उप राष्ट्रपति सचिवालय
उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने भारत मंडपम में आईसीएसआई के 58वें स्थापना दिवस को संबोधित किया
"सुशासन एक अदृश्य बुनियादी ढांचा है जो निवेशकों के विश्वास को बनाए रखता है": उपराष्ट्रपति
"कंपनी सचिव गवर्नेंस के संरक्षक और भारतीय उद्योग जगत के ट्रस्ट आर्किटेक्चर के केंद्र हैं": उपराष्ट्रपति
"आईसीएसआई, आईसीएआई और आईसीएमएआई एक विकसित भारत के प्रमुख संस्थागत स्तंभ हैं": उपराष्ट्रपति
“प्रौद्योगिकी निर्णय लेने की प्रक्रिया में बदलाव ला सकती है, लेकिन ईमानदारी और जवाबदेही का दायित्व मानव का ही रहता है”: उपराष्ट्रपति
प्रविष्टि तिथि:
04 OCT 2026 2:54PM by PIB Delhi
उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) के 58वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित किया। पूरे आईसीएसआई समुदाय को बधाई देते हुए उन्होंने पारदर्शी, नैतिक और समावेशी कॉरपोरेट प्रशासन को मजबूत करने में लगभग छह दशक की यात्रा के लिए संस्थान की सराहना की।
श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि संस्थान का परिवर्तन पेशे के विकास को दर्शाता है, जिसकी आज कॉर्पोरेट पारदर्शिता, निवेशकों के विश्वास और वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उन्नत डेटा एनालिटिक्स और तेजी से विकसित हो रहे व्यापार मॉडल द्वारा आकार दिए गए युग में, उपराष्ट्रपति ने कंपनी सचिवों से "गवर्नेंस के संरक्षक" के रूप में भारतीय उद्योग जगत की कानूनी, रणनीतिक और नैतिक नींव को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "प्रौद्योगिकी सूचना उत्पन्न करने और निर्णयों का समर्थन करने के तरीके को बदल सकती है, लेकिन ईमानदारी, जवाबदेही, पारदर्शिता और जिम्मेदारी मानव की बनी रहती है। "
विश्वास, पारदर्शिता और कॉर्पोरेट प्रशासन को आधुनिक अर्थव्यवस्था का "अदृश्य बुनियादी ढांचा" बताते हुए, श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि निरंतर आर्थिक प्रगति के लिए निवेशकों का विश्वास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कंपनी सचिव इस संरचना के केंद्र में हैं और उद्यमों, स्टार्ट-अप, पारिवारिक व्यवसायों और सूचीबद्ध कंपनियों को जिम्मेदारी से बढ़ने में सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मजबूत संस्थान और मजबूत शासन उतना ही महत्वपूर्ण होगा जितना कि भौतिक और डिजिटल बुनियादी ढांचा। उन्होंने विकसित भारत @2047 की दिशा में भारत की यात्रा में आईसीएआई, आईसीएमएआई और आईसीएसआई की पूरक भूमिका को रेखांकित किया और इन पेशेवर संस्थानों को एक मजबूत कॉर्पोरेट और आर्थिक इको सिस्टम के प्रमुख स्तंभ बताया।
युवाओं के लिए पेशे में प्रवेश करने के अधिक अवसरों का आह्वान करते हुए, श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने आईसीएसआई की शुल्क-माफी पहल की सराहना की और छात्रों तक निरंतर पहुंच का आग्रह किया। उन्होंने एमएसएमई अनुपालन कैलेंडर 2027 लॉन्च किया और आईसीएसआई एमएसएमई और स्टार्ट-अप उत्प्रेरक सहित एमएसएमई और स्टार्ट-अप के लिए आईसीएसआई की पहल की सराहना की। उन्होंने शहीद की बेटी पहल के अंतर्गत राष्ट्रीय रक्षा कोष और रक्षा मंत्रालय के सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष में आईसीएसआई के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा, "जब इरादा अच्छा होगा, तो सब कुछ अच्छा होगा।
" अंत में, उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने आईसीएसआई से पेशे में जताए गए विश्वास को बनाए रखने और एक मजबूत, आत्म-निर्भर और विकसित भारत @2047 के निर्माण में योगदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की आकांक्षा रखनी चाहिए, दूसरों को शर्तें निर्धारित करने के लिए नहीं, बल्कि "ताकि कोई भी हमें अवांछित शर्तें न सौंप सके। " उन्होंने “सत्यम वद, धर्मम चर” के शाश्वत लोकाचार का भी आह्वान किया और आईसीएसआई बिरादरी को इसके स्थापना दिवस पर बधाई दी।
इस अवसर पर आईसीएसआई के अध्यक्ष सी.एस. पवन चांडक; राज्यसभा की पूर्व सांसद डॉ. सोनल मानसिंह; आईसीएसआई के सचिव सी.एस. आशीष मोहन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
*****
पीके/केसी /केएल
(रिलीज़ आईडी: 2318890)
आगंतुक पटल : 110