उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

देश में किफायती कीमतों पर प्याज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है


खरीफ सीजन की नई प्याज की आवक में तेजी आई

देश भर में प्याज की मंडी और खुदरा कीमतों में व्यापक गिरावट देखी गई

बफर स्टॉक की बिक्री का विस्तार 123 शहरों तक किया गया, जिसमें 8 ‘कांदा एक्सप्रेस’ और 467 ट्रक शामिल हैं

सरकार ने बफर स्टॉक से प्याज को चरणबद्ध और रणनीतिक तरीके से जारी करने का दायरा बढ़ाया

प्रविष्टि तिथि: 07 OCT 2026 5:57PM by PIB Delhi

प्याज की उपलब्धता और खरीफ प्याज की स्थिति

खरीफ सीजन में प्याज की खेती का रकबा बढ़ने, अनुकूल फसल परिस्थितियों, बाजार में अच्छी आवक और खरीफ सीजन की नई फसल की आपूर्ति शुरू होने से प्याज की उपलब्धता में काफी सुधार हुआ है, जिससे बाजार को समर्थन मिल रहा है। आपूर्ति की स्थिति में सुधार से मंडियों और प्रमुख उपभोक्ता बाजारों में प्याज की कीमतों में व्यापक गिरावट दर्ज की जा रही है।

कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और राजस्थान सहित प्रमुख उत्पादक राज्यों से खरीफ सीजन की नई प्याज की आवक शुरू हो गई है, और भंडारित स्टॉक से बाजार की मांग पूरी की जा रही है। आने वाले हफ्तों में इन उत्पादक क्षेत्रों से आवक बढ़ने की संभावना है, जिससे आगामी त्योहारी सीजन के दौरान उपभोक्ता बाजारों में उपलब्धता में सुधार होगा।

खरीफ फसल के उत्पादन का अनुमान उत्साहजनक है। पूरे भारत में खरीफ प्याज की खेती का रकबा पिछले साल के उच्च स्तर से लगभग 5 प्रतिशत अधिक रहने का अनुमान है, और प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में फसल की स्थिति भी अनुकूल बनी हुई है। कटाई के समय भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का बारिश का पूर्वानुमान भी फसल के लिए अनुकूल है; आने वाले हफ्तों में खरीफ प्याज के प्रमुख क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे प्याज की कटाई, सुखाने और लाने-ले जाने में आसानी होगी और नमी के कारण फसल खराब होने का जोखिम भी कम होगा।

महाराष्ट्र में प्याज मंडी का भाव

आपूर्ति के बेहतर होने का प्रभाव मंडी की कीमतों पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। प्रमुख प्याज बाजारों में आवक अच्छी बनी हुई है, जिससे महाराष्ट्र में भारित औसत मंडी भाव 16 सितंबर के लगभग ₹4,030 प्रति क्विंटल से करीब 13 प्रतिशत घटकर 3 अक्टूबर को लगभग ₹3,475 प्रति क्विंटल रह गया। मंडी भावों में निरंतर कमी इस बात का संकेत है कि बाजार में आवक बढ़ने से आपूर्ति की स्थिति बेहतर हो रही है।

प्याज की खुदरा कीमत की स्थिति

खुदरा बाजारों में भी कीमतें कम होती दिख रही हैं। पिछले दो हफ्तों में 126 शहरों में प्याज़ की खुदरा कीमतों में ₹1 से ₹21 प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई है। तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे प्याज की ज्यादा खपत वाले राज्यों में भी कीमतों में कमी देखी गई है। भौगोलिक रूप से फैले बाजारों में कीमतों में आई इस व्यापक गिरावट से पता चलता है कि यह सुधार सिर्फ कुछ मंडियों या क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि देश भर में प्याज की उपलब्धता बेहतर होने का संकेत है।

सरकारी बफर स्टॉक को रणनीतिक रूप से जारी किया गया

सरकार बफर स्टॉक से प्याज जारी करके उपभोग केंद्रों पर आपूर्ति बढ़ा रही है। अब तक, सरकार ने 123 शहरों में 8 'कांदा एक्सप्रेस' और 467 ट्रकों के जरिए 2 लाख क्विंटल से अधिक प्याज की आपूर्ति की है। साथ ही, सरकार अतिरिक्त रेल रैक लगाने की योजना बना रही है ताकि अधिक मात्रा में प्याज उन बाज़ारों तक पहुंच सके, जहां इसकी खपत ज्यादा है। त्योहारी सीजन को देखते हुए इन प्रयासों को और सुदृढ़ किया जा रहा है तथा आपूर्ति वितरण की गति व दक्षता को बेहतर बनाने के लिए और रेलगाड़ियां चलाने की योजना बनाई जा रही है।

बाज़ार को कई स्रोतों से प्याज की आपूर्ति मिल रही है, जिसमें खरीफ सीजन की नई आवक, भंडारित स्टॉक से उपलब्धता और उपभोग केंद्रों तक बफर प्याज का निरंतर पहुंचना शामिल है। सरकार आवक, स्टॉक और कीमतों में उतार-चढ़ाव पर कड़ी नजर रख रही है और जहां भी आवश्यक हो, व्यवस्थित वितरण और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठा रही है।

कुल मिलाकर, अधिक खरीफ रकबा, अनुकूल फसल परिस्थितियां, कटाई के लिए अनुकूल मौसम, मंडियों में भरपूर आवक और खुदरा कीमतों में व्यापक गिरावट आने वाले हफ्तों में प्याज की पर्याप्त उपलब्धता का संकेत देती है। त्योहारी सीजन से पहले खरीफ सीजन की नई प्याज की आपूर्ति में और तेजी आने तथा सरकारी वितरण प्रयासों के मजबूत होने से आपूर्ति की स्थिति बेहतर रहने तथा कीमतों में और कमी आने की उम्मीद है।

***

पीके/केसी/आरटी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2320416) आगंतुक पटल : 25
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati , Telugu , Kannada , Malayalam