युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ की युवाओं के नेतृत्व वाली गति पर प्रकाश डाला
प्रधानमंत्री ने ‘नशा-मुक्ति का संदेश’ और युवाओं के नेतृत्व वाले रचनात्मक संवाद की सराहना की
प्रविष्टि तिथि:
27 SEP 2026 4:54PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी में ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ में देश भर के युवाओं की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि लाखों युवाओं ने नशीले पदार्थों से दूर रहने का संकल्प लिया है और वे दूसरों में जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी का निर्वहन भी कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 100-सप्ताह तक चलने वाला ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा अभियान' वास्तव में ‘मेरा युवा भारत (माई भारत)’ और ‘राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से जुड़े स्वयंसेवकों के साथ-साथ विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और विभिन्न सामाजिक व आध्यात्मिक संगठनों को एकजुट करता है। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में इस अभियान के तहत देश भर में हजारों संकल्प समारोह और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
युवाओं के नेतृत्व वाले संवाद के महत्व को रेखांकित करते हुए, प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से ‘नशा-मुक्ति का संदेश’ पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी भाषाओं और अभिव्यक्ति के रचनात्मक तरीकों के जरिए नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ संदेश समुदायों तक पहुंचा रहे हैं।
‘मन की बात’ के जरिए युवाओं से इस अभियान में अपनी रचनात्मकता का योगदान देने की अपनी पिछली अपील को याद करते हुए, प्रधानमंत्री ने देश भर के युवाओं की ओर से प्राप्त उत्साहजनक प्रतिक्रिया की सराहना की। युवाओं को जागरूकता फैलाने में अपनी रचनात्मकता का सदुपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘माई भारत’ प्लेटफॉर्म के जरिए कई तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। इन प्रतियोगिताओं में गान, स्लोगन-लेखन और नुक्कड़-नाटक शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने #NashaMuktYuva हैशटैग का उपयोग करके रचनात्मक कंटेंट के जरिए इस अभियान के संदेश को फैलाने में युवाओं द्वारा सोशल मीडिया के बढ़ते सदुपयोग को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में संदेश, माध्यम और प्रेरक ऊर्जा की अगुवाई खुद युवा ही कर रहे हैं।
इस अभियान के तहत लोगों से संपर्क करने के प्रयासों को जारी रखते हुए, आने वाले दिनों में युवाओं के बीच स्वस्थ जीवन-शैली एवं समग्र कल्याण को बढ़ावा देने हेतु स्वास्थ्य-जांच और ध्यान शिविर जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जायेंगी।
‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा अभियान' को युवाओं में जागरूकता बढ़ाने, समुदाय की भागीदारी को प्रोत्साहित करने और नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ सामूहिक संकल्प को बढ़ावा देने हेतु 100-सप्ताह तक चलने वाले एक निरंतर अभियान के तौर पर लागू किया जा रहा है। माई भारत, एनएसएस, शिक्षण संस्थानों तथा सहयोगी संगठनों के जरिए, यह अभियान भारत के युवाओं की ऊर्जा व रचनात्मकता का सदुपयोग करके एक स्वस्थ एवं नशा-मुक्त पीढ़ी के निर्माण का प्रयास कर रहा है।
***
पीके/केसी/आरटी/आर
(रिलीज़ आईडी: 2315614)
आगंतुक पटल : 100