प्रविष्टि तिथि:
19 NOV 2026 1:47PM by PIB Delhi
14वां भारतीय मत्स्य एवं जलीय कृषि सम्मेलन (14 आईएफएएफ) ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद –केंद्रीय मीठाजल जलीय कृषि संस्थान (आईसीएआर-सीआईएफए) में आरंभ हुआ। 18 से 20 नवंबर, 2026 तक चलने वाला तीन दिवसीय यह सम्मेलन मत्स्य पालन और जलीय कृषि के क्षेत्र में प्रमुख अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन है। इसका संयुक्त रूप से एशियन फिशरीज सोसाइटी, इंडियन ब्रांच (एएफएसआईबी), आईसीएआर-सीआईएफए, केन्द्रीय मत्स्य पालन विभाग, राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (एनएफडीबी), ओडिशा सरकार के मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विकास विभाग तथा जलकृषि विशेषज्ञ संघ द्वारा आयोजन किया जा रहा है।

जलीय कृषि और मत्स्य पालन में बदलाव: विज्ञान और समाज के बीच सेतु निर्माण विषय पर आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक ज्ञान संवर्धन, तकनीकी नवाचारों को प्रोत्साहित करना तथा अनुसंधानकर्ताओं, नीति निर्माताओं, उद्योग पक्षधारकों और मत्स्य पालन से जुड़े समुदायों के बीच सहयोग को मजबूत बनाना है।
बैंकॉक स्थित एशिया-प्रशांत जलीय कृषि केंद्रों के नेटवर्क (एनएसीए) के महानिदेशक डॉ. एडुआर्डो लियानो ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में जलीय कृषि क्षेत्र में बदलाव के लिए नवाचार और प्रौद्योगिकी अपनाने में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
आईसीएआर के उप महानिदेशक (मत्स्य विज्ञान) डॉ. जे. के. जेना ने उन्नत अनुसंधान में अधिक ध्यान देने और सुदृढ़ मूल्य श्रृंखला विकसित करने के महत्व पर जोर दिया। राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी डॉ. बी. के. बेहरा ने मछुआरों की आजीविका बेहतर बनाने के लिए मत्स्य सहकारी समितियों को सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। हरियाणा के कुंडली स्थित राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (एनआईएफटीईएम) के पूर्व कुलपति डॉ. सी. वासुदेवप्पा ने मछली की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं में इसकी मांग बढ़ाने के महत्व पर बल दिया।

अन्य विशिष्ट वक्ताओं में एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सतत मत्स्य पालन और जलीय संसाधन प्रबंधन से जुड़ एक अंतर-सरकारी संगठन- एनएसीए के पूर्व महानिदेशक डॉ. ए. ई. एकनाथ, एशियन फिशरीज सोसाइटी इंडियन ब्रांच के सचिव डॉ. के. एम. राजेश, आईसीएआर-सीआईएफई, मुंबई के पूर्व निदेशक डॉ. दिलीप कुमार तथा एनआईटीटीई विश्वविद्यालय, मंगलुरु के संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन संदर्भ केंद्र के सलाहकार डॉ. आई. करुणासागर शामिल रहें। उन्होंने मत्स्य पालन और जलीय कृषि के क्षेत्र में उभरती प्राथमिकताओं, अनुसंधान प्रगति तथा भविष्य की संभावनाओं चर्चा की।
आईसीएआर-सीआईएफए के निदेशक एवं सम्मेलन के संयोजक डॉ. पी. के. साहू ने गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए विज्ञान, उद्योग और किसानों के बीच संबंध प्रगाढ़ बनाने, अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने तथा अनुसंधान के परिणामों को मत्स्य कृषि समुदाय के लिए व्यावहारिक समाधानों में बदलने के महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में भारत और छह अन्य देशों के हजार से अधिक मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। इनमें वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, नीति निर्माता, उद्यमी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और मत्स्य पालक शामिल हैं।
तीन दिवसीय सम्मेलन में सतत मत्स्य प्रबंधन, जलीय पारिस्थितिकी तंत्र संरक्षण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल, जीनोम एडिटिंग (किसी जीव के डीएनए में सटीक बदलाव की आधुनिक जैव प्रौद्योगिकी) सटीक जलीय कृषि, उन्नत प्रजनन प्रौद्योगिकियां, मत्स्य आहार के विकास, जलीय जीवों का स्वास्थ्य और आनुवंशिक सुधार संबंधी प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी।
सम्मेलन के साथ ही आयोजित प्रदर्शनी लगाई गई है जिसमें 20 एजेंसियां मत्स्य पालन और जलीय कृषि के क्षेत्र में अपनी प्रौद्योगिकी, नवाचार, उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित कर रही हैं। इस प्रदर्शनी से उद्योग जगत के हितधारकों, अनुसंधानकर्ताओं और मत्स्य किसानों को आपस में संवाद, तकनीकी समाधानों की संभावनाएं तलाशने तथा सहयोगात्मक साझेदारियां स्थापित करने का अवसर मिल रहा है। सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में वैज्ञानिक प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया। इस अवसर जलीय कृषि और मत्स्य पालन में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित मत्स्य वैज्ञानिकों को एसोसिएशन ऑफ एक्वाकल्चरिस्ट्स के फेलो पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य वैज्ञानिक विचारों और अनुभवों के आदान-प्रदान, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना तथा भारत के मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्षेत्र के सतत, समावेशी एवं प्रौद्योगिकी-आधारित विकास के लिए व्यावहारिक कदम की पहचान करना है।
***
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसवी