिखेगी, धुरंधर और बिकमिंग से होगा आरंभ
57वें इफ्फी में स्पेन सम्मानित देश के रूप में अपनी सिनेमाई विविधता पेश करेगा, रूस भागीदार देश के रूप में शामिल होगा
वेव्स फिल्म बाजार और नेटफ्लिक्स मिलकर भारत की रचनात्मक प्रतिभाएं सशक्त और वैश्विक कहानी-प्रस्तुतिकरण सुगम बनाएंगे
नई आवाजें, नई सोच संवर्ग में सात अंतरराष्ट्रीय फिल्में सर्वश्रेष्ठ नवोदित फीचर फिल्म प्रतियोगिता में शामिल होंगी
57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 20 से 28 नवंबर 2026 तक गोवा में आयोजित होगा। सीमाओं से परे कहानियां विषय वस्तु के साथ आयोजित होने वाला यह फिल्म महोत्सव पूरी दुनिया के फिल्मकारों, सिनेमा प्रेमियों और रचनात्मक प्रतिभाओं को एक साथ लाएगा।
महोत्सव में 137 देशों से 1,900 से अधिक फिल्म प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं जो इसकी बढ़ती वैश्विक पहुंच को दर्शाता है। महोत्सव में 86 देशों की 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। यह आयोजन विभिन्न संस्कृतियों के बीच संवाद, विविध कहानी-कथन और सिनेमाई उत्कृष्टता को जीवंत मंच उपलब्ध कराएगा।
57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव - इफ्फी 2026 की कर्टेन रेजर प्रेस कॉन्फ्रेंस (महोत्सव शुरू होने से पहले आयोजित होने वाली प्रारंभिक पत्रकार वार्ता) का आयोजन गोवा के ताज सिडाडे डी गोवा होराइजन में किया गया। गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के इस महोत्सव के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी दी। डॉ. सावंत ने इफ्फी के साथ गोवा के जुड़ाव पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक पहचान और वार्षिक आयोजनों का अभिन्न हिस्सा बन गया है। उन्होंने वैश्विक फिल्म जगत के प्रतिनिधियों के स्वागत की राज्य सरकार की तैयारियों का भी उल्लेख किया जिसमें फिल्म प्रदर्शन स्थलों, परिवहन, आतिथ्य और सार्वजनिक सुविधाओं की व्यवस्थाएं शामिल हैं।
कर्टेन रेजर प्रेस कॉन्फ्रेंस में एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा की उपाध्यक्ष सुश्री एम. दिलैला एम. लोबो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय सचिव श्री चंचल कुमार, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम – एनएफडीसी के अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार, इफ्फी 2026 के महोत्सव निदेशक श्री आशुतोष गोवारिकर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव श्री प्रभात, फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष श्री मधुर भंडारकर, गैर-फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष श्री हिमांशु शेखर खटुआ, एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा के मुख्य कार्यकारी श्री दीपक मंडेकर, एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह और पत्र सूचना कार्यालय पश्चिमी क्षेत्र की महानिदेशक सुश्री स्मिता वत्स शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सूचना एवं प्रसारण सचिव श्री चंचल कुमार ने इफ्फी के विकास को भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा को बढ़ावा देने के साथ ही सिनेमाई उत्कृष्टता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और विविध आवाजों के बीच संवाद प्रोत्साहित करने के प्रमुख मंच के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के इस विचार को याद किया कि कहानियों का पता हो सकता है, लेकिन भावनाओं की कोई सीमा नहीं होती। श्री चंचल कुमार ने इस विचार को विस्तार देते हुए इफ्फी की इस वर्ष की विषय वस्तु सीमाओं से परे कहानियां पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि सिनेमा किस प्रकार भौगोलिक, भाषाई और सांस्कृतिक बाधाओं को पार कर सकता है। उन्होंने भारत की समृद्ध कहानी-प्रस्तुतिकरण परंपराओं का भी उल्लेख किया, जो विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और समुदायों में व्याप्त हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 57वां इफ्फी , अंतरराष्ट्रीय सिनेमाई मंच पर महोत्सव की प्रतिष्ठा को और मजबूत बनाएगा।

57वें इफ्फी के महोत्सव निदेशक अशुतोष गोवारिकर ने सीमाओं से परे कहानियां विषयवस्तु की व्याख्या करते हुए कहा कि सिनेमा में भौगोलिक, भाषाई और सांस्कृतिक सीमाओं के पार पहुंचने तथा सार्वभौमिक मानवीय भावनाओं और कहानी-कथन द्वारा दर्शकों को जोड़ने की अद्भुत शक्ति होती है।

एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक धीरज सिंह ने महोत्सव की समग्र परिकल्पना प्रस्तुत की जिसमें इसकी वैश्विक पहुंच, सिनेमा की विविध प्रस्तुतियों और निरंतर विकसित होती पहचान रेखांकित की।

इफ्फी के 57वें संस्करण की प्रमुख विशेषताएं
उद्घाटन फिल्म
पावेल पावलिकोव्स्की के निर्देशन में बनी महोत्सव की उद्घाटन फिल्म फादरलैंड में नोबेल पुरस्कार विजेता थॉमस मान और उनकी बेटी एरिका की यात्रा को दर्शाया गया है। वर्ष 1949 में युद्ध के बाद विभाजित जर्मनी की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म उस दौर के राजनीतिक और व्यक्तिगत विभाजनों को उजागर करती है। इस फिल्म को 2026 के कान फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला है और इसे 2026 के सिडनी फिल्म पुरस्कार के लिए भी नामांकित किया गया।
आई मैटर होगी 57वें इफ्फी की मध्य-महोत्सव फिल्म
57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 में अलिना शेरबान निर्देशित फिल्म आई मैटर मध्य-महोत्सव फिल्म के रूप में प्रदर्शित की जाएगी। 101 मिनट की यह फिल्म रोमानिया, जर्मनी और बेल्जियम के संयुक्त निर्माण में बनी है। फिल्म में रोमानियाई और रोमानी भाषाओं में संवाद हैं जो महोत्सव में यूरोपीय सिनेमा का विविध दृष्टिकोण प्रस्तुत करेगी।

गाला प्रीमियर
गाला प्रीमियर खंड में 87 देशों की भागीदारी के साथ 14 स्क्रीनिंग होगी। इस खंड में चुनी हुई फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी जिससे दर्शकों को सिनेमा की विविध कहानियों और उत्कृष्ट फिल्मों का अनुभव मिलेगा।
सम्मानित देश : स्पेन
भारत के 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव - इफ्फी में स्पेन सम्मानित देश के रूप में शामिल है। महोत्सव में स्पेन की चार फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें जैमे लोरेंटे के निर्देशन में बनी द बैड सन, , पेद्रो अल्मोदवार के निर्देशन में त्रिनिदाद; बिटर क्रिसमस और जैमे माचिया के निर्देशन में बनी पर्सेगुइएंदो अ माइकल शामिल हैं। इन फिल्मों का चयन स्पेनिश सिनेमा और कहानी कहने की उसकी विविध परंपरा को दर्शाता है। इनके माध्यम से स्पेनिश फिल्मकारों और उनकी सिनेमाई दृष्टि को इफ्फी के अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

साझेदार देश : रूस
भारत के 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव- इफ्फी में रूस साझेदार देश के रूप में शामिल है। इसमें रूसी सिनेमा की विविधता और रचनात्मक समृद्धि दर्शाने वाली चार फिल्मों की विशेष प्रस्तुति होगी। इन फिल्मों में अनास्तासिया कुजिना के निर्देशन में बनी फोर, न्यू होम , बो बो तथा सिडनी ल्यूमेट्स बर्थडे शामिल हैं। इस विशेष प्रस्तुति द्वारा भारतीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को समकालीन रूसी फिल्म निर्माण से परिचित होने, वहां के बदलते सिनेमाई परिदृश्य को समझने तथा सिनेमा के माध्यम से भारत और रूस के बीच सांस्कृतिक और कलात्मक आदान-प्रदान को सराहने का अवसर मिलेगा।

इफ्फी 2026 में दो नए खंडों की शुरुआत
57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 में इस वर्ष सिनेमाई प्रस्तुतियों के विस्तार और कहानी-कथन के विविध रूपों को प्रोत्साहित करने के लिए दो नए खंड आरंभ किए गए हैं। एनिमेशन खंड में पांच उत्कृष्ट एनिमेशन फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इन फिल्मों द्वारा एनिमेटेड सिनेमा में रचनात्मकता और नवाचार प्रस्तुत किया जाएगा। दूसरे खंड फिल्मों पर फिल्में में भी पांच फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इस खंड की शुरुआत प्रसिद्ध फिल्मकारों के सुझावों पर की गई है। इसका उद्देश्य फिल्म निर्माण की कला और शिल्प को प्रमुखता से सामने लाना है।
इफ्फी 2026 में ब्रिक्स सिनेमा पर विशेष ध्यान केन्द्रित
57वें इफ्फी 2026 का एक अन्य प्रमुख आकर्षण ब्रिक्स सिनेमा पर विशेष ध्यान देना होगा।ब्रिक्स खंड की शुरुआत भारत की फिल्म रामायण से होगी। इस खंड में ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देशों की फिल्मों के साथ ही भागीदार देशों की फिल्में भी प्रदर्शित की जाएंगी।
इन फिल्मों के द्वारा दर्शकों को ब्रिक्स देशों की विविध सिनेमाई परंपराओं, सांस्कृतिक दृष्टिकोण और कहानी-कथन की शैलियों को समझने का अवसर मिलेगा।
इंडियन पैनोरमा
इंडियन पैनोरमा खंड के अंतर्गत कुल 76 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। 18 अलग-अलग भाषाओं में ये फिल्में भारत की विविध कहानी-कथन परंपराओं और रचनात्मक उत्कृष्टता प्रदर्शित करेंगी।
चयन प्रक्रिया के दौरान फीचर फिल्म श्रेणी में 404 फिल्में प्राप्त हुईं, जबकि गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में 358 प्रविष्टियां मिली हैं।
सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी) श्रेणी में 46 पात्र प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं।


इंडियन पैनोरमा की शुरूआत फिल्म धुरंधर और बिकमिंग से होगी
57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 के इंडियन पैनोरमा खंड की शुरूआत हिंदी फीचर फिल्म धुरंधर और लद्दाखी भाषा की गैर-फीचर फिल्म बिकमिंग से होगी। दो अलग-अलग भाषाई और सिनेमाई पृष्ठभूमि की इन फिल्मों का चयन भारत की विविध कहानी-कथन परंपराओं को सम्मान देने और सीमाओं से परे सिनेमा की अवधारणा को आगे बढ़ाने की इफ्फी की सोच को दर्शाता है।
सर्वश्रेष्ठ नवोदित फीचर फिल्म प्रतियोगिता
57वें इफ्फी में सर्वश्रेष्ठ नवोदित फीचर फिल्म प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न देशों की सात फिल्में शामिल होंगी, जो उभरते फिल्मकारों और नई सिनेमाई प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करेंगी। प्रतियोगिता में शामिल फिल्में हैं: फेडिंग मैन – जर्मनी, द स्लेज भारत, पेरिस – बेल्जियम, द ब्लैक सी – मिस्र, एल आजे द ओर’ (द गोल्डन एज) – फ्रांस और इटली, बर्ड्स ऑन आइस’ – भारत, अटलांटिक – चीन। इस प्रतियोगिता के माध्यम से पहली बार फीचर फिल्म निर्देशित करने वाले फिल्मकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, व्यापक पहचान हासिल करने और वैश्विक दर्शकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और अगली पीढ़ी के फिल्मकारों को आगे बढ़ाने की इफ्फी की प्रतिबद्धता दर्शाती है।

महिला फिल्मकार, नवोदित निर्देशक और उभरती प्रतिभाएं
57वां इफ्फी नए नजरिए और विविध कहानी-कथन को महत्व देते हुए 52 महिला फिल्मकारों और 62 नवोदित फिल्मकारों को एक मंच पर लाएगा जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा की व्यापकता को दर्शाता है। प्रतियोगिता खंडों में 10 महिला फिल्मकारों और 12 नवोदित फिल्मकारों की भागीदारी होगी। यह पहल महिला फिल्मकारों को प्रोत्साहित करने, नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और अगली पीढ़ी के सिने - कहानीकारों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने की महोत्सव की प्रतिबद्धता रेखांकित करती है।
क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो
महोत्सव में क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो का छठा संस्करण आयोजित किया जाएगा, जिसमें फिल्म निर्माण की 13 विधाओं से चुने गए 100 प्रतिभागी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष रूप से तैयार मास्टरक्लास, कार्यशालाएं, संवाद सत्र, 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती और क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो टैलेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे। प्रतिभागियों को प्रतिष्ठित फिल्म निर्माणकर्ताओं और फिल्म उद्योग के पेशेवरों के साथ संवाद करने, अपने रचनात्मक विचार प्रस्तुत करने और मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग में अवसर तलाशने का अवसर मिलेगा।
वेव्स फिल्म बाजार
वेव्स फिल्म बाजार के माध्यम से फिल्मकारों, निर्माताओं, खरीदारों, वितरकों और फिल्म उद्योग से जुड़े अन्य पक्षधारकों को एक मंच पर लाया जाएगा, ताकि आपसी सहयोग, सह-निर्माण और व्यावसायिक अवसर को बढ़ावा दिया जा सके। इस बाजार में खरीदारों और प्रोडक्शन हाउस सहित 150 आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे। इसकी प्रमुख पहल में पटकथा लेखन प्रयोगशाला (स्क्रीनराइटर्स लैब), सह-निर्माण बाजार, व्यूइंग रूम और निर्माणाधीन फिल्मों की प्रस्तुति के लिए वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब शामिल हैं।

वेव्स बाजार में नॉलेज सीरीज साझेदार के रूप में नेटफ्लिक्स, उद्योग की क्षमता विकास संबंधी पहल में सहयोग प्रदान करेगा। साथ ही भारत की विजुअल इफेक्ट्स क्षमताओं को मजबूत बनाने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कुशल प्रतिभाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार के साथ अपने सहयोग भी प्रदर्शित करेगा। नेटफ्लिक्स की भागीदारी के अंतर्गत पुष्पक विमान का गाला प्रीमियर, रे गन की अंतरराष्ट्रीय स्क्रीनिंग तथा उभरती रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उद्योग में नए अवसरों को बढ़ावा देने के लिए पिचिंग सत्रों का आयोजन भी शामिल होगा।
मास्टरक्लास, पैनल परिचर्चा और संवादात्मक कार्यक्रम
इफ्फी 2026 के अंतर्गत 21 से 27 नवंबर, 2026 तक कला अकादमी में 14 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें मास्टरक्लास, कार्यशालाएं, पैनल चर्चाएं, पूर्वावलोकन कार्यक्रम, संवाद और साक्षात्कार सत्र शामिल होंगे। इन सत्रों में फिल्मकार, कलाकार और फिल्म उद्योग के पेशेवर एक मंच पर एकत्रित होंगे। वे वृत्तचित्र सिनेमा, सीमाओं के पार फिल्म निर्माण, विश्व सिनेमा को आकार देने में महिलाओं की भूमिका, कहानी लेखन, कास्टिंग, सबटाइटलिंग और सिनेमा की उभरती नई विधाओं सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।
जन्मशती श्रद्धांजलि एवं पहले की स्थिति में प्राप्त की गई क्लासिक फिल्में
महोत्सव में प्रतिष्ठित फिल्मकारों और कलाकारों की विरासत को जन्मशती श्रद्धांजलि, पूर्वावलोकन कार्यक्रमों और पहले की स्थिति में प्राप्त क्लासिक फिल्मों के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।
प्रसिद्ध फिल्मकार आंद्रेज वाज्दा को विशेष जन्मशती श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी, जिसके अंतर्गत उनकी पांच फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इसके अलावा, पुनर्स्थापित क्लासिक फिल्म खंड में भी पांच फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इससे दर्शकों को सिनेमा के इतिहास की महत्वपूर्ण कृतियों को एक बार फिर देखने और आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

महोत्सव के आयोजन स्थल एवं जनभागीदारी
भारत का 57वां अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव गोवा को एक जीवंत सिनेमाई केंद्र में बदलने को तैयार है। महोत्सव के दौरान नौ दिनों तक चार स्थानों पर 13 इनडोर स्क्रीन पर फिल्मों का प्रदर्शन होगा। पणजी के प्रमुख महोत्सव केंद्र में आईनॉक्स, माक्विनेज, सम्राट और अशोका के सात स्क्रीन पर फिल्मों का प्रदर्शन होगा। इसके अलावा, पोरवोरिम स्थित आईनॉक्स के स्क्रीन, मडगांव के प्रतिष्ठित रवींद्र भवन और पोंडा के मैजिक मूवी में भी फिल्में दिखाई जाएंगी। महोत्सव में फिल्मों के प्रदर्शन के लिए विविध स्थानों की व्यवस्था की गई है, जहां कुल मिलाकर चार हजार से अधिक दर्शकों के बैठने की क्षमता है। इफ्फी के माध्यम से गोवा के विभिन्न क्षेत्रों के दर्शकों को विश्व सिनेमा के जादुई अनुभव से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
जन्मशती समारोह
इफ्फी 2026 में भारतीय सिनेमा की कई प्रतिष्ठित हस्तियों की जन्मशती मनाई जाएगी। इस अवसर पर प्रख्यात फिल्मकार शक्ति सामंत और राज खोसला, अभिनेता उत्तम कुमार, सूर्यकांत मांढरे, प्रेम नज़ीर और राज कुमार तथा प्रसिद्ध संगीतकार ओ. पी. नैयर और रवि को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। महोत्सव में भारतीय सिनेमा में उनके असाधारण योगदान और देश की सिनेमाई एवं संगीत विरासत को समृद्ध बनाने में उनकी अमूल्य भूमिका का सम्मान किया जाएगा।


एंथनी चेन की फिल्म वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स के साथ 57वें इफ्फी का समापन होगा
एंथनी चेन के निर्देशन में बनी फिल्म वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव – इफ्फी 2026 की समापन फिल्म होगी। सिंगापुर की इस फिल्म की अवधि 157 मिनट है। मंदारिन और अंग्रेजी भाषाओं में यह फिल्म समकालीन सिंगापुरी सिनेमा की विशिष्ट सिनेमाई कृति के साथ महोत्सव का समापन करेगी।

भारत के अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के बारे में
वर्ष 1952 में स्थापित भारत का अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) एशिया के सबसे पुराने और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में से एक है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा गोवा सरकार और एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव विश्व सिनेमा की उत्कृष्ट कृतियां प्रस्तुत करने के साथ ही भारतीय फिल्मों और प्रतिभाओं को वैश्विक मंच पर बढ़ावा देता है। गोवा में हरवर्ष आयोजित होने वाला यह महोत्सव रचनात्मक आदान-प्रदान, नई प्रतिभाओं की खोज और सिनेमाई माध्यम से सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच है।
राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के बारे में
राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत एक सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम है। वर्ष 1975 में स्थापित एनएफडीसी भारतीय सिनेमा को बढ़ावा देने, स्वतंत्र फिल्मकारों को सहयोग देने और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ सह-निर्माण प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह वेव्स फिल्म बाजार भी संचालित करता है, जो भारतीय फिल्मकारों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने तथा मीडिया और मनोरंजन उद्योग में सहयोग के अवसर उपलब्ध कराने का कार्य करता है।
*******
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2335944)
आगंतुक पटल : 52