वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राजस्व खुफिया निदेशालय ने जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी बंदरगाह पर 4 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की लगभग 13 हजार ई-सिगरेट जब्त कीं

प्रविष्टि तिथि: 10 NOV 2026 3:09PM by PIB Delhi

प्रतिबंधित वस्‍तुओं की तस्करी और वन्यजीवों तथा पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील वस्‍तुओं के गैर-कानूनी अंतरराष्ट्रीय व्यापार की तस्करी का पता लगाने और उसे रोकने वाली संस्‍था राजस्व खुफिया निदेशालय-डीआरआई के अधिकारियों ने एक विशेष सूचना के आधार पर नवी मुंबई में जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी के बंदरगाह पर आयात की एक खेप पकड़ी, जिसमें ई-सिगरेट होने का संदेह था। इस खेप में माल को गलत तरीके से मॉप रॉड- पोछा लगाने का डंडा घोषित किया गया था। कंटेनर की गहन जांच में उसमें घोषित मॉप रॉड की खेप में कंटेनर के निचले हिस्से में छिपाकर रखी गई 6 हजार यूटो थानोस ई-सिगरेट और 7 हजार यूटो लेंस ब्रांड की ई-सिगरेट बरामद हुईं।

कुल 13 हजार ई-सिगरेट और उन्हें छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए कवर कार्गो (आड़ के रूप में घोषित माल) को सीमा शुल्क अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जब्त कर लिया गया। इनकी कुल कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

भारत में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और सभी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक निकोटीन संबंधी प्रणालियां प्रतिबंधित हैं। जन स्वास्थ्य और लोगों को इनके हानिकारक प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से वर्ष 2019 में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध (उत्पादन, विनिर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण, भंडारण और विज्ञापन) अधिनियम लागू किया गया था।

मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 में राजस्व खुफिया निदेशालय ने महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और पश्चिम बंगाल के विभिन्न बंदरगाहों, हवाई अड्डों तथा अंतर्देशीय कंटेनर डिपो में कार्रवाई करते हुए लगभग 3 लाख 55 हजार ई-सिगरेट जब्त की हैं, जिनकी कीमत 135 करोड़ रुपये से अधिक है।

ये जब्तियां सीमा पार तस्करी पर काबू पाने तथा देश के आर्थिक और जन स्वास्थ्य हितों की रक्षा करने के प्रति डीआरआई की निरंतर प्रतिबद्धता दर्शाती है।

***

पीके/केसी/आरटी/एकेवी/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2334658) आगंतुक पटल : 81
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Assamese , Bengali , Punjabi , Gujarati , Telugu