संस्‍कृति मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

नई दिल्ली में पहले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच का समापन, सदस्य देशों के बीच साझा विरासत की पुष्टि और सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करने पर बल

प्रविष्टि तिथि: 22 NOV 2026 6:12PM by PIB Delhi

पहले शंघाई सहयोग संगठन(एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच का आयोजन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जिसमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र(आईजीएनसीए) ने ज्ञान भागीदार के रूप में अपनी भूमिका निभाई। इस मंच का उद्घाटन भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 20 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में किया। इस मंच में 22 देशों के 116 प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें चार मंत्री और एससीओ के महासचिव श्री नूरलान येरमेकबायेव शामिल थे। इस आयोजन में उप-मंत्रियों, राजदूतों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, विद्वानों, विषय विशेषज्ञों, सांस्कृतिक प्रतिनिधियों और एससीओ सचिवालय के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

एससीओ क्षेत्र की विविध सभ्यतागत परंपराओं के बीच संवाद के एक मंच के रूप में परिकल्पित इस फोरम ने भाग लेने वाले देशों को अपने ऐतिहासिक अंतर्संबंधों पर विचार-विमर्श करने तथा यह समझने का अवसर प्रदान किया कि ये स्थायी संबंध समकालीन सांस्कृतिक सहयोग को किस प्रकार दिशा दे सकते हैं। तीन दिनों तक चले इस कार्यक्रम में उच्चस्तरीय विचार-विमर्श, विषयगत संवाद, विरासत से जुड़ी गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का समावेश किया गया।

20 नवंबर, 2026 – उद्घाटन सत्र

उद्घाटन दिवस के कार्यक्रम की शुरुआत एक सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हुई, जिसके बाद एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में पुराना किला में आयोजित दो प्रदर्शनियां भी शामिल थीं। “अस्तित्व – हमारे अस्तित्व का सार” प्रदर्शनी में दिल्ली की पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक परतों को प्रस्तुत किया गया, जबकि “महाभारत स्क्रॉल पवेलियन” में अठारहवीं शताब्दी की एक दुर्लभ सचित्र महाभारत पांडुलिपि प्रदर्शित की गई, जिसने भारत की पांडुलिपि एवं कलात्मक विरासत की झलक प्रस्तुत की।

अपने उद्घाटन संबोधन में, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि सभ्यतागत संवाद राष्ट्रों के बीच शांति, आपसी समझ और विश्वास को बढ़ावा देने में सार्थक योगदान दे सकता है। उन्होंने मध्य एशिया, चीन, दक्षिण-पूर्व एशिया और व्यापक यूरेशियाई क्षेत्र के साथ भारत के ऐतिहासिक सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख किया, जिन्हें व्यापार, विद्वत्ता, आध्यात्मिक यात्राओं तथा विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में विचारों और ज्ञान के आदान-प्रदान के माध्यम से पोषित किया गया है।

विभिन्न समाजों के बीच ज्ञान के प्रसार की ओर ध्यान दिलाते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पंचतंत्र, रामायण और गणितीय ज्ञान के प्रसार के साथ-साथ संगीत, वास्तुकला, आध्यात्मिक परंपराओं और कलात्मक अभिव्यक्ति में साझा प्रभावों का उल्लेख किया। उन्होंने एससीओ देशों से डिजिटल तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग, पांडुलिपियों एवं संग्रहों के डिजिटलीकरण, सहयोगात्मक अनुसंधान, संयुक्त प्रदर्शनियों, शैक्षणिक आदान-प्रदान, सांस्कृतिक पर्यटन तथा युवाओं के साथ व्यापक जुड़ाव जैसी समकालीन पहलों के माध्यम से इस विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उनके संबोधन में इस बात पर जोर दिया गया कि 'वसुधैव कुटुंबकम' का सभ्यतागत आदर्श पूरे क्षेत्र में साझेदारियों को मजबूत करने के लिए कितना प्रासंगिक है।

PM inaugurates First SCO Civilisational Dialogue Forum

21 नवंबर, 2026

दिन की शुरुआत “सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां” विषयक सत्र के साथ हुई, जिसकी अध्यक्षता भारत सरकार के माननीय संस्कृति मंत्री ने किया। भाग लेने वाले देशों के मंत्रियों और प्रतिनिधियों ने अपनी सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक अनुभवों तथा साझा हितों के क्षेत्रों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस विचार-विमर्श में मूर्त एवं अमूर्त विरासत के संरक्षण, संस्थागत संबंधों को सुदृढ़ करने, विद्वानों और कलाकारों के बीच संवाद को प्रोत्साहित करने तथा संयुक्त अनुसंधान एवं दस्तावेजीकरण को आगे बढ़ाने के महत्व पर विशेष रूप से जोर दिया गया।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा “एक साझा सांस्कृतिक परिदृश्य– एससीओ देशों के बीच कलात्मक एवं वास्तुशिल्पीय आदान-प्रदान” शीर्षक से एक विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के कला एवं वास्तुकला परिदृश्य को आकार देने वाले अनेक ऐतिहासिक संपर्कों का अध्ययन किया गया। इस दौरान प्रागैतिहासिक एवं कांस्य युग के संबंधों, बौद्ध कला एवं वास्तुकला, सिल्क रूट के माध्यम से हुए आदान-प्रदान, भारत-फारसी प्रभावों और समुद्री संपर्कों पर व्यापक चर्चा हुई। साथ ही, विरासत संरक्षण और डिजिटल दस्तावेजीकरण के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Image

प्रतिनिधिमंडल ने, माननीय संस्कृति मंत्री के साथ, किला राय पिथौरा सांस्कृतिक परिसर में “प्रकाश और कमल: जागृत बुद्ध के पवित्र अवशेष” प्रदर्शनी का दौरा किया। इस दौरे से भारत की बौद्ध विरासत तथा उन व्यापक एशियाई संपर्कों से परिचित होने का अवसर मिला, जिनके माध्यम से बौद्ध विचारों, कला और पवित्र अवशेषों से जुड़ी परंपराओं का प्रसार हुआ। दिनभर के कार्यक्रम का समापन संगीत नाटक अकादमी द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसके बाद रात्रिभोज का आयोजन किया गया।

Image

22 नवंबर, 2026

अंतिम दिन के विचार-विमर्श में दो प्रमुख विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया: “भाषा, साहित्य, लिपि एवं पांडुलिपि परंपराएं” और “मठवासी मार्ग– धार्मिक एवं दार्शनिक परंपराएं”। पहले सत्र में भाषाओं, लिपियों, पांडुलिपियों और साहित्यिक विरासत के संरक्षण के विभिन्न दृष्टिकोणों के साथ-साथ पीढ़ियों और भौगोलिक सीमाओं के पार ज्ञान के हस्तांतरण पर चर्चा की गई। दूसरे सत्र में आस्था और दर्शन की यात्राओं तथा एससीओ क्षेत्र में धार्मिक संस्थानों, शिक्षा केंद्रों और समुदायों को जोड़ने वाले ऐतिहासिक संबंधों का अध्ययन किया गया।

Image

इन चर्चाओं ने भाग लेने वाले देशों को साझा प्राथमिकताओं की पहचान करने तथा संरक्षण, अनुसंधान, दस्तावेजीकरण, शैक्षणिक सहभागिता और सांस्कृतिक साझेदारियों के क्षेत्र में सहयोग के व्यावहारिक उपायों पर विचार करने का अवसर प्रदान किया।

इस फोरम के परिणामस्वरूप, तीन दिनों के विचार-विमर्श से उभरकर सामने आए प्रमुख विषयों, दृष्टिकोणों और सहमति के क्षेत्रों को संकलित करने के लिए ‘इंद्रप्रस्थ विज्ञप्ति’ तैयार की गई। इसमें फोरम के दौरान हुई चर्चाओं को प्रतिबिंबित किया गया और इसे एससीओ देशों के बीच निरंतर संवाद एवं सांस्कृतिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक उपयोगी संदर्भ दस्तावेज के रूप में तैयार किया गया है।

‘इंद्रप्रस्थ विज्ञप्ति’ यहाँ पढ़ें

दिन के विचार-विमर्श के समापन पर प्रतिनिधियों को भारत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रमुख प्रतीक लाल किले का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद लाल किले में ‘जय हिंद’ लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया जाएगा, जो प्रतिनिधियों को इस ऐतिहासिक स्मारक के इतिहास और भारत की राष्ट्रीय विरासत में इसके महत्व की जीवंत एवं रोचक झलक प्रस्तुत करेगा।

इस फोरम ने एससीओ देशों के बीच आपसी समझ को गहरा करने और स्थायी संबंधों के निर्माण के माध्यम के रूप में निरंतर सभ्यतागत सहभागिता के महत्व की पुष्टि की। ऐतिहासिक संबंधों को समकालीन अवसरों के साथ जोड़कर, इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में सांस्कृतिक सहयोग को नई गति प्रदान की है।

‘इंद्रप्रस्थ विज्ञप्ति’ यहाँ पढ़ें।

***

पीके/केसी/आरटी/पीकेपी/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2340068) आगंतुक पटल : 72
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Assamese , Gujarati , Tamil