राज्यसभा सचिवालय
प्रेस विज्ञप्ति
प्रविष्टि तिथि:
06 OCT 2026 1:03PM by PIB Delhi
राज्यसभा के माननीय उपसभापति श्री हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल अभी तंजानिया के अरुशा में आयोजित 153वीं अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) सभा की बैठक में भाग ले रहा है। सभा के पहले दिन 5 अक्टूबर 2026 को प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लिया।
लोकसभा सांसद और आईपीयू की स्वास्थ्य संबंधी समिति के सदस्य डॉ. संजय जायसवाल ने आईपीयू की स्वास्थ्य संबंधी समिति के सत्रों में भाग लिया।
राज्यसभा के माननीय उपसभापति और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भी एशिया-प्रशांत भू-राजनीतिक समूह की बैठकों में भाग लिया। लोकसभा सांसद और आईपीयू कार्यकारी समिति की सदस्य श्रीमती अपराजिता सारंगी ने बैठक के दौरान समूह के सदस्यों को आईपीयू कार्यकारी समिति की हालिया गतिविधियों और पहलों के बारे में जानकारी दी।
महिला सांसदों के मंच ने भी दिन भर अपने सत्र आयोजित किए। इसके प्रथम सत्र में लोकसभा सांसद श्रीमती कमलजीत सहरावत ने “सभी के लिए समावेशी सामाजिक विकास: दिव्यांगजनों के अधिकारों और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए संसदीय रणनीतियां” विषय पर चर्चा में भाग लिया और भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। लोकसभा सांसद श्रीमती बिजुली कलिता मेधी ने मंच के द्वितीय सत्र में “महिला नेतृत्व” विषय पर चर्चा में भाग लिया।
राज्यसभा सांसद डॉ. सस्मित पात्रा ने एशियाई संसदीय सभा की बैठक में भाग लिया।
लोकसभा सांसद और आतंकवाद एवं हिंसक उग्रवाद का मुकाबला करने संबंधी आईपीयू के उच्च स्तरीय परामर्शदाता समूह (एचएलएजी-सीटीवीई) की सदस्य श्रीमती लता वानखेड़े ने समूह की बोर्ड बैठक में भाग लिया।
राज्यसभा के माननीय उपसभापति के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने निम्नलिखित गणमान्य व्यक्तियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं और पारस्परिक हितों के मुद्दों पर चर्चा की:
1. महामहिम मिल्टन डिक, ऑस्ट्रेलिया की प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष,
2.अति माननीय मूसा अज़ान ज़ुंगु, संयुक्त गणराज्य तंजानिया की संसद के अध्यक्ष
तंजानिया की संसद ने 153वीं आईपीयू सभा का औपचारिक उद्घाटन समारोह भी आयोजित किया। तंजानिया गणराज्य की राष्ट्रपति महामहिम डॉ. सामिया सुलुहू हसन ने समारोह को संबोधित किया और 153वीं सभा के शुभारंभ की घोषणा की।
राज्यसभा के माननीय उपसभापति और संसद सदस्यों श्रीमती अपराजिता सारंगी, श्री अनुराग सिंह ठाकुर, श्री एनके प्रेमचंद्रन और डॉ. सस्मित पात्रा ने उद्घाटन समारोह में भाग लिया तथा तंजानिया सरकार के विदेश मंत्री सहित विभिन्न मंत्रियों से वार्ता की।
****
पीके/केसी/आरटी/केके/ओपी
(रिलीज़ आईडी: 2319510)
आगंतुक पटल : 106