कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत 17 से 20 नवंबर 2026 तक केरल के कोच्चि में अंतर्राष्ट्रीय नारियल समुदाय (आईसीसी) के 62वें सत्र एवं मंत्रिस्तरीय बैठक की मेजबानी करेगा


इसका उद्देश्य नारियल उत्पादक देशों के बीच बेहतर सहयोग को बढ़ावा देना एवं वैश्विक नारियल उद्योग के सतत विकास की दिशा में सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना है

प्रविष्टि तिथि: 16 NOV 2026 3:29PM by PIB Delhi

भारत 17 से 20 नवंबर 2026 तक केरल के कोच्चि में अंतर्राष्ट्रीय नारियल समुदाय (आईसीसी) के 62वें सत्र एवं मंत्रिस्तरीय बैठक की मेजबानी करेगा। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त रूप से नारियल विकास बोर्ड (सीडीबी), कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार और इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित अंतर्राष्ट्रीय नारियल समुदाय (आईसीसी) द्वारा किया जा रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय नारियल समुदाय (आईसीसी) की स्थापना 1969 में एशिया और प्रशांत हेतु संयुक्त राष्ट्र का आर्थिक और सामाजिक आयोग (यूएन-ईएससीएपी) के तत्वावधान में की गई जो कि नारियल उत्पादक देशों का एक अंतर-सरकारी संगठन है। यह सदस्य देशों को एक साझा मंच प्रदान करता है, जहां वे वैश्विक नारियल क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श कर सकें, सहयोग एवं साझेदारी को बढ़ावा दे सकें तथा नारियल उद्योग के सतत विकास के अवसरों की तलाश कर सकें।

आईसीसी के 62वें सत्र में भारत सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री राम नाथ ठाकुर के साथ-साथ एशिया-प्रशांत क्षेत्र के आईसीसी सदस्य देशों के अन्य मंत्री एवं वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधों, वैज्ञानिकों, शोधकर्तों, उद्योग जगत के हितधारकों और अन्य प्रतिष्ठित प्रतिनिधों के भी शामिल होने की उम्मीद है।

कोच्चि में 17 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम का शुभारंभ भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री राम नाथ ठाकुर करेंगे। भारत सरकार के कृषि सचिव, श्री अतीश चंद्र (आईएएस) अध्यक्षीय भाषण देंगे।

जबकि विशेष संबोधन मार्शल द्वीप समूह के प्राकृतिक संसाधन एवं वाणिज्य मंत्री माननीय एंथनी मुलर; किरिबाती के पर्यटन, वाणिज्य, उद्योग एवं सहकारिता मामलों के एसोसिएट मंत्री माननीय तंगरीकी रीते; और समोआ के कृषि एवं मत्स्य पालन के एसोसिएट मंत्री माननीय आयोलुपोटिया मिसा टोनी आयोलुपो देंगे।

उद्घाटन समारोह के भाग के रूप में, नारियल क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए तीन श्रेणियों में 'आईसीसी प्रशंसा पट्टिका' प्रदान की जाएंगी जिनमें पहला सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय नारियल किसान, दूसरा उत्कृष्ट नारियल वैज्ञानिक/शोधकर्ता और तीसरा सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय नारियल उद्यमी शामिल हैं।

चार दिवसीय सत्र एवं मंत्रिस्तरीय बैठक में सदस्य देशों को एक महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा जिसमें वे वैश्विक नारियल उद्योग से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श कर सकेंगे, अपने अनुभव एवं सर्वोत्तम कार्य-पद्धतियों को साझा कर सकेंगे, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत कर सकेंगे और इस क्षेत्र में उभरती चुनौतियों से निपटने और अवसरों की प्राप्ति के लिए मिलकर काम करने के तरीकों पर चर्चा कर सकेंगे। इस बैठक से नारियल उत्पादक देशों के बीच बेहतर सहयोग को बढ़ावा मिलने एवं वैश्विक नारियल उद्योग के सतत विकास में सामूहिक प्रयासों के मजबूत होने की उम्मीद है।

******

पीके/केसी/आरटी/एके


(रिलीज़ आईडी: 2337138) आगंतुक पटल : 44
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Assamese , Tamil , Malayalam